गुरुवार, 12 नवंबर 2026

कदर तेरी ना जानी 😔

इसके माखौल का कारण यह खुद है ! अपने टिकाऊपन यानी शेल्फ-लाइफ के कारण यह बाजार में महीनों पहले से पैक होकर बिकने लगती है। अब सभी जानते हैं कि जो जितना ज्यादा दिखता है, उतनी ही उसकी पूछ कम हो जाती है ! सोन-पपड़ी की यही सर्वसुलभता उसे खास से आम बना देती है ! इसके अलावा दूसरी मंहगी मिठाइयों के मुकाबले इसकी कम कीमत, एक खरीदो दो पाओ जैसी स्कीमों ने भी इसकी छवि को धूमिल कर इसे लेन-देन की खानापूर्ति का साधन मात्र बना दिया है ! रही-सही कसर इसके बंद डिब्बे के घर-घर घूमने ने पूरी कर दी है..........!    

#हिन्दी_ब्लॉगिंग 

दीपावली जो उल्लास का पर्व है। खुशियों को बांटने का त्योहार है, उसी में जाने-अनजाने हम एक ऐसी चीज की बेकद्री करते आ रहे हैं, उसका माखौल उड़ा रहे हैं, जिसमें दसियों गुण विद्यमान हैं ! बात हो रही है, एक मिठाई की जिसका नाम है सोन-पापड़ी ! जो स्वादिष्ट भी है, मुंह में घुलनशील है, मधुर है, नुकसानदेह भी नहीं है ! कीमत भी ज्यादा नहीं है। टिकाऊ भी है, खरीदी भी सबसे ज्यादा जाती है, जिसको बनाने में खास हुनर की भी जरूरत पड़ती है। फिर भी उसी के मिम्स बनते हैं, उसका मजाक उड़ाया जाता है ! उसको हल्के में लिया जाता है ! ऐसा क्यों ?

ले भई, अपना उपहार 

क्यों भाई ?
सोन-पापड़ी की तो कद्र की जानी चाहिए क्योंकि इसे बनाना-तैयार करना कोई बच्चों का खेल नहीं है। इसकी खासियत इसकी सैकड़ों परतें और इसके महीन रेशे हैं ! जो मुंह में जाते ही घुलने लगते हैं ! जिसके लिए बेसन-मैदे की उचित मात्रा में मिलावट, इसकी चाशनी की गुणवत्ता, फिर पूरी सामग्री को नियत समय के भीतर रेशों में बदलने की कठिन, पेचीदा और श्रमसाध्य तकनीक की जरुरत होती है, जिसके लिए काफी ताकत और अनुभव का होना अति आवश्यक है ! वैसे आजकल इसका उत्पादन भी और चीजों की तरह मशीनों से होने लगा है ! फिर भी.......!

तेरा जवाब नहीं 
रही बात इसके मजाक बनने की ! तो इसके माखौल का कारण यह खुद है ! अपने टिकाऊपन यानी शेल्फ-लाइफ के कारण यह बाजार में बाढ़ की तरह आ कर महीनों पहले से पैक होकर बिकने लगती है। त्योहारों पर हर घर में पहुंच जाती है। अब सभी जानते हैं कि जो जितना ज्यादा दिखता है, उतनी ही उसकी पूछ कम हो जाती है ! सोन-पापड़ी की सर्वसुलभता ही उसे खास से आम बना देती है ! इसके अलावा दूसरी मंहगी मिठाइयों के मुकाबले इसकी कम कीमत, एक खरीदो दो पाओ, जैसी स्कीमों ने भी इसकी छवि को धूमिल कर इसे लेन-देन की खानापूर्ति का साधन मात्र बना दिया है ! रही-सही कसर इसके बंद डिब्बे के घर-घर घूमने ने पूरी कर दी है ! 

कैसी हैं आप ?

इंद्रजाल 
ऐसा विपरीत माहौल होने के बावजूद यह सूफी मधुर पदार्थ किसी संत की तरह निर्लिप्त रह कर, अपनी जिजीविषा के बल पर हर परिस्थिति का सामना कर रहा है ! अपनी उचित कीमत के कारण यह अकिंचन को भी मिठास के सुख का अनुभव करवाता है ! कौन क्या कह रहा है, क्या कर रहा है, उस ओर ध्यान ना दे, अपने कर्म करता चला जा रहा है ! ऐसा कहा जा सकता है कि वर्तमान में दो ही ऐसे ''पीतवर्णी'' हैं, जो हर परिस्थिति का डट कर सामना करते हैं !  

दो पीतवर्णी 
पर जो भी हो, सच तो यही है कि चाहे कितना भी मजाक बनाया जाए, हंसी उड़ाई जाए, इसका नगर-नगर, गली-गली दिखना और बिकना इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि आज भी यह देश में सर्वाधिक बिकने और पसंद की जाने वाली मिठाइयों में से एक है ! 

@सभी चित्र अंतर्जाल के सौजन्य से                  

मंगलवार, 10 नवंबर 2026

यहां सौ साल पुराने घी से ज्योत प्रज्वलित है

मंदिर में दूर-दूर से श्रद्धालु मन्नत मांगने आते हैं और अपनी कामना पूरी होने पर वापस आकर घी अर्पण करते हैं, जिसे ''घी चरू'' कहा जाता है ! ऐसे घी की आवक उसकी खपत से कहीं ज्यादा होने के कारण उसका संग्रह परिसर में बने भंडारगृह में रखे मटकों में किया जाता रहा है। जिसका उपयोग अखंड ज्योत जलाने के लिए होता रहता है। आज सबसे पुराना घी करीब सौ साल से भी पहले का होने के बावजूद भी अम्लान है ! यही करिश्मा यहां आने वाले भक्तों के लिए अनोखा आध्यात्मिक अनुभव और यह मंदिर आस्था का केंद्र बना हुआ है.........!

#हिन्दी_ब्लॉगिंग

अपने देश में असंख्य ऐसे पूजास्थल हैं, जिनके साथ कोई ना कोई अनोखी मान्यता या ऐसी आश्चर्यजनक बात  या रहस्य जुड़ा हुआ है जिसका जवाब इंसान तो क्या विज्ञान के पास भी नहीं होता ! ऐसा ही एक रोचक प्रसंग करीब सवा छह सौ साल पुराने एक अनूठे शिव मंदिर का है, जो अहमदाबाद से लगभग 50 किमी दूर खेड़ा जिले में, धोलका हाईवे के पास, रढू नामक गांव में स्थित है ! श्री कामनाथ महादेव मंदिर के नाम से प्रसिद्ध इस मंदिर में सौ साल से भी पुराने घी से ज्योत जलाई जाती है ! अचरज की बात यह है कि इतना पुराना होने के बावजूद यह घी ताजे घी के समान ही रहता है ! 

मुख्य द्वार 

हर-हर महादेव 

यहां की परंपरा के अनुसार श्रद्धालुओं के द्वारा अपनी मन्नत पूरी होने पर घी चढ़ाया जाता है ! मंदिर में दूर-दूर से श्रद्धालु मन्नत मांगने आते हैं और अपनी कामना पूरी होने पर वापस आकर घी अर्पण करते हैं, जिसे ''घी चरू'' कहा जाता है ! ऐसे घी की आवक उसकी खपत से कहीं ज्यादा होने के कारण उसका संग्रह चार बड़े कमरों में परंपरानुसार, काले रंग के घड़ों में संचित कर रखा जाता है।  इस घी को कोई भी चख नहीं सकता, यह सिर्फ मंदिर की ज्योत जलाने के लिए ही इस्तेमाल होता है। आज सबसे पुराना घी करीब सौ साल से भी पहले का होने के बावजूद भी अम्लान है ! यही करिश्मा यहां आने वाले भक्तों के लिए अनोखा आध्यात्मिक अनुभव और यह मंदिर आस्था का केंद्र बना हुआ है।

गर्भ गृह 
भक्तगण मंदिर में विराजमान महादेव जी को ''दादा'' भी कहते हैं। गर्भगृह में प्रवेश के लिए तीन सीढ़ियां बनी हुईं हैं, पर वहां पुजारी जी के अलावा किसी का भी प्रवेश वर्जित है ! गर्भगृह में बिजली की व्यवस्था नहीं है, पर वहां स्थापित शिवलिंग के दाईं तरफ जलती अखंड ज्योत को देखा जा सकता है, जो मंदिर के निर्माण के समय से ही जल रही है ! आखिर सालों-साल पुराना घी, बिना किसी आधुनिक सुविधा के, पिघलता क्यों नहीं, खराब क्यों नहीं होता, कोई कीट इसे दूषित क्यों नहीं करता, यह सब जानने के लिए कई परिक्षण व खोजबीन की गईं पर उनका कोई परिणाम अभी तक हासिल नहीं हो पाया है !

घी भंडार 
कामनाथ महादेव मंदिर एक शांत जगह है । लोग शांति महसूस करने और अपनी आस्था से जुड़ने के लिए जाते हैं। खासकर श्रावण के पवित्र महीने में, हजारों भक्त आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं । यहां दर्शन का समय सुबह 5:00 बजे से शाम 9:00 बजे तक का है।  यहां पहुंचने के लिए सबसे पास के एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन अहमदाबाद के हैं, जो करीब चालीस कि.मी. की दूरी पर हैं ! परन्तु मंदिर तक जाने के लिए खुद की व्यवस्था होनी चाहिए, इसके लिए कोई पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा नहीं है।

@सभी चित्रों के लिए अंतर्जाल का हार्दिक आभार 

गुरुवार, 5 नवंबर 2026

ये जीना भी कोई जीना है लल्लू

अवचेतन मन-मष्तिष्क को लगातार सकारात्मक संदेश, अच्छे विचार प्रेषित किए जाएं तो वह निराशा से उबर जाता है ! हमें बचपन से बताया जाता रहा है कि ईश्वर सभी जगह विद्यमान है और वह अपने बच्चों की सदा रक्षा करता है, तो हमें उसी की उपस्थिति का एहसास अपने अवचेतन को देते रहना है ! हमें भी अपने प्रभु को अपने आस-पास होने का एहसास करना है ! उसे महसूस करने की आदत डालनी है, यह सब इतना आसान नहीं है पर मुश्किल भी नहीं है ........!     

#हिन्दी_ब्लॉगिंग 

दु निया में शायद सबसे मुश्किल काम है हमेशा खुश रहना ! जिसको देखो वह दूसरे को सलाह देता है कि चिंता छोड़ो खुश रहो ! यह कहना बहुत आसान है ! पर हकीकत में लाना बहुत ही कठिन ! पहले यह माना जाता था कि आदमी जितना ज्यादा दवाब में रहता है वह उतना ही ज्यादा निखरता है ! पर आजकल परिस्थितियां बहुत बदल गई हैं ! लोग, यहां तक की बच्चे-किशोर तक ज्यादा दबाव के कारण मानसिक रोगी बन जाते हैं ! सर्वाधिक लोगों को ऐसा लगता है कि हम सब जी तो रहे हैं, क्योंकि और कोई चारा भी नहीं है, पर बतौर अमिताभ उन्हें लगने लगता है कि ''ये जीना भी कोई जीना है !'' 

 

तनाव 

अ धिकतर लोगों की आर्थिक स्थिति संतोषजनक ना होने के कारण वे हमेशा तनाव में रहते हैं ! पर जो संपन्न हैं, वे भी परेशान हैं ! पैसा बहुत सी चीजों का हल है, पर सभी का नहीं ! इसलिए जब कभी भी सुख का कोई छोटा-मोटा पल मिल भी जाए तो उसको भी भरपूर जिएं ! कब तक हताशा-निराशा के गर्त में डूबे रहेंगें ! इससे उबरना है ! इसके लिए किसी से कोई अपेक्षा ना रखें ! दूसरों को खुश रखने की कोशिश ना करें ! अपने मन की सुनें ! अपना मनपसंद काम या शौक पूरा करते रहें ! खुद को किसी से कमतर ना समझें !  

इस सबके अलावा हमें खुश रहने के और भी तरीके तो खोजने ही होंगे ! क्योंकि जो जीवन मिला है उसको काटना नहीं है बल्कि उसका आनंद लेना है ! बीती ताहि बिसारनी है, आगे की सुध लेनी है ! क्योंकि जो बीत गया उसे तो सुधारा नहीं जा सकता पर उससे सीख जरूर ली जा सकती है, जिससे वर्तमान का ख्याल रखा जा सके और वह बुरा भूत ना बन सके ! बीते हुए समय का कुछ याद करना ही है तो उसके खूबसूरत पल, परिवार-दोस्तों के साथ बीता यादगार समय, अपनी कोई उपलब्धि याद करें !  

खुशहाली 
जिं दगी में समस्याएं तो कभी खत्म नहीं हो सकतीं ! ऐसा भी नहीं है कि दुनिया में हम ही पर मुसीबतें लदी बैठी हों। संसार की आबादी का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में है ! पर इंसान ठान ले तो क्या नहीं कर सकता ! इस बड़ी मुसीबत के बीच से ही यदि खुशी के कुछ छोटे-छोटे पल चुरा लिए जाएं, तो शायद मुसीबतें भी कुछ शर्मा जाएं ! इसके लिए सबसे अहम है, अपनी सेहत को बरकरार रखना है, ''सेहत हजार नियामत'', यह ठीक रहेगी तभी  परिस्थितियों का मुकाबला हो पाएगा ! तन ठीक रहेगा तो मन भी स्वस्थ बना रहेगा ! 

अवचेतनता 
क हते हैं कि यदि अवचेतन मन-मष्तिष्क को लगातार सकारात्मक संदेश, अच्छे विचार प्रेषित किए जाएं तो वह निराशा से उबर जाता है ! हमें बचपन से बताया जाता रहा है कि ईश्वर सभी जगह विद्यमान है और वह अपने बच्चों की सदा रक्षा करता है, तो हमें उसी की उपस्थिति का एहसास अपने अवचेतन को देते रहना है ! चीन की एक कहावत है कि किसी भी काम को दो हफ्ते तक करने से उसकी आदत पड़ जाती है ! हमें भी अपने प्रभु को अपने आस-पास होने का एहसास करना है ! उसे महसूस करने की आदत डालनी है ! सबसे बड़ी बात समय कभी एक सा नहीं रहता, यह सदा याद रखें ! यह सब इतना आसान नहीं है पर मुश्किल भी नहीं है इस पर भी विश्वास रखें !

@चित्रों के लिए अंतर्जाल का हार्दिक आभार 

विशिष्ट पोस्ट

कदर तेरी ना जानी 😔

इसके माखौल का कारण यह खुद है ! अपने टिकाऊपन यानी शेल्फ-लाइफ के कारण यह बाजार में महीनों पहले से पैक होकर बिकने लगती है। अब सभी जानते हैं कि ...