समय लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
समय लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 4 जून 2026

अपनी औकात नहीं भूलनी चाहिए

बिना मेहनत के रोज पेट भर खाने और निश्चिन्तता के कारण वह मुफ्तखोर गीदड़ दिनों-दिन फलने-फूलने लगा। उसे शेर के साथ रहता देख, जंगल के बाकि जानवर उससे कतराने लगे, कौन पंगा ले ! इससे गीदड़ अपने-आप को सक्षम और ताकतवर समझने लगा। जंगल में उसकी दादागिरी चलने लगी ! सीधे-साधे जीवों को रोज तंग करने लगा ! किसी से कुछ भी छीन लेना उसके लिए आम बात हो गई ! अब इस कहानी से आपको अपने किसी आस-पास के नेता, अभिनेता, दबंग, किसी की शह पर नाचते किसी बड़बोले देश या किसी ताजा घटना की याद आ जाए तो.....................तो आने दीजिए ना, हर्ज क्या है.............  😊   

#हिन्दी_ब्लॉगिंग

र इंसान के जीवन में कम से कम एक बार तो समय अनुकूल होता ही है ! उसी वक्त की मेहरबानी के चलते पिद्दी भी पहलवान बन जाती है ! पर कुछ पिद्दियां इतिहास से कोई सबक ना लेते हुए इस अनुकूलता को अपनी नियति, अपना शौर्य समझ इतनी अराजक, अहंकारी और धृष्ट हो जाती हैं कि खुद को ही भगवान समझने लगती हैं ! वे भूल जाती हैं कि समय कभी भी एक समान नहीं रहता ! ऐसी ही कुछ पिद्दियों का हश्र देख बचपन की एक कहानी याद आ गई, जो यही सीख देती है कि किसी को भी अपनी औकात, अपनी बिसात कभी भी नहीं भूलनी चाहिए ! कहानी कुछ इस प्रकार है :

भटकन 
क जंगल में एक गीदड़ रहता था। किसी तरह दूसरों के किए गए शिकार पर उसके दिन कटा करते थे। एक दिन भोजन की तलाश में जंगल में भटकते हुए अचानक उसके सामने एक शेर आ गया। गीदड़ के तो देवता कूच कर गए। थर-थर कांपते उसे अपनी मौत साक्षात नजर आने लगी ! पर वह बहुत काइयां था ! मौके की नजाकत को ताड़ वह तुरंत शेर के पैरों में लोट गया। शेर अभी शिकार से लौटा था, उसका पेट भरा हुआ था। इस नौटंकी को देख उसने पूछा, क्या हुआ ? क्या बात है ? शेर को शांत देख गीदड़ की जान में जान आई, बोला महाराज जंगल के जानवर मुझे बहुत तंग करते हैं। कुछ खाने जाता हूं, तो मार कर भगा देते हैं। बड़ी मुसीबत में हूं, मुझे अपनी सेवा में रख लीजिए। शेर ने कहा ठीक है, तुम मेरे साथ रहो। तुम्हें न खाने-पीने की चिंता रहेगी और ना किसी से ड़रने की।


