मंगलवार, 10 नवंबर 2026

यहां सौ साल पुराने घी से ज्योत प्रज्वलित है

मंदिर में दूर-दूर से श्रद्धालु मन्नत मांगने आते हैं और अपनी कामना पूरी होने पर वापस आकर घी अर्पण करते हैं, जिसे ''घी चरू'' कहा जाता है ! ऐसे घी की आवक उसकी खपत से कहीं ज्यादा होने के कारण उसका संग्रह परिसर में बने भंडारगृह में रखे मटकों में किया जाता रहा है। जिसका उपयोग अखंड ज्योत जलाने के लिए होता रहता है। आज सबसे पुराना घी करीब सौ साल से भी पहले का होने के बावजूद भी अम्लान है ! यही करिश्मा यहां आने वाले भक्तों के लिए अनोखा आध्यात्मिक अनुभव और यह मंदिर आस्था का केंद्र बना हुआ है.........!

#हिन्दी_ब्लॉगिंग

अपने देश में असंख्य ऐसे पूजास्थल हैं, जिनके साथ कोई ना कोई अनोखी मान्यता या ऐसी आश्चर्यजनक बात  या रहस्य जुड़ा हुआ है जिसका जवाब इंसान तो क्या विज्ञान के पास भी नहीं होता ! ऐसा ही एक रोचक प्रसंग करीब सवा छह सौ साल पुराने एक अनूठे शिव मंदिर का है, जो अहमदाबाद से लगभग 50 किमी दूर खेड़ा जिले में, धोलका हाईवे के पास, रढू नामक गांव में स्थित है ! श्री कामनाथ महादेव मंदिर के नाम से प्रसिद्ध इस मंदिर में सौ साल से भी पुराने घी से ज्योत जलाई जाती है ! अचरज की बात यह है कि इतना पुराना होने के बावजूद यह घी ताजे घी के समान ही रहता है ! 

मुख्य द्वार 

हर-हर महादेव 

यहां की परंपरा के अनुसार श्रद्धालुओं के द्वारा अपनी मन्नत पूरी होने पर घी चढ़ाया जाता है ! मंदिर में दूर-दूर से श्रद्धालु मन्नत मांगने आते हैं और अपनी कामना पूरी होने पर वापस आकर घी अर्पण करते हैं, जिसे ''घी चरू'' कहा जाता है ! ऐसे घी की आवक उसकी खपत से कहीं ज्यादा होने के कारण उसका संग्रह चार बड़े कमरों में परंपरानुसार, काले रंग के घड़ों में संचित कर रखा जाता है।  इस घी को कोई भी चख नहीं सकता, यह सिर्फ मंदिर की ज्योत जलाने के लिए ही इस्तेमाल होता है। आज सबसे पुराना घी करीब सौ साल से भी पहले का होने के बावजूद भी अम्लान है ! यही करिश्मा यहां आने वाले भक्तों के लिए अनोखा आध्यात्मिक अनुभव और यह मंदिर आस्था का केंद्र बना हुआ है।

गर्भ गृह 
भक्तगण मंदिर में विराजमान महादेव जी को ''दादा'' भी कहते हैं। गर्भगृह में प्रवेश के लिए तीन सीढ