प्रेम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
प्रेम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 10 मई 2026

मातृदिवस, दस मई को ही क्यों

माता के समान कोई छाया नहीं, माता के समान कोई सहारा नहीं, माता के समान कोई रक्षक नहीं, माता के समान कोई शिक्षक नहीं और माता के ममत्व के समान कोई चीज नहीं है। उसके बारे में जितना भी कहा जाए कम है, उसका ऋण कभी भी नहीं चुकाया जा सकता ! ऐसा कहा गया है कि भगवान हर स्थान पर मदद करने नहीं पहुंच सकते, इसलिए उन्होंने माँ को बनाया। इसीलिए माँ  को भगवान का स्वरुप माना गया है 🙏🙏     

#हिन्दी_ब्लॉगिंग 

माँ ! जो सिर्फ देना जानती है, लेना नहीं ! उसकी ममता का, निस्वार्थ प्रेम का कोई ओर-छोर नहीं होता। सागर से गहरे, धरती से सहनशील और आकाश से भी विशाल उसके स्नेहसिक्त आँचल में तो तीनों लोक समाए रहते हैं। माँ इस धरती पर ईश्वर का प्रत्यक्ष रूप है। जिस घर में माँ खुश रहती है, वहां खुशियों का खजाना कभी खाली नहीं होता। कोई कष्ट, कोई व्याधि, कोई मुसीबत नहीं व्यापति ! अपने बच्चों को खुश देख खुश रह लेने वाली माँ अपनी खुशी के एवज में भी बच्चों की खुशी ही मांगती है !

माँ ! जिसके बिना इस दुनिया की कल्पना नहीं की जा सकती, उसी के लिए हमने एक दिन निर्धारित कर दिया ! माँ या उसका ममत्व कोई चीज या वस्तु नहीं है कि उसके संरक्षण की जरुरत हो ! नाहीं वह कोई त्यौहार या पर्व है कि चलो एक दिन मना लेते हैं ! अरे ! जब भगवान के लिए कोई दिन निर्धारित नहीं है, तो फिर माँ के लिए क्यों ? भगवान भी माँ से बड़ा नहीं होता ! वह तो खुद माँ के चरणों में पड़ा रह कर खुद को धन्य मानता है

ममत्व तो ईश्वर को भी चाहिए 
माँ ! उसको कोई फर्क नहीं पड़ता कि उसके लिए कोई खास दिन निर्धारित किया गया है कि नहीं ! उसे न तोहफों की लालसा होती है नाहीं उपहारों की ख्वाहिश। मिल जाएं तो ठीक, ना मिलें तो और भी ठीक। वह तो निस्वार्थ रह बिना किसी चाहत के अपना प्यार उड़ेलती रहती है ! खुशी में सबके साथ खुश और दुःख में  ढाढस दे आंसू पोछंती ! वह भगवान से भले ही नाखुश हो जाए पर अपने बच्चों के लिए उसके मुख पर सदा आशीष ही रहती है। इसीलिए ऊपर वाले से कुछ मांगना हो तो सदा हमें अपनी माँ की सलामती मांगनी चाहिए ! हमारे लिए तो माँ हर वक़्त दुआ मांगती ही रहती है !

ममता 
माँ ! जैसे विशाल, अद्वितीय, अप्रतिम, दैवीय व्यक्तित्व के लिए एक दिन का निर्धारण ! इस बात को लेकर कई बार हम भावुक और आक्रोशित भी हो जाते हैं ! पर मई माह के दूसरे रविवार को मातृ दिवस मनाने के पीछे भी एक बेटी की अपनी माँ के प्रति अटूट प्रेम, सम्मान और सामाजिक सुधार की भावना काम कर रही थी ! उस बेटी का नाम है, एना मारिया जार्विस ! एना की मां का निधन 9 मई 1905 को हुआ था, जो उस वर्ष मई का दूसरा रविवार था, इसीलिए मई के दूसरे रविवार को ही ''मदर्स डे'' मनाने की परंपरा शुरू हुई !

एना जार्विस 
माँ ! ऐन रीव्स जार्विस अमेरिका के वेस्ट वर्जीनिया में रहते हुए समाज सेवा से जुड़ी हुई थीं। वह महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए लगातार काम करती रहती थीं। एक तरह से उन्होंने अपना जीवन खपा दिया था, जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों के लिए ! एना अपनी माँ से बहुत प्रभावित थीं और उनसे बेहद प्यार करते हुए अपना प्रेरणास्रोत मानती थी ! ऐसा कहा जाता है कि ऐन रीव्स की यह इच्छा थी कि माँओं के सम्मान में एक दिन मनाया जाना चाहिए। इसीलिए अपनी मां की इच्छा को पूरा करने के लिए एना ने एक अभियान चलाया, लोग जुड़ते गए और पहली बार 10 मई 1908 को मदर्स डे मनाया गया ! इसे आधिकारिक रूप देने के प्रयास चलते रहे और साल 1914 में अमेरिका के राष्ट्रपति ने मई के दूसरे रविवार को आधिकारिक रूप से मदर्स डे घोषित कर दिया। इसके बाद मदर्स डे पूरी दुनिया में मशहूर होता चला गया। 

मातृदिवस का ऐतिहासिक चिन्ह 
माँ ! ऐन रीव्स जैसी माँओं के सम्मान के लिए निर्धारित दिन का बाजार के कारोबार का जरिया बनता देख खुद एना इस दिन के खिलाफ हो गईं थीं ! उन्होंने कई जगह विरोध प्रदर्शन भी किए और लोगों से अपील की कि मदर्स डे को केवल औपचारिक रूप या दिखावे के लिए ना मनाएं ! उनका मानना था कि माँओं को उपहार नहीं सिर्फ सच्चा प्यार और सम्मान चाहिए। बाद में मदर्स डे को खत्म करने तक की मुहिम शुरू कर दी थी ! 

ममत्व 
पर बाजार तो बाजार है, उसने हर पावन त्यौहार, समारोह, परंपरागत उत्सव सभी को अपनी गिरफ्त में ले लिया है और लेता जा रहा है............!

@सभी चित्र अंतर्जाल के सौजन्य से 

शुक्रवार, 19 सितंबर 2025

बाबा हरभजन सिंह, मृत्योपरांत भी देश सेवा में लीन (वीडियो सहित)

समय-समय पर वे सपने में आ कर, अपने सैनिकों को सतर्क करते रहते हैं। कई बार उन्होंने विषम परिस्थितियों के आने के पहले ही सेना को सचेत किया है ! उनकी सूचना हर बार पूरी तरह सही साबित हुई है ! पर वे खुद कभी दिखाई नहीं पड़ते ! पर दूसरी ओर चीनी सैनिकों का मानना है कि उन्होंने एकाधिक बार रात में बाबा हरभजन सिंह को घोड़े पर सवार होकर सीमा पर गश्त लगाते हुए देखा है ...........!    

#हिन्दी_ब्लागिंग 

क्या यह संभव है कि कोई सैनिक अपने देश से इतना प्रेम करता हो कि अपनी मृत्यु के पश्चात भी वह अपनी मातृभूमि की सुरक्षा के लिए सदा सचेत व तत्पर रहता हो ! शायद हाँ ! यहाँ शायद कहना भी शायद गलत होगा क्योंकि इस बात का प्रमाण हम नहीं विदेशी देश के सैनिक देते हैं ! भारत माँ के उस वीर सपूत का नाम है, हरभजन सिंह, जिन्हें मृत्योपरांत अब बाबा हरभजन सिंह के नाम से सादर याद किया जाता है !

बाबा हरभजन सिंह 

मंदिर
मंदिर में स्थित प्रतिमा 
अगस्त, 30, 1946 को पंजाब के गुजरांवाला में जन्मे हरभजन सिंह, बचपन से ही फौजी बनना चाहते थे ! उनकी इस अदम्य इच्छा का ही परिणाम था जिससे 9, फरवरी 1966 को भारतीय सेना के पंजाब रेजिमेंट में एक सिपाही के तौर पर उनकी नियुक्ति हुई ! 1968 में उन्हें 23वें पंजाब रेजिमेंट के साथ पूर्वी सिक्किम के बार्डर पर तैनात किया गया।



उसी वर्ष की घटना है ! ऐसा कहा और माना जाता है कि 4, अक्टूबर 1968 को जब वे नाथुला दर्रे से डोंगचुई तक अपनी पोस्ट के लिए खच्चरों पर रसद लेकर जा रहे थे, तभी बदकिस्मती से उनका पैर फिसल गया और वे कई फुट नीचे नदी में जा गिरे, पानी का तेज बहाव उनके शरीर को बहा कर दूर ले गया। पांच दिनों की तलाश पर भी जब उनका पता नहीं चल पाया तो उन्हें लापता घोषित कर दिया गया !

दफ्तर और रेस्ट रूम 
कहा जाता है कि उन्होंने अपने साथी सैनिक प्रीतम सिंह के सपने में आकर अपनी मौत की खबर दी और यह भी बताया कि उनका शरीर कहाँ मिलेगा। प्रीतम सिंह की बात पर पहले तो किसी ने भी विश्वास नहीं किया पर शव भी नहीं मिल पा रहा था सो बताए गए स्थान पर गहन खोज की गई और ठीक उसी जगह हरभजन सिंह का पार्थिव शरीर मिल गया। सेना ने सम्मान पूर्वक उनका अंतिम संस्कार किया ! इसके कुछ दिनों के बाद प्रीतम सिंह को एक बार फिर सपने में आ कर हरभजन जी ने अपनी समाधि बनाने की इच्छा व्यक्त की ! उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए सेना के उच्च अधिकारियों ने “छोक्या छो” नामक स्थान पर उनकी समाधि बनवा दी ! 


समाधि बनने के बाद अजीबोगरीब वाकए होने लगे ! ऐसा लगने लगा जैसे मृत्यु के बाद भी हरभजन सिंह अपनी ड्यूटी करते हुए चीनी सेना की गतिविधियों पर नजर रखते हैं और समय-समय पर सपने में आ कर अपने सैनिकों को सतर्क करते रहते हैं। कई बार उन्होंने विषम परिस्थितियों के आने के पहले ही सेना को सचेत किया है ! उनकी सूचना हर बार सही साबित हुई है ! पर वे खुद कभी दिखाई नहीं पड़ते ! पर दूसरी ओर चीनी सेना ने बॉर्डर पर घोड़े पर सवार किसी जवान को अपनी निगरानी करते हुए पाया है ! इन बातों की पुष्टि सैन्य अधिकारीयों ने भी की है ! भारतीय सेना के जवान उन्हें ''नाथुला के नायक'' के रूप में याद करते हैं ! 

 


समाधि स्थल 
इन सब बातों के चलते, सेना द्वारा एक अद्भुत निर्णय लिया गया ! उसके द्वारा उन्हें मरणोपरांत कैप्टन की उपाधि से सम्मानित किया गया और बाकी सैनिकों की तरह हरभजन सिंह जी को भी वेतन, दो महीने की छुट्टी, इत्यादि सुविधाएं दी जाने लगीं ! दो महीने की छुट्टी के दौरान उनके घर जाने के लिए ट्रेन में दो सहायकों के साथ उनकी सीट बुक करवाई जाने लगी ! सेना के जवान बताते हैं कि बाबा को ड्यूटी पर कोई भी गफलत बर्दास्त नहीं है, जब कभी किसी सिपाही की सीमा पर पहरा देते वक्त आंख लग जाती है तो उनको अदृश्य चाटें भी पड़ते हैं, जैसे कोई उन्हें जगा रहा हो !

पूजा स्थल 
लोगों में इस जगह को लेकर बढ़ती आस्था तथा उनकी सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय सेना ने 1982 में  9 किलोमीटर नीचे एक मंदिर बनवा दिया, जिसे अब बाबा हरभजन मंदिर के नाम से जाना जाता है।  हर साल हजारों लोग यहां दर्शन करने आते हैं। मंदिर में बाबा हरभजन सिंह के जूते और बाकी का सामन रखा गया है। भारतीय सेना के जवान इस मंदिर की चौकीदारी करते हैं ! वहां पर तैनात सिपाहियों का कहना है कि रोज उनके जूतों पर किचड़ लगा हुआ होता है और उनके बिस्तर पर सलवटें भी दिखाई पड़ती हैं, जैसे उस पर कोई सोया हो ! ‌

बाबा हरभजन सिंह जी का छोटी सी उम्र में परलोक-गमन के कारण उनकी देश सेवा की अदम्य इच्छा पूरी नहीं हो सकी ! इसीलिए शायद उन्होंने अपनी अल्पकालीन देश सेवा को दीर्घकालिक में तब्दील करने के लिए ही उस लोक में जाने के बजाए अशरीरी रूप में यहीं रह अपने को मातृभूमि के लिए समर्पित कर दिया ! आज उस घटना को घटे करीब 57 साल होने जा रहे हैं, लेकिन उनकी आत्मा आज भी भारतीय सेना के लिए अपना कर्तव्य निभा रही है। सेना भी उनको सदा आदर के साथ याद रखती है। उसी ने उन्हें 'बाबा' की उपाधि दी है। वे हमेशा अमर रहेंगे।

मंदिर और चीनी सीमा 
 
कुहासे से घिरा मंदिर 

यह मंदिर सिक्किम राज्य की राजधानी गंगटोक से 59 किलोमीटर की दूरी पर नाथुला दर्रे से 9 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, यानी एक तरह से चीनी सीमा से लगा हुआ है ! उनकी निगाह हम पर सदा बनी रहती है ! इसके अलावा यहां का मौसम बिल्कुल अप्रत्याशित है ! एक पल में सुहाना, दूसरे पल में शीत लहर ! कभी कुहासा इतना गहरा कि कुछ गज देखना भी दूभर हो जाता है ! इसलिए यात्रा के पहले समुचित तैयारी होनी चाहिए ! सेना द्वारा संचालित यहां एक गिफ्ट शॉप भी है, जहां से यादगार के तौर पर खरीदारी की जा सकती है ! 

जय हिन्द ! जय हिन्द की सेना !!

सोमवार, 18 अगस्त 2025

शौक या अत्याचार 😢(विडियो सहित)

कभी  आपने पिजंड़े में   कैद जानवरों  के  चेहरों को ध्यान से देखा है  ? जहां  हर जीव के  चेहरे पर छटपटाहट, बेबसी, निराशा, उदासी, थकावट,  उकताहट जैसे भाव  स्थाई हो कर रह गए होते हैं ! यहां आहार तो  इन्हें बिना किसी उपक्रम व परिश्रम  के मिल जाता है ! इसीलिए बिना दौड़-भाग के सिर्फ खाने और सोने के कारण उनकी शारीरिक क्रियाऐं दिन ब दिन शिथिल होती चली जाती हैं और ये समय से पहले बूढ़े, बीमार होते चले जाते हैं.........!       

#हिन्दी_ब्लागिंग 

इंसान सदा से एक फितरती प्राणी रहा है ! वह अपने आप को संसार के सभी जीवों से उत्कृष्ट मानता आया है ! उसे लगता है कि वही इस जगत का स्वामी है, बाकी सारे जीव-जंतु उसकी मिल्कियत हैं ! इतना ही नहीं यदि वह सक्षम व सशक्त भी हो जाए तो वह तो निरीह इंसानों तक को नहीं बख्शता,उनको अपना दास बना लेता है, जानवर क्या चीज हैं ! 

शौक की कीमत 
सी मानसिकता के चलते कई लोग अपने शौक की पूर्ती के लिए जानवरों के बच्चों को पालते हैं ! जिनमें कई खूंखार जंगली नस्लें भी होती हैं ! शौक-शौक है ! बस, उसे पूरा करने की क्षमता होनी चाहिए ! संसार में ऐसे सक्षमों की कोई कमी नहीं है ! 

जानवरों को पालना कोई बुरी बात नहीं है ! देश-विदेश में ऐसा वर्षों से होता आया है ! यदि पशु-पक्षी बेसहारा हो, अपने परिवार से बिछुड़ा हुआ हो या उसकी जान को खतरा हो तो उसकी रक्षा करना, उसका जीवन बचाना पुण्य का काम माना जाता है ! परंतु सिर्फ अपने शौक को पूरा करने के लिए जंगली जानवरों के शावकों, पशु-पक्षियों या अन्य जीवों को सिर्फ अपने मनोरंजन के लिए बंदी बनाना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं माना जा सकता ! 

स्नेह 
शुरू-शुरू में पशु शावकों और इंसानों में सौहार्द बना रहता है, बच्चों को दुलार, प्यार, सेवा, सुरक्षा सब मिलता है, परंतु जब वही शावक कुछ बड़े हो जाते हैं और उनमें उनकी नैसर्गिक क्षमताएं, आदतें और प्रवित्तियां उभरने लगती हैं तो इंसानों को वे अपने लिए खतरा लगने लगते हैं और उन्हीं से डर कर उन्हें पिंजड़ों में बंदी बना नारकीय जीवन जीने पर मजबूर कर दिया जाता है ! 


प्रताड़ना 
चिड़ियाघर भी कुछ ऐसी ही जगह है ! फर्क इतना ही है कि वहां शौक नहीं बल्कि इंसान के जानने, समझने के नाम पर बेकसूर जीवों को छोटे-बड़े पिजरों में आजन्म कैद कर रखा जाता है ! जहां सबसे बड़ी मुसीबत सरीसृप जाति को होती है जो अपने आकार से कहीं छोटे कांच के बक्सों में कैद होते हैं ! भले ही कुछेक जानवरों के बाड़े बड़े होते हैं पर कैद, कैद होती है। आजादी, आजादी !

                                                 

पराधीन सपनेहुं सुख नाहीं 
भी आपने इन कैदी जीवों के चेहरों को ध्यान से देखा है ? जहां हर जीव के चेहरे पर बेबसी, छटपटाहट, निराशा, उदासी, थकावट, उकताहट जैसे भाव स्थाई हो कर रह गए होते हैं ! यहां इन्हें आहार बिना किसी उपक्रम के मिल जाता है ! इसलिए बिना दौड़-भाग के सिर्फ खाने और सोने के कारण उनकी शारीरिक क्रियाऐं दिन ब दिन शिथिल होती चली जाती हैं और ये समय से पहले बूढ़े, बीमार होते चले जाते हैं ! 

                                                 

       
आजादी 
हालांकि हम सब में इस को लेकर थोड़ी बहुत जागरूकता तो आई है पर वह ना के बराबर है ! इन प्राणियों को भी प्रेम, प्यार, करुणा और आजादी की उतनी ही जरुरत है, जितनी कि हमें !  

@चित्र अनुज रंजन तथा अंतर्जाल के सौजन्य से  

बुधवार, 25 दिसंबर 2024

प्रेम, समर्पण, विडंबना

इस युगल के पास दो ऐसी वस्तुएं थीं, जिन पर दोनों को बहुत गर्व था। एक थी जिम की सोने की घड़ी, जो कभी उसके पिता और दादा के पास भी रह चुकी थी और दूसरे थे दैला के रेशमी सुनहरे घुटनों तक पहुँचते केश ! दैला ने अपने खूबसूरत केशों पर एक नजर डाली, एक सिहरन उसके पूरे शरीर में दौड़ गई। फिर किसी निष्कर्ष पर पहुँच उन्हें जूड़े का रूप दे, अपना बैग उठा वह वह शीघ्रता से दरवाजे से बाहर निकली और सीढियां उतर कर सड़क पर आ गई ............1

#हिन्दी_ब्लागिंग 

हम में से बहुतों ने प्रख्यात अमेरिकी लेखक विलियम सिडनी पोर्टर, जिन्हें ओ. हेनरी के नाम से ज्यादा जाना जाता है, की लोकप्रिय कहानी ''The Gift of the Magi'' पढ़ रखी होगी पर कईयों को शायद प्रेम और समर्पण की प्रतीक इस कहानी के बारे में जानकारी ना हो ! तो क्रिसमस के इस मौके पर आज ब्लॉग पर उसी कहानी का संक्षिप्त रूप रखने की कोशिश की है ! 

दैला अपनी आँखों में मजबूरी और बेबसी के आंसू भरे अपने बिस्तर पर औंधी पड़ी हुई थी। उसकी मुठ्ठी में थे, एक डॉलर और सत्तासी सेंट। जो जीवन की कशमकश से लड़ते हुए, खरीदारी में सौदेबाजी, कंजूसी और मन को मार-मार कर बचाए गए थे ! वह उन्हें तीन बार गिन चुकी थी, पर गिनने से रकम में बढ़ोत्तरी तो नहीं ना होती ! कल ही क्रिसमस है, उसे अपने प्रिय जिम को उपहार देना है, जिसकी योजना बनाने में उसने कई-कई दिन बिता दिए और उसकी जमा-पूंजी है एक डालर और सत्तासी सेंट। आंसू थे कि रुकने का नाम ही नहीं ले रहे थे ! सिमित आमदनी की मजबूरियां उस छोटे से कमरे में अपनी पूरी शिद्दत के साथ उजागर थीं। 

ओ. हेनरी 
ऐसा नहीं है कि जिम और दैला के दिन सदा से ऐसे ही थे, इस युगल ने भी अच्छे दिन देखे और बिताए हैं। पर समय सदा एक सा कहाँ रहता है ! पर उनके बीच का अटूट, प्रगाढ़ प्रेम का स्थाई भाव वैसा ही बना हुआ है। समय भले ही बदल गया हो पर दोनों एक दूसरे के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते। कुछ देर बाद दैला बिस्तर से उठी, आंसू पोछे। चेहरे पर पानी के छींटे मार प्रकृतिस्थ होने की कोशिश की। पर मुंह बाए सामने खड़ी कल की समस्या का कोई हल निकलता नहीं दिख रहा था ! कल क्रिसमस का त्यौहार है, इस दिन के लिए वह महीनों से एक-एक पैनी करके पैसे बचा रही है, पर जमा हो पाए हैं सिर्फ एक डॉलर और सत्तासी सेंट, इतनी सी रकम से वह कैसे अपने प्यारे जिम के लिए उपहार खरीद पाएगी, यह बात उसे परेशान किए जा रही थी !

समस्या से जूझती दैला को एकाएक कमरे में लगे आईने में अपनी शक्ल दिखाई दी। अपना अक्श देखते ही उसकी आँखें चमक उठीं। उसने शीघ्रता से अपने केशों को खोल लिया और अपनी पूरी लम्बाई तक उन्हें नीचे लटका दिया। इस युगल के पास दो ऐसी वस्तुएं थीं, जिन पर दोनों को बहुत गर्व था। एक थी जिम की सोने की घड़ी, जो कभी उसके पिता और दादा के पास भी रह चुकी थी और दूसरे थे दैला के रेशमी सुनहरे घुटनों तक पहुँचते केश ! दैला ने अपने खूबसूरत केशों पर एक नजर डाली, एक सिहरन उसके पूरे शरीर में दौड़ गई। फिर किसी निष्कर्ष पर पहुँच उन्हें जूड़े का रूप दे, अपना बैग उठा वह वह शीघ्रता से दरवाजे से बाहर निकली और सीढियां उतर कर सड़क पर आ गई।

दैला जहां पहुँच कर रुकी वहां लिखा था - "मैडम सोफ्रोनी - सभी प्रकार के केश प्रसाधनों की विक्रेता"। दैला लपककर एक मंजिल जीना चढ़ गई और अपने-आपको संभालते हुए सीधे दुकान की मालकिन से पूछा कि क्या आप मेरे बाल खरीदेंगी ? महिला ने कहा, "क्यों नहीं, यही तो हमारा धंधा है। जरा अपना हैट हटाकर मुझे आपके बालों पर एक नजर डालने दीजिये।"  दैला ने हैट हटाया, महिला ने अपने अभ्यस्त हाथों में केश राशि को उठा उसका आकलन कर कहा "बीस डॉलर।" "ठीक है। जल्दी कीजिये," दैला बोली। 

थोड़ी ही देर में उसके बाल कट चुके थे और वह दुकानों की खाक छान रही थी, जिम के उपहार के लिए। तभी उसे वह चीज मिल गई जिसकी उसको तलाश थी, वह थी जिम की सोने की घड़ी के लिए प्लेटिनम की चैन ! घर पहुँच दैला क्रिसमस की तैयारी में जुटी ही थी कि तभी जिम अंदर आया। आते ही उसकी दृष्टि दैला पर टिक गई ! उन नजरों में कुछ ऐसा था जिससे दैला डर सी गई, वह दौड़ कर उसके पास पहुंची और रुआँसी होकर कहने लगी - "मेरे प्यारे जिम, मेरी तरफ इस तरह मत देखो। मैंने अपने बाल सिर्फ इसलिए बेचे क्योंकि क्रिसमस पर तुम्हें उपहार दिए बिना मैं यह क्रिसमस नहीं मना सकती थी। बाल तो घर की खेती है, फिर उग आयेंगे। तुम बिलकुल चिंता मत करो, मेरे बाल बहुत तेजी से बढ़ते हैं। तुम्हें क्रिसमस मुबारक हो ! देखो, मैं तुम्हारे लिए कितनी सुन्दर घड़ी की चेन लाई हूँ ! जरा अपनी घड़ी तो देना, देखूँ तो यह उस पर कैसी लगती है ?

जिम जैसे किसी दूसरे संसार में था !  रहा था जैसे बहुत प्रयत्न करने पर भी वह सत्य को समझ ना पा रहा हो। फिर अचानक जैसे बेहोशी से जागते हुए उसने दैला को छाती से लगा लिया। उसने अपने ओवरकोट की जेब से एक पैकेट निकाला और उसे मेज पर रखा और बोला "मुझे गलत मत समझना दैला ! दुनिया की कोई भी चीज तुम्हारे प्रति मेरे प्यार को कम नहीं कर सकती। लेकिन अगर तुम इस पैकेट को खोलोगी तो तुम्हें मालूम होगा कि तुम्हें देखकर मैं क्यों स्तब्ध रह गया था !"

दैला ने तुरंत पैकेट खोला और उसके खुलते ही उसके मुँह से चीख निकल गई ! आँखों से आसुओं का सैलाब बह निकला ! मेज पर बिखरा हुआ था कछुए की हड्डी से बना कंघे-कंघियों का संग्रह, जिनके गोल किनारों पर जड़े हुए थे सुंदर चमकीले नग ! जिन्हें अपने बालों में सजाने का सदा से उसका सपना रहा था !  जिसको पाने के लिए वह सदा भगवान से प्रार्थना किया करती थी !

दैला अपने बालों को बेच जिस घड़ी के लिए चेन लाई थी उसी घड़ी को बेच जिम उसके बालों के लिए कंघों का सेट ले आया था ! अब दोनों ही उपहार किसी काम के नहीं थे ! जिम और दैला दोनों एक दूसरे को गले से लगाए आंसू बहाए जा रहे थे। ये आंसू गवाह थे उनके प्यार के, उनके समर्पण के, उनके त्याग के !

@आदरांजलि - ओ. हेनरी  

मंगलवार, 13 फ़रवरी 2024

मैं बसंत

बसंत के चेहरे पर स्मित हास्य था, बोला मैं तो हर साल आता हूँ। आदिकाल से ही जब-जब शीत ऋतु के मंद पड़ने और ग्रीष्म के आने की आहट होती है, मैं पहुंचता रहा हूँ। सशरीर ना सही पर अपने आने का सदा प्रमाण देता रहा हूँ ! आपने भी जरूर महसूस किया ही होगा कि मेरे आगमन से सरदी से ठिठुरी जिंदगी एक अंगडाई ले, आलस्य त्याग जागने लगती है। जीवन में मस्ती का रंग घुलने लगता है........!


#हिन्दी_ब्लागिंग 

अभी पौ फटी नहीं थी ! मौसम में ठंड की कुनकुनाहट थी ! रात में सोने में देर हो जाने के कारण अभी भी अर्द्धसुप्तावस्था की हालत बनी हुई थी, ऐसे में दरवाजे पर दस्तक सी सुनाई पड़ी ! सच और भ्रम का पता ही नहीं चल पा रहा था ! दोबारा आहट सी हुई लगा कि कोई है ! इस बार उठ कर द्वार खोला तो एक गौर-वर्ण अजनबी व्यक्ति को सामने खड़ा पाया ! आजकल के परिवेश से उसका पहनावा कुछ अलग था ! धानी धोती पर पीत अंगवस्त्र, कंधे तक झूलते गहरे काले बाल, कानों में कुंडल, गले में तुलसी की माला, सौम्य-तेजस्वी चेहरा, होठों पर आकर्षित कर लेने वाली मुस्कान ! इसके साथ ही जो एक चीज महसूस हुई वह थी एक बेहद हल्की सुवास, हो सकता है वह मेरे प्रांगण में लगे फूलों से ही आ रही हो, पर थी तो सही ! 
मेरे चेहरे पर प्रश्न सूचक जिज्ञासा देख उसने मुस्कुराते हुए कहा, अंदर आने को नहीं कहिएगा ?"

उनींदी सी हालत ! अजनबी व्यक्ति, सुनसान माहौल !! पर आगंतुक के व्यक्तित्व में कुछ ऐसा आकर्षण था कि ऊहापोह की स्थिति में भी मैंने एक तरफ हट कर उसके अंदर आने की जगह बना दी !

बैठक में बैठने के उपरांत मैंने पूछा, आपका परिचय नहीं जान पाया हूँ !"
  
वह मुस्कुराया और बोला, मैं बसंत !"

बसंत ! कौन बसंत ?"  इस चेहरे और नाम का कोई भी परिचित मुझे याद नहीं आ रहा था !

मैंने कहा, माफ कीजिएगा, मैं अभी भी आपको पहचान नहीं पाया हूँ !"

अरे भाई, वही बसंत देव, जिसके आगमन की खुशी में आप सब पंचमी मनाते हैं !"

मुझे अपने कानों पर विश्वास नहीं हो रहा था ! क्या कह रहा है सामने बैठा इंसान !! यह कैसे हो सकता है ?

घबराहट मेरे चेहरे पर साफ झलक आई होगी, जिसे देख वह बोला, घबराइए नहीं, मैं जो कह रहा हूँ, वह पूर्णतया सत्य है !" 

मेरे मुंह में तो जैसे जबान ही नहीं थी ! लौकिक-परालौकिक, अला-बला जैसी चीजों पर मेरा विश्वास नहीं था ! पर जो सामने था उसे नकार भी नहीं पा रहा था ! सच तो यह था कि मेरी रीढ़ में सिहरन की लहर सी उठने लगी थी ! एक आश्चर्य की बात यह भी थी कि जरा सी आहट पर टूट जाने वाली, श्रीमती जी की कच्ची नींद पर, मेरे उठ कर बाहर आने या हमारे बीच के  वार्तालाप की ध्वनि का अभी तक कोई असर तक नहीं हुआ था !

परिस्थिति से उबरने के लिए मैंने आगंतुक से कहा, ठंड है, मैं आपके लिए चाय का इंतजाम करता हूँ !" सोचा था इसी बहाने श्रीमती जी को उठाऊंगा, एक से भले दो ! 

पर अगले ने साफ मना कर दिया कि मैं कोई भी पेय पदार्थ नहीं लूंगा, आप बैठिए !" 

मेरे पास कोई चारा नहीं था। फिर भी कुछ सामान्य सा दिखने की कोशिश करते हुए मैंने पूछा, कैसे आना हुआ ?"

बसंत के चेहरे पर स्मित हास्य था, बोला मैं तो हर साल आता हूँ ! आदिकाल से ही जब-जब शीत ऋतु के मंद पडने और ग्रीष्म के आने की आहट होती है, मैं पहुंचता रहा हूँ ! सशरीर ना सही पर अपने आने का सदा प्रमाण देता रहा हूँ । आपने भी जरूर महसूस किया ही होगा कि मेरे आगमन से सरदी से ठिठुरी जिंदगी एक अंगडाई ले, आलस्य त्याग जागने लगती है! जीवन में मस्ती का रंग घुलने लगता है! सर्वत्र माधुर्य और सौंदर्य का बोलबाला हो जाता है ! वृक्ष नये पत्तों के स्वागत की तैयारियां करने लगते हैं ! सारी प्रकृति ही मस्ती में डूब जाती है ! जीव-जंतु, जड़-चेतन सब में एक नयी चेतना आ जाती है ! हर कोई एक नये जोश से अपने काम में जुटा नज़र आता है ! मौसम की अनुकूलता से मानव जीवन में भी निरोगता आ जाती है ! मन प्रफुल्लित हो जाता है, जिससे चारों ओर प्रेम-प्यार, हास-परिहास, मौज-मस्ती, व्यंग्य-विनोद का वातावरण बन जाता है ! इस मधुमास या मधुऋतु का, जिसे आपलोग फागुन का महीना कहते हो ! कवि, गीतकार, लेखक आकंठ श्रृंगार रस में डूब कर अपनी रचनाओं में चिरकाल से वर्णन करते आए हैं।"  इतना कह वह चुप हो गया। जैसे कुछ कहना चाह कर भी कह ना पा रहा हो। 

मैं भी चुपचाप उसका मुंह देख रहा था। उसके मेरे पास आने की वजह अभी भी अज्ञात थी।

वह मेरी ओर देखने लगा। अचानक उसकी आँखों में एक वेदना सी झलकने लगी थी। एक निराशा सी तारी होने लगी थी। 

उसने एक गहरी सांस ली और कहने लगा, पर अब सब धीरे-धीरे बदलता जा रहा है ! ऋतुएँ अपनी विशेषताएं खोती जा रही हैं, उनका तारतम्य बिगड़ता जा रहा है ! इसी से मनुष्य तो मनुष्य, पेड़-पौधों, जीव-जंतुओं को भी गफलत होने लगी है ! सबकी जैविक घड़ियों में अनचाहे, अनजाने बदलावों के कारण लोगों को लगने लगा है कि अब बसंत का आगमन शहरों में नहीं होता ! गलती उन की भी नहीं है ! बढ़ते प्रदूषण, बिगड़ते पर्यावरण, मनुष्य की प्रकृति से लगातार बढती दूरी की वजह से मैं कब आता हूँ, कब चला जाता हूँ, किसी को पता ही नहीं चलता ! जब कि मैं तो अबाध रूप से सारे जग में संचरण करता हूँ ! यह दूसरी बात है कि मेरी आहट प्रकृति-विहीन माहौल और संगदिलों को सुनाई नहीं पडती। दुनिया में यही देश मुझे सबसे प्यारा इसलिए है क्योंकि इसके हर तीज-त्यौहार को आध्यात्मिकता के साथ प्रेम और भाई-चारे की भावना से जोड़ कर मनाने की परंपरा रही है ! पर आज उस सात्विक उन्मुक्त वातावरण और व्यवहार का स्थान व्यभिचार, यौनाचर और कुठाएं लेती जा रही हैं ! भाईचारे, प्रेम की जगह नफरत और बैर ने ले ली है ! मदनोत्सव तो काम-कुंठाओं से मुक्ति पाने का प्राचीन उत्सव रहा है, इसे मर्यादित रह कर शालीनता के साथ बिना किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाए, बिना किसी को कष्ट या दुख दिए मनाने में ही इसकी सार्थकता रही है ! पर आज सब कुछ उल्टा-पुल्टा, गड्ड-मड्ड होता दिखाई पड़ रहा है ! प्रेम की जगह अश्लीलता, कुत्सित चेष्टाओं ने जगह बना ली है ! लोग मौका खोजने लगे हैं इन तीज-त्योहारों की आड़ लेकर अपनी दमित इच्छाओं, अपने पूर्वाग्रहों को स्थापित करने की !"
-------------------------------------------------------------------------------------------------------
Adv.
नेत्र शल्य चिकित्सा का बेहतरीन व विश्वसनीय केंद्र 
_____________________________________________________________________
कक्ष में सन्नाटा सा पसर गया ! लगा जैसे गहरी वेदना उसके अंदर घर कर बैठी हो ! कुछ देर के मौन के पश्चात वह मेरी ओर मुखातिब हो बोला, आज मेरा आपके पास आने का यही मकसद था कि यह समझा और समझाया जा सके सभी को कि यही वक्त है, गहन चिंतन का ! लोगों को अपने त्योहारों, उनकी विशेषताओं उनकी उपयोगिताओं के बारे में बताने का, समझाने का ! जिससे इन उत्सवों की गरिमा वापस लौट सके ! ये फकत एक औपचारिकता ना रह  जाएं, बल्कि मानव जीवन को सवांरने का उद्देश्य भी पूरा कर सकें !"

कमरे में पूरी तरह निस्तबधता छा गई ! विषय की गंभीरता के कारण मेरी आँखें पता नहीं कब स्वतः ही बंद हो गईं। पता नहीं इसमें कितना वक्त लग गया ! तभी श्रीमती जी की आवाज सुनाई दी कि रात सोने के पहले तो अपना सामान संभाल लिया करो ! कागज बिखरे पड़े हैं ! कंप्यूटर अभी भी चल रहा है ! फिर कुछ इधर-उधर होता है तो मेरे पर चिल्लाते हो ! हड़बड़ा कर उठा तो देखा आठ बज रहे थे ! सूर्य निकलने के बावजूद धुंध, धुएं, कोहरे के कारण पूरी तरह रौशनी नहीं हो पा रही थी !

मैंने इधर-उधर नजर दौड़ाई, कमरे में मेरे सिवा और कोई नहीं था ! ऐसे बहुत वाकये और कहानियां पढ़ी हुई थीं, जिनमें किसी अस्वभाविक अंत को सपने से जोड़ दिया जाता है, पर अभी जो भी घटित हुआ था, वह सब मुझे अच्छी तरह याद था ! मन यह मानने को कतई राजी नहीं था कि मैंने जो देखा, महसूस किया, बातें कीं, वह सब रात के आर्टिकल की तैयारी और थके दिमाग के परिणाम का नतीजा था ! कमरे में फैली वह सुबह वाली हल्की सी सुवास मुझे अभी भी किसी की उपस्थिति महसूस करवा रही थी........!!

सोमवार, 13 नवंबर 2023

इक झप्पी जादू वाली

भले ही झप्पी किसी फिल्म से मशहूर हुई हो पर इसका अस्तित्व सनातन है ! चाहे नृसिंह रूप में भगवान ने प्रह्लाद को गले लगा अभय दिया हो, चाहे श्रीराम ने हनुमान जी को गले लगा उन्हें आश्वस्त किया हो, चाहे प्रभु ने विभीषण का आलिंगन कर उसे भय मुक्त किया हो ! चाहे श्रीकृष्ण ने सुदामा को गले लगा उसको गरीबी के तनाव से मुक्त किया हो ! अब तो वैज्ञानिक भी मानने लगे हैं कि यदि आप पेड़-पौधों, लता-गुल्मों के पास जा उनसे ''बात-चीत'' करते हैं, उन्हें सहलाते हैं, उनका आलिंगन करते हैं तो उनका विकास  अन्य पौधों से बेहतर होता है ! जानवर तो सदा से ही प्यार भरे, स्नेहिल स्पर्श को खूब समझते रहे हैं ! पर एक बात का ख्याल जरूर रखें किसी को जबरदस्ती यह उपचार देने की कोशिश ना करें ! कहीं ऐसा ना हो कि आपकी इस कोशिश के बाद आपको ''किसी उपचार'' की जरुरत पड़ जाए.....................!

#हिन्दी_ब्लागिंग 

याद है मुन्ना भाई एमबीबीएस फिल्म का वह दृश्य जिसमें अस्पताल का एक कर्मचारी फर्श साफ कर रहा होता है और लोगों के बार-बार आने-जाने से सफाई बरकरार नहीं रह पा रही होती, जिससे वह गुस्से से भुनभनाता है, तो मुन्ना भाई बने संजय दत्त उसके पास जा उसको गले लगा कर उसके काम की तारीफ करते हैं तो वह बिलकुल शांत हो प्यार से कहता है, अब रुलाएगा क्या ! जा काम करने दे....... ! यह बदलाव आता है, उस एक प्यार भरे स्नेहालिंगन से, जो पल भर में सारे तनाव को खत्म कर रख देता है ! फिल्म में इसे जादू की झप्पी कहा गया है ! झप्पी पंजाबी से हिन्दी में आया शब्द है जिसका उर्दू-पंजाबी रूप है जफ्फी ।

क्या किसी को गले लगाने से सचमुच कोई फर्क पड़ता है ? क्या किसी का गुस्सा एक झप्पी से गायब हो सकता है ? क्या बिलकुल हताश-निराश व्यक्ति को आशा का संबल मिल सकता है ? इन सब का उत्तर हाँ में है ! और सिर्फ मनुष्यों पर ही नहीं, पशु-पक्षियों और यहां तक की पेड़-पौधों पर भी इसका व्यापक असर पड़ता है ! कुछ तो है जो एक सरल से आलिंगन को जादुई बना कुछ अलग सा महसूस करवाने लगता है ! प्रयोगों से पता चला है कि गले लगाने से मिली स्पर्श की प्रक्रिया तनाव, अवसाद, चिंता, अकेलेपन जैसी स्थितियों को तिरोहित करने में सहायक होती है ! अब तो बाकायदा इसे एक चिकित्सा का रूप भी दे दिया गया है ! 

बहुगुणा जी जिन्होंने सिखाया पेड़ों को स्नेह देना, अपनी पत्नी के साथ  

कहा जाता है कि जैसे शरीर को चलाने और स्वस्थ रखने के लिए भोजन की जरुरत होती है वैसे ही मन को निरोग रखने के लिए प्रेम की आवश्यकता पड़ती है ! गले लगाना उसी प्रेम की एक स्वाभाविक व सरल क्रिया है ! इससे ऊर्जा का आदान-प्रदान होता है और भावनात्मक संबल की प्राप्ति होती है ! इसका सबसे सरल और सुगम उदाहरण साधारण परिस्थितियों में अपने घरों में ही हमें सुलभ है, किसी भी रोते हुए शिशु को उठा गले लगाते ही वह शांत हो जाता है, उसे एक सुरक्षा का एहसास होता है ! एक बच्चे के रूप में, जब हमें चोट लगती थी या दुखी होते थे, तो तुरंत अपनी माँ के गले लग राहत पाते थे ! युवावस्था में दोस्त-मित्र भी विपरीत परिस्थितियों इसी तरह राहत पहुंचाते हैं ! बुढ़ापे में किसी प्रियजन या मित्र का एक आलिंगन हमें संबल तो देता ही है हमारे मूड को भी अच्छा करने में सहायक होता था। दंपतियों का प्रेमालिंगन उनका आपसी प्रेम तो बढ़ाता ही है, रिश्तों को और मजबूत भी बना उनके कई मसले चुटकियों में हल कर देता है ! यह सब एक सरल से आलिंगन का ही कमाल है ! संसार भर में लोग एक-दूसरे से मिलते वक्त आपस में गले लगते हैं ! दुनिया भर में अपनों से, अपने प्रियजनों से मिलने पर की यह पहली प्रतिक्रिया होती है !  

__________________________________________________________________________

Ad'

आपकी आँखें हमारे लिए अनमोल हैं 
_________________________________________________________________________

स्पर्श इस दुनिया में सबसे शक्तिशाली थेरेपी है और गले मिलना उसी का एक वृहद रूप है ! एक अच्छे आलिंगन से बेहतर प्यार और स्नेह का उदाहरण कुछ और नहीं है। इससे भावनात्मक शांति तो मिलती ही है साथ ही साथ स्वास्थय लाभ भी हो जाता है ! दक्षिण भारत के कोल्लम जिले में स्थित माता अमृतानंदमयी का आश्रम एक ऐसी जगह के रूप में विख्यात है जहां दक्षिण की अम्मा के नाम से मशहूर इस महिला साध्वी को लोग जादू की झप्पी देने वाली चमत्कारी संत के रूप में मानते और पूजते रहे हैं ! माता अमृतानंदमयी के भक्तों में आम व्यक्ति से लेकर देश के खास, महत्वपूर्ण लोग भी शामिल हैं, जो उनके सेवा कार्यों को लेकर प्रभावित रहे हैं ! इनके अनुयायियों का मानना है कि ''अम्मा'' के आलिंगन से आध्यात्मिक ऊर्जा मिलती है ! जो पिछले तीस वर्षों में करीब 300 करोड़ श्रद्धालुओं को आलिंगन कर उन्हें तनाव मुक्त कर चुकी हैं ! 

ममत्व 

अध्ययनों से पता चलता है कि आलिंगन तनाव दूर करने और अशांत मन को शांत करने के लिए उत्तम है। जब हम आलिंगन करते हैं, तो हमारे शरीर में उत्पन्न होने वाले तनाव हार्मोन कोर्टिसोल की मात्रा तुरंत कम हो जाती है। लंबे समय तक गले मिलने से सेरोटोनिन का स्तर बढ़ता है, मूड अच्छा होता है और खुशी पैदा होती है।आलिंगन का स्पर्श आत्मविश्वास की भावना पैदा करता है और अकेलेपन और चिंता की भावनाओं को कम करता है। गले लगने से दर्द से राहत मिलती है और रक्त संचार बेहतर होता है, जिससे शरीर का तनाव दूर हो जाता है।जिन्हें रात में नींद नहीं आती या कम आती है उन्हें इस क्रिया से लाभ मिल सकता है ! हम सभी प्यार पाना चाहते हैं और विशेष महसूस करना चाहते हैं और गले लगाना ऐसा करने का सबसे अच्छा तरीका है !

सकून की नींद 

परीक्षणों से यह बात भी सामने आई है कि ''हग थेरेपी'' मनुष्यों के लिए ही नहीं पशु-पक्षियों यहां तक पेड़-पौधों तक के लिए बहुत लाभदायक है ! अब तो कुछ लोग यह भी दावा करने लगे हैं कि पालतु जानवरों के बीच रहने और उन्हें गले लगाने से सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है ! आज दुनिया में मन की शांति हासिल करने-करवाने के तरह-तरह के तरीके ईजाद हो रहे हैं ! नीदरलैंड्स में गायों को गले लगाने का चलन चल पड़ा है, जिसे 'काऊ नफलेन' का नाम दिया गया है ! इसमें गायों से सटकर बैठना, उसे गले लगाना, उसे थपथपाना ये सब थेरेपी का हिस्सा होते हैं ! जो मन को एक तरह की शांति प्रदान करते हैं ! इस प्रक्रिया से गायों को भी सुखद अनुभूति का अहसास होता है, यह उनको प्यार से सहलाने जैसी ही क्रिया की तरह है ! 

काऊ नफलेन, गायों को गले लगाना 

भले ही झप्पी किसी फिल्म से मशहूर हुई हो पर इसका अस्तित्व सनातन है ! हमारे प्राचीन ग्रंथों में तो यह सब विस्तार से लिखित व चित्रित है ! चाहे नृसिंह रूप में भगवान ने प्रह्लाद को गले लगा अभय दिया हो, चाहे श्रीराम ने हनुमान जी को गले लगा उन्हें आश्वस्त किया हो, चाहे प्रभु ने विभीषण का आलिंगन कर उसे भय मुक्त किया हो ! चाहे श्रीकृष्ण ने सुदामा को गले लगा उसको गरीबी के तनाव से मुक्त किया हो ! पेड़-पौधों में जीवन का भी कई बार उल्लेख हुआ है ! अब तो वैज्ञानिक भी मानने लगे हैं कि यदि आप पेड़-पौधों, लता-गुल्मों के पास जा उनसे ''बात-चीत'' करते हैं, उन्हें सहलाते हैं, उनका आलिंगन करते हैं तो उनका विकास बहुत अन्य पौधों से बेहतर होता है ! जानवर तो प्यार भरे, स्नेहिल स्पर्श को खूब समझते हैं !

स्नेहालिंगन 

सखा मिलन 

तो अब सोच-विचार-देर किस बात की ! आइए बाहर निकलें और किसी जरूरतमंद को गले लगा उसे तनावमुक्त कर हौसला प्रदान करें, पर एक बात का ख्याल जरूर रखें किसी को जबरदस्ती यह उपचार देने की कोशिश ना करें ! कहीं ऐसा ना हो कि आपकी इस कोशिश के बाद आपको ''किसी उपचार'' की जरुरत पड़ जाए !   


@सभी चित्र अंतर्जाल के सौजन्य से 

विशिष्ट पोस्ट

जिसने सबसे ज्यादा विभिन्न रोगग्रस्त पात्रों का किरदार निभाया

अनेकों बार  Autism, Dyslexia, Progeria, Paraplegia, Alzheimer, Amnesia, Schizophrenia जैसी अनेक  बीमारियों पर, जिनका नाम भी आम लोगों ने सुना...