ऐश 
गीदड़ के समय के अनुकूल होते ही उसके दिन फिर गए। बिना मेहनत के रोज पेट भर खाने और निश्चिन्तता के कारण वह दिनों-दिन फलने-फूलने लगा। उसे शेर के साथ रहता देख, जंगल के बाकि जानवर उससे कतराने लगे, कौन पंगा ले ! इससे गीदड़ अपने-आप सक्षम और ताकतवर समझने लगा। जंगल में उसकी दादागिरी चलने लगी ! सीधे-साधे जीवों को तंग करने लगा ! किसी से उसका कुछ भी छीन लेना आम बात हो गई ! धीरे-धीरे उसे लगने लगा की इन डरपोक जानवरों का तो मैं भी शिकार कर सकता हूँ !  ऐसा ख्याल आते ही अब वह शेर को शिकार करते हुए ध्यान देखने लगा। उसने पाया कि शिकार के पहले शेर की आंखें लाल हो जाती हैं, शरीर धनुष की तरह तन जाता है और वह जोर की दहाड़ मार बिजली की गति से शिकार की गर्दन पर झपट कर उसका काम तमाम कर देता है। 
समझाइश 
गीदड़ अपने गुमान में अपनी औकात भूल गया ! उसे लगने लगा कि शिकार करना तो बहुत आसान है, यह तो वह भी कर सकता है। सो एक दिन उसने शेर से कहा कि आप इतने दिनों से मेरे लिये भोजन का प्रबंध करते आए हैं, आज मैं आप के लिये शिकार कर लाउंगा। शेर ने उसे बहुत समझाया, खतरे बताए, पर गीदड़ जिद पर अड़ा रहा तो शेर ने उसे इजाजत दे दी। समय ने करवट ले ली थी !
मतिभृष्टता 
अंत 
दूसरे दिन सुबह वह मांद से निकला। जंगल में कुछ ही दूरी पर उसे एक हाथी नजर आ गया। आज तक उसने हाथी का मांस नहीं खाया था। पर उसे मालुम नहीं था कि ऐसा इसलिए था, क्योंकि शेर भी हाथी से कतराता था। गीदड़ ने सोचा आज इसे मार कर ले जाउंगा तो शेर खुश हो जाएगा। यह सोच वह हाथी के करीब गया, अपनी आंखें लाल करने की कोशिश की, शरीर को ताना और जोर से चिल्ला कर हाथी पर कूद तो गया, पर हाथी के विशाल शरीर से टकरा कर जमीन पर गिर पड़ा। हाथी ने उसकी हरकत पर झुंझला कर उसे सूंड में लपेट दूर उछाल दिया ! गीदड़ की हड़्ड़ियां चूर-चूर हो गयीं। हाथी ने जोर की चिंघाड़ भरी और जंगल में गुम हो गया। शेर ने एक बार उधर देखा फिर अपना मुंह मोड़ लिया !
ब इस कहानी से आपको अपने किसी आस-पास के नेता, अभिनेता, दबंग, किसी की शह पर नाचते किसी बड़बोले देश या कोई ताजा घटना याद आ जाए तो.....................तो आने दीजिए ना, हर्ज क्या है 😊  

@छवियों के लिए अंतर्जाल का हार्दिक आभार 

बुधवार, 5 फ़रवरी 2025

ललिता का बेटा

बिना किसी अपेक्षा के, अपनी अंतरात्मा की आवाज पर, निस्वार्थ भाव से किसी के लिए किया गया कोई भी कर्म जिंदगी भर आपको संतोष प्रदान करता रहता है। यह रचना काल्पनिक नहीं बल्कि सत्य पर आधारित है। श्रीमती जी शिक्षिका रह चुकी हैं। उसी दौरान उनका एक संस्मरण उन्हीं के शब्दों में ...........!   

#हिन्दी_ब्लागिंग 

अभी अपने स्कूल पहुंची ही थी कि राजेंद्र को एक छोटे से बच्चे के साथ आते देखा ! अंदाज हो गया कि बच्चा उसी का होगा ! कुछ ही देर में इसकी पुष्टि भी हो गई ! उसने बताया कि वह अपने बच्चे का दाखिला करवाने आया है ! मेरी आँखों के सामने पिछले पैंतीस साल किसी फिल्म की तरह गुजर गए ! तब मुझे साल भर ही हुआ था, छत्तीसगढ़ राज्य के रायपुर शहर के इस स्कुल में शिक्षिका के रूप में काम करते, जब ललिता अपने इसी बेटे राजेंद्र को मेरे पास लाई थी, स्कुल में प्रवेश के हेतु। आज वही राजेंद्र मेरे सामने खड़ा है, अपने बेटे का हाथ थामे और आज साल भर ही  रह गया है, मेरे रिटायरमेंट में ! अजब संयोग था !
काफी पुरानी बात है, उस समय कुकुरमुत्तों की तरह गली-गली स्कूली दुकानें नहीं खुली थीं। हमारा विद्यालय भी एक संस्था द्वारा संचालित था। जहां बच्चों का दाखिला उनकी योग्यता के अनुसार ही किया जाता था। यहां की सबसे अच्छी बात थी कि इस स्कूल में समाज के हर तबके के परिवार के बच्चे बिना किसी भेद-भाव के शिक्षा पाते थे। कार से आने वाले बच्चे पर भी उतना ही ध्यान दिया जाता था, जितना मेहनत-मजदूरी करने वाले के घर से आने वाले बच्चे पर। फीस के अलावा किसी भी तरह का अतिरिक्त आर्थिक भार किसी पर नहीं डाला जाता था। फीस से ही सारे खर्चे पूरे करने की कोशिश की जाती थी। इसीलिए स्टाफ की तनख्वाह कुछ कम ही थी। पर माहौल का अपनापन और शांति, यहां बने रहने के लिए काफी था। हालांकि करीब तीस साल की लम्बी अवधि में मेरे पास विभिन्न जगहों से कई नियुक्ति प्रस्ताव आए पर इस अपने परिवार जैसे माहौल को छोड़ कर जाने की कभी भी इच्छा नहीं हुई। स्कूल में कार्य करने के दौरान तरह-तरह के अनुभवों और लोगों से दो-चार होने का मौका मिलता रहता था।इसीलिए इतना लंबा समय कब गुजर गया पता ही नहीं चला।
पर इतने लम्बे कार्यकाल में सैकड़ों बच्चों को अपने सामने बड़े होते और जिंदगी में सफल होते देख खुशी और तसल्ली जरूर मिलती है। ऐसा कई बार हो चुका है कि किसी यात्रा के दौरान या बिलकुल अनजानी जगह पर अचानक कोई युवक आकर मेरे पैर छूता है और अपनी पत्नी को मेरे बारे में बतलाता है तो आँखों में ख़ुशी के आंसू आए बिना नहीं रहते। गर्व भी होता है कि मेरे पढ़ाए हुए बच्चे आज देश के साथ विदेशों में भी सफलता पूर्वक अपना जीवन यापन कर रहे हैं। खासकर उन बच्चों की सफलता को देख कर खुशी चौगुनी हो जाती है, जिन्होंने गरीबी में जन्म ले, अभावग्रस्त होते हुए भी अपने बल-बूते पर अपने जीवन को सफल बनाया।
ऐसा ही एक छात्र था, राजेन्द्र, उसकी माँ ललिता हमारे स्कूल में ही आया का काम करती थी। एक दिन वह अपने चार-पांच साल के बच्चे का पहली कक्षा में दाखिला करवा उसे मेरे पास ले कर आई और एक तरह से उसे मुझे सौंप दिया। वक्त गुजरता गया। मेरे सामने वह बच्चा, बालक और फिर युवा हो बारहवीं पास कर महाविद्यालय में दाखिल हो गया। इसी बीच ललिता को तपेदिक की बीमारी ने घेर लिया। पर उसने लाख मुसीबतों के बाद भी राजेन्द्र की पढ़ाई में रुकावट नहीं आने दी। उसकी मेहनत रंग लाई, राजेन्द्र द्वितीय श्रेणी में सनातक की परीक्षा पास कर एक जगह काम भी करने लग गया। 

वह लड़का बहुत कम बोलता था ! अपने मन की बात भी जाहिर नहीं होने देता था ! पर उसकी सदा यही इच्छा रहती थी कि जिस तरह भी हो वह अपने माँ-बाप को सदा खुश रख सके। अच्छे चरित्र के उस लडके ने अपने अभिभावकों की सेवा में कोई कसर नहीं रख छोड़ी। उससे जितना बन पड़ता था अपने माँ-बाप को हर सुख-सुविधा देने की कोशिश करता रहता था। माँ के लाख कहने पर भी अपना परिवार बनाने को वह टालता रहता था। उसका एक ही ध्येय था, माँ-बाप की ख़ुशी। ऐसा पुत्र पा वे दोनों भी धन्य हो गए थे। यही वजह थी कि वह बच्चा मुझे सदा याद रहा !

विधि का अपना विधान होता है ! इस परिवार ने कुछ समय के लिए ही जरा सा सुख देखा था कि एक दिन ललिता के पति का देहांत हो गया। इस विपदा के बाद तो बेटा अपनी माँ के प्रति पूरी तरह से समर्पित हो गया। पर भगवान को कुछ और ही मंजूर था ! ललिता अपने पति का बिछोह और अपनी बिमारी का बोझ ज्यादा दिन नहीं झेल पाई और पति की मौत के साल भर के भीतर ही वह भी उसके पास चली गयी। राजेन्द्र बिल्कुल टूट सा गया। मेरे पास अक्सर आ बैठा रहता था। जितना भी और जैसे भी हो सकता था मैं उसे समझाने और उसका दुःख दूर करने की चेष्टा करती थी। समय और हम सब के समझाने पर धीरे-धीरे वह नॉर्मल हुआ। काम में मन लगाने लगा। सम्मलित प्रयास से उसकी शादी भी करवा दी गयी। 

प्रभु की कृपा और अपने माँ-बाप के आशीर्वाद उसका गृहस्थ जीवन सुखमय रहा। जब कभी भी मुझसे मिलता, तो उसकी विनम्रता, विनयशीलता मुझे अंदर तक छू जाती ! आज वही राजेन्द्र अपने बच्चे के साथ मेरे सामने खड़ा था और मुझे उस बच्चे में वर्षों पहले का राजेंद्र नजर आ रहा था, जो पहली बार ऐसे ही मुझसे मिला था ! ऊपर से उसके माँ-बाप भी उसे देखते होंगे तो उनकी आत्मा भी उसे ढेरों आशीषों से नवाजती होगी। मुझे भी उसका अपने माँ-बाप के प्रति समर्पण कभी भूलता नहीं है। 

@सभी चित्र अंतर्जाल के सौजन्य से 

सोमवार, 24 जून 2024

घोटाला ऑगस्टा वेस्टलैंड का, यह चॉपर किस-किस को चॉप करेगा

बात खुली तो मिशेल छिपते-छिपाते दुबई पहुंच गया पर उसका दुर्भाग्य कि वहां वह पकड़ा गया और जेल भेज दिया गया ! भारत सरकार ने काफी कोशिशें कीं पर यूएई ने उसे  भारत को नहीं सौंपा ! पर विधि का विधान ! यूएई के अमीर की बेटी भारत में पकड़ी जाती है उसे उसके अभिभावकों को सौंपा जाता है और उसके कुछ दिनों के बाद ही मिशेल प्रत्यर्पित हो भारत की जेल में पहुंच जाता है............!! 

#हिन्दी_ब्लागिंग 

1) फरवरी 2018 की एक अंधेरी रात ! घुप्प अंधेरा ! ठीक वैसा ही जिसमें कहते हैं कि हाथ को हाथ भी सुझाई नहीं देता ! ऐसे में अरब सागर में एक छोटा सा यॉट तेजी से गोवा की तरफ बढ़ रहा था ! नौका में भी पूर्णतया अंधकार था, सिर्फ मशीन रूम में बाहर से नजर ना आने वाली, यंत्रों की हलकी सी रौशनी चमक रही थी ! इसी के एक केबिन में दो युवतियां किसी आसन्न संकट की आशंका से ग्रसित सहमी हुई बैठी हुई थीं ! तभी अचानक तट से तकरीबन 30 मील पहले तीन भारतीय और दो अमीराती युद्धक पोतों ने इन्हें घेर लिया ! तलाशी ली गई ! दोनों युवतियों और चालक दल को हिरासत में ले, अमीराती सैन्य-बल अपने साथ वापस दुबई ले गया ! दोनों युवतियों में से एक थी अमीरात के अमीर शेख मुहम्मद बिन राशिद की बेटी शेखा लतीफा, जो अपने पिता के कठोर अनुशासन के बंधन से मुक्त होने के लिए घर से भाग रही थी तथा दूसरी थी उसकी मार्शल आर्ट ट्रेनर टीना, जो स काम में लतीफा की सहायता कर रही थी ! 

लतीफा और टीना 
2) दिसंबर 2018 की एक रात ! दिल्ली हवाई अड्डा ! समय दस बज कर चालीस मिनट ! इस कोने की हवाई पट्टी पर सघन सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक विशेष विमान आ कर रुकता है ! कुछ समय पश्चात उसमें से सेना के दो जवान एक तीसरे शख्स को ले कर बाहर आते हैं ! उस शख्स के हाथों में हथकड़ी और आँखों पर पट्टी बंधी होती है ! उतरते ही उसे हिरासत में ले लिया जाता है ! यह शख्स था क्रिश्चियन मिशेल, जिसकी भारत सरकार को 2004 के अगस्ता हेलीकाप्टर घोटाले में वर्षों से तलाश थी ! इसे दुबई से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था ! 

क्रिश्चियन मिशेल 
3) वर्ष 2004, ऑगस्टा वेस्टलैंड नामक एक विमानन कंपनी से भारत सरकार द्वारा अपने वीवीआई लोगों के लिए बारह AW101 मॉडल के हेलिकॉप्टर खरीदने के सौदे की बातचीत शुरुआत हुई थी। ऑगस्टा वेस्टलैंड, एक ब्रिटिश कंपनी है जो इटली की एक कंपनी फिनमैकेनिका की सहायक है ! ये कंपनियां हेलीकाप्टर बनाती हैं। पर जिस सरकार के साथ खरीददारी की बातचीत शुरू हुई थी वह सत्तारूढ़ दल राजनितिक उठापटक का शिकार हो गया ! फिर नई सरकार आई कांग्रेस की ! पर उसके साथ सौदा पूरा होते-होते इटली में यह आरोप लगा कि इस सौदे के लिए रिश्वत दी और ली गई है ! 
ऑगस्टा वेस्टलैंड 
4) जून 2024, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी G7 समिट में पहुंचते हैं और वहां इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी के द्वारा उनका हार्दिक स्वागत होता देख भारत के विपक्ष में खलबली मच जाती है ! हालांकि वहां दुनिया के हर बड़े नेता से मोदी की मुलाकात दोस्ताना माहौल में हुई पर हमारे घरेलू नेताओं की नजर मेलोनी-मोदी केमेस्ट्री पर ज्यादा रही जिससे उनकी फिजिक्स प्रभावित होती चली गई !  
G7 सम्मेलन 
दुनिया में रोज ही अनेकानेक घटनाएं घटती हैं, तरह-तरह वाकए होते हैं, इंसान देखता है भूल जाता है ! पर कभी-कभी बीसियों साल पुराने लिंक भी कुछ इस तरह जुड़ते हैं कि सब कुछ किसी फिल्म की तरह सामने घटता दिखाई पड़ने लग जाता है ! तो 2004 के सौदे को अमली जामा पहनाने के लिए फिनमैकानिका कंपनी ने एक बिचौलिया बनाया जिससे उस समय की सरकार के रसूखमंद लोगों से मिल उन्हें खुश कर इस सौदे को पूरा किया जा सके ! उस बिचौलिए या दलाल का नाम था, क्रिश्चियन मिशेल !

बात खुली तो मिशेल छिपते-छिपाते दुबई पहुंच गया पर उसका दुर्भाग्य कि वहां वह पकड़ा गया और जेल भेज दिया गया ! भारत सरकार ने काफी कोशिशें कीं पर यूएई ने उसे  भारत को नहीं सौंपा ! पर विधि का विधान ! यूएई के अमीर की बेटी भारत में पकड़ी जाती है उसे उसके अभिभावकों को सौंपा जाता है और उसके कुछ दिनों के बाद ही मिशेल प्रत्यर्पित हो भारत की जेल में पहुंच जाता है ! अब ताड़ने वालों ने इन दोनों घटनाओं का भी संबंध स्थापित कर दिया ! हो भी सकता है !

मिशेल को छुड़वाने के लिए उसके पक्ष में देश-विदेश से तरह-तरह की दलीलें, पैंतरे, दवाब, चालें, क्या-क्या नहीं किया गया ! अभी G7 की बैठक के पूर्व उसके द्वारा इंग्लैंड के प्रधान मंत्री को एक पत्र भिजवाया जिसमें मिशेल द्वारा उन पर एक हास्यास्पद आरोप लगाया है कि मैं ब्रिटिश नागरिक हूँ और आपको मुझे छुड़वाना चाहिए पर आप जानबूझ कर ऐसा नहीं कर रहे, क्योंकि आपका और आपकी पत्नी का सर्वाधिक धन इनफ़ोसिस के शेयरों में लगा हुआ है और आपको डर है कि मेरा पक्ष लेने पर मोदी इनफ़ोसिस पर कार्यवाही कर उसके शेयरों की कीमत गिरवा देंगे और आप अपना सब कुछ खो देंगे ! फिलहाल पांच वर्षों से वह अभी तो तिहाड़ का ही मेहमान है।  

उधर फिनमैकेनिका के अधिकारीयों को दोषी पाया गया और उन्हें सजा हो गई ! यह बात 2013 की है ! इस बात के भारत पहुंचते ही हड़कंप मच गया, कांग्रेस सरकार ने आनन-फानन में डील को रद्द कर दिया, जिससे मामला दब जाए ! पर विपक्ष ने दवाब डाला कि इटली की अदालत के अनुसार यहां कुछ लोगों को रिश्वत दी गई है तो उन लोगों के नाम उजागर होने चाहिऐं ! जब दवाब बढ़ा तो उस समय के रक्षा मंत्री श्री ऐ.के.अंटोनी ने मामला सीबीआई के हवाले कर दिया ! उनको लगा था कि 2014 के चुनावों में उनकी सरकार वापस तो आ ही रही है ! मामला मैनेज कर लिया जाएगा ! पर हो गया उल्टा ! उनकी सरकार तो चली गई पर सीबीआई का आदेश बना रहा !

पर इस मामले की सबसे बड़ी दिक्कत यह है लाभभोगियों के नाम की लिस्ट नहीं मिल रही ! जो दो जगहों से उपलब्ध हो सकती है ! एक तो ब्रिटेन के SFO (Serious Fraud Investigation) या फिर इटली के कोर्ट से ! तो अभी G7 के मेंबर ना होते हुए भी मोदी जी का वहां जाना, सुनक तथा खासकर मेलोनी से मिलना, यह सब यहां कांग्रेस के लोगों की बेचैनी का सबब बन गया है ! इसीलिए मोदी जी की इस यात्रा पर बेतुके सवाल, खासकर इस पार्टी द्वारा उठाए जा रहे हैं ! ऊपर से प्रधान मंत्री का तीसरी बार आने पर भ्रष्टाचार के खिलाफ का अभियान और भी तेज होगा, वाला बयान इन लोगों की नींद उड़ाए हुए है ! 

अब समय के झोले में क्या-क्या है और वह कब-कब, क्या निकालेगा, यह तो समय ही बता सकता है ! क्या बाहर आएगा, क्या पता चलेगा यह किसी को भी पता नहीं है ! क्या यह दूसरा बोफोर्स तो नहीं बन जाएगा ! हम-आप तो सिर्फ समय के उस वक्त का इंतजार ही कर सकते हैं !

--आभार अंतर्जाल 

सोमवार, 22 अप्रैल 2024

विडंबना या समय का फेर

भइया जी एक अउर गजबे का बात निमाई, जो बंगाली है और आप पाटी में है, ऊ बोल रहा था कि किसी को हराने, अलोकप्रिय करने या अप्रभावी करने का बहुत सा रास्ता है। ऐसा कि करे एक और दुसरा समझता रहे कि उसका नुक्सान किसी तीसरे ने किया है.... ! आक्रांत जब तक समझे कि दुश्मन कउन है, तब तक खेला खत्म ! भइया जी उसका बात हमारे पल्ले नहीं पड़ा ! हमको कुच्छो समझे नहीं आया ! इसका का मतलब हो सकता है ?मैं चुप रहा ! सोच रहा था निमाई बहुत आगे जाएगा.................!  

#हिन्दी_ब्लागिंग 

कल शाम बालकनी में खड़ा था तभी देखा सामने से बिनोद जा रहा है।  बहुत दिन हो गए थे उसका आता-पता नहीं था, सो आवाज दे डाली। उसने घूम कर देखा, नमस्ते की और घर आ गया। उसके अंदर आते ही मैंने पूछा कि क्या बात है, बहुत दिनों से दिखे नहीं ! उसने कहा ऐसे ही कुछ काम में फंसा था ! मैंने यूंही पूछ लिया कि क्या चुनावों के काम में ?  

''अरे नहीं भइया, ई सब से हम दूरे रहते हैं ! बस थोड़ा-बहुत खोज-खबर रखते हैं ! वइसे इस बार तो सब कुछ बहुते ही गजबे का हो रहा है !

'' क्या ! कैसा गजब ?    

''अरे भइया, आपको तो सब्बे खबर पहले ही मिल जाता है ! वह हंस दिया। 

''अरे फिर भी ! मैंने कुरेदा। 

''भइया जी ! हम चार ठो बचपन का दोस्त हैं ! अभिहें हम सब सुदामा का चा का गुमटी पर बइठे थे। ऊ तीनों निठल्ला हैं। कोई काम-काज नहीं है पर अभी चुनाव में तीनों को अलग-अलग पाटी में काम मिल गया है। थोड़ा पइसा मिला तो चा पाटी कर रहे थे। उनमें एक भगत बन गया है, एक चमचा और एक आपिया............

वह कुछ और बोले उसके पहले ही मैंने टोक दिया, ''कैसी भाषा बोल रहे हो ! सभ्य और समझदार लोग ऐसे शब्दों में बात नहीं करते ! 

मेरी आवाज से बिनोद अपनी गलती समझ तो गया फिर भी सफाई में बोला ''ऊ लोग ऐसे ही बतियाता है !

''कोई गलती करेगा तो तुम भी करोगे ? गलत बात है ! नाम ले कर बात किया करो ! उनको भी समझाओ !

''जी, भइया !

तभी अंदर से चाय आ गई ! माहौल सामान्य हुआ ! मैं अपनी जिज्ञासा रोक नहीं पा रहा था ! पूछ ही लिया !

''इस बार कौन सा गजब का बात देख रहे हो ?

''बहुते है ! पर सबसे बड़का अचरज तो अपना दिल्ली में ही है ! चा का टपरी पर उसी का बात हो रहा था ! देखिए, देश का सबसे बलशाली कुनबा ! जहां का तीन-तीन, चार-चार परधान मंत्री बना ! देश का दूसरा सबसे बड़ा पाटी ! अभी भी सबसे जोरावर परिवार ! पर दिल्ली का जउन सा निर्वाचन छेत्र का सीट का लिस्ट में इन लोगन का नाम है, जहां इ लोग वोट देगा, ऊ छेत्र का वोटिंग मशीन पर इनका पाटी का निशाने ही नहीं है ! तो ई लोग कउन चिन्ह का बटन दबाएगा ? इसी पर सब बहिसिया रहे थे ! 

''पर भइया जी एक अउर गजबे का बात निमाई, जो बंगाली है और आप पाटी में है, ऊ बोल रहा था कि किसी को हराने, अलोकप्रिय करने या अप्रभावी करने का बहुत सा रास्ता है। ऐसा कि करे एक और दुसरा समझता रहे कि उसका नुक्सान किसी तीसरे ने किया है.... ! आक्रांत जब तक समझे कि दुश्मन कउन है, तब तक खेला खत्म ! भइया जी उसका बात हमारे पल्ले नहीं पड़ा ! हमको कुच्छो समझे नहीं आया ! इसका का मतलब हो सकता है ?

मैं चुप रहा ! सोच रहा था निमाई राजनीति में बहुत आगे जाएगा। 

मंगलवार, 7 जून 2022

थोड़े से सब्र और समय की जरुरत है

चंद दिनों पहले ही ताली ठोक कर लोगों को खामोश करने का आदेश देने वाले आज कहीं किसी का आदेश मानने पर मजबूर हुए बैठे हैं ! सदा हमारी खैरात, हमारे रहमो-करम पर आश्रित रहने वाले तीनों पड़ोसियों ने जरा सी आँख तरेरी थी, आज आँख उठाने की हैसियत नहीं रह गई है उनकी ! कुछ और दूर जाएं तो पहले हमें बात करने लायक ना समझने वाले आज हमसे बात करने का मौका और बहाना खोज रहे हैं ! जो हमें नाकाबिल, खरीदार समझ कुछ भी बेच, थमा जाते थे, आज हमारी बनाई वस्तुओं को ललचाई नजर से देख रहे हैं ! कहते हैं कि जो समय से सबक नहीं लेता उसे समय सबक जरूर सिखाता है....!

#हिन्दी_ब्लागिंग 

अपने यहां कई कहावतें बहुत ही मशहूर हैं, जैसे ऊपर वाले की लाठी में आवाज नहीं होती ! न्याय में देर है अंधेर नहीं ! ऊपर वाले से कुछ भी छिपा नहीं रहता ! साँच को आंच नहीं ! सच्चे का बोलबाला, झूठे का मुंह काला ! सब कुछ यहीं भुगतना पड़ता है ! यह सब बातें अपने सच होने का प्रमाण भी देती रहती हैं ! तो इधर जो घटनाक्रम चला या निश्चित षड्यंत्र के तहत चलाया गया, तो उपरोक्त अनुभवों के अनुसार उसका परिणाम भी बहुत जल्द सामने आ जाएगा ! थोड़े से सब्र और समय की जरुरत है !

कुछ कुंठाग्रस्त, पूर्वाग्रही, चाटुकारों के लिए देश की मान-मर्यादा से बढ़ कर उनके आका हैं, क्योंकि वे ही उनकी रोजी-रोटी-आमदनी का जरिया हैं ! वैसे ये लोग भी सब कुछ जानते-समझते हैं ! इसीलिए जब किसी को अपने हित पर लात पड़ती दिखती है वह तुरंत दूसरे दरवाजे पर जा अपना हित सहलवाने लगता है ! जिनको अभी तक मौका नहीं मिला या किसी ने चारा नहीं डाला वह यहां-वहाँ अपनी भड़ास निकालने पर मजबूर हैं ! इनके लिए देश-समाज-नैतिकता जैसे शब्द बेमानी हैं ! इनका एक ही मोटो है कि इनकी जेब के मोटेपन पर कोई असर ना पड़े ! देश के सम्मान की कीमत पर चारणाई भी ऐसे लोगों की करते हैं, जो खुद के धुसरिया गए आभामंडल के साथ अपने आगत से आशंकित, डरते-लरजते छुपने के बहाने और ठौर खोजते फिर रहे हैं !

अभी जो घटनाक्रम चला, उससे ऐसे विघ्नसंतोषियों को जरा सी अफीम की खुराक मिल गई ! जिसकी पिनक में इन्हें अपनी लंतरानियां फिर से छेड़ने का मौका मिल गया ! ये भूल गए कि शेर के शिकार में कभी दो कदम पीछे भी हटना पड़ता है, यह शिकारी की कमजोरी नहीं उसकी रणनीति (कूटनीति) होती है ! जो बड़े-बड़े शेरों का शिकार कर चुका होता है उसका जंगल में अपने अभियान के दौरान चूहे, सियार, लोमड़ी, बिच्छु, सांप इत्यादि से भी पाला जरूर पड़ता है, उसके लिए भी आगे-पीछे होना पड़ता है, इसका मतलब यह नहीं कि वह कीड़े-मकौड़ों, सांप-बिच्छुओं से घबरा गया हो ! भरी दोपहरी में दीपक राग गाने वाले या तो सरस्वती जी के घोर दुश्मन हैं या फिर ''नयनसुख'' ! 

इन लोगों के सामने चंद दिनों पहले ही ताली ठोक कर लोगों को खामोश करने का आदेश देने वाले आज कहीं किसी का आदेश मानने पर मजबूर हुए जा बैठे हैं ! देश में तो ऐसे दसियों उदाहरण हैं ! पड़ोस में ही झाँक लीजिए, सदा हमारी खैरात, हमारे रहमो-करम पर आश्रित रहने वाले तीनों पड़ोसियों ने जरा सी आँख तरेरी थी, आज आँख उठाने की हैसियत नहीं रह गई है ! कुछ और दूर जाएं तो पहले हमें बात करने लायक नहीं समझते थे, आज हमसे बात करने का मौका और बहाना खोजते हैं ! जो हमें नाकाबिल, खरीदार समझ कुछ भी बेच, थमा जाते थे, आज हमारी बनाई वस्तुओं को ललचाई नजर से देखते हैं ! कहते हैं कि जो समय से सबक नहीं लेता, समय उसे सबक जरूर सिखाता है ! 

ज्ञातव्य है कि कुछ साल पहले कोई भी सूचना या विवरण इत्यादि अंग्रेजी, हिंदी व उर्दू में दिया जाता था ! जिससे जनता जो भाषा उसे आती है उस में समझ सके ! आज फिर कुछ डिग्रीधारी अनपढ़ों के लिए कहीं-कहीं वैसी व्यवस्था की जरुरत दिख पड़ रही है ! अभी पिछले घटनाक्रम के चलते कुछ मौकापरस्त लोग भारत द्वारा ओ आई सी से तथाकथित माफीनामे की बात को अपने  गढ़, अनपढ़ लोगों के सामने उछाल, अपनी दुकान चलाने की कोशिश कर रहे हैं ! इसीलिए लगता है कि सरकार को विवादास्पद मामलों से संबंधित विज्ञप्तियां अब जनसाधारण की भाषा में भी देनी चाहिए ! जिससे लोग सच से वाकिफ हो सकें ! तत्कालीन घटनाक्रम से जुडी सरकारी विज्ञप्ति को जिसने भी पढ़ा और समझा है वह अच्छी तरह जानता है कि यह कोई माफीनामा नहीं है ! ये जो पढ़े-लिखे अनपढ़, गैर जिम्मेदार लोग बात का बंतगढ़ बना रहे हैं क्या वे बता सकते हैं कि अंग्रेजी में लिखी इस विज्ञप्ति के किस वाक्य से माफी माँगने का अर्थ निकलता है ! उल्टा यह तो विनम्रता से चेतावनी देने जैसा है ! सभी जानते है कि आज भारत सिर्फ चेतावनी देता ही नहीं, स्ट्राइक भी करता है !  

“It is regrettable that OIC Secretariat has yet again chosen to make motivated, misleading and mischievous comments. This only exposes its divisive agenda being pursued at the behest of vested interests,” said Bagchi. He urged the OIC Secretariat to stop pursuing its communal approach and show due respect to all faiths and religions.

जिन देशों का नाम ले कर तेल की कमी का डर दिखाया जा रहा है, देखा जाए तो तेल का अलावा उनके पास और है क्या ! हमें तेल नहीं मिलेगा तो कुछ मुश्किलात सामने आएँगे, पर उनका क्या होगा ! क्या वे उसी तेल को पी कर जिन्दा रहेंगे ! जीवन-यापन की हर जरुरी चीज के लिए दूसरों का मुंह जोहने वाले ऐसी जुर्रत करने की सोच भी नहीं सकते ! इस पर तेल का खेल है कितने दिन ! सारा संसार आज उसके विकल्प की खोज में जुटा हुआ है ! देर-सबेर ऊर्जा का स्रोत मिल ही जाएगा ! फिर.....ना तेल रहेगा नाहीं उस की धार ! 

आशा है भगवान की लाठी, समय का चक्र, दुष्कर्मों का परिणाम अब जल्दी ही सबक सिखाने हेतु किसी ना किसी रूप में अवतरित होंगे, ताकि आगे भी लोग कहावतों पर विश्वास करते रहें !   

विशिष्ट पोस्ट

जिसने सबसे ज्यादा विभिन्न रोगग्रस्त पात्रों का किरदार निभाया

अनेकों बार  Autism, Dyslexia, Progeria, Paraplegia, Alzheimer, Amnesia, Schizophrenia जैसी अनेक  बीमारियों पर, जिनका नाम भी आम लोगों ने सुना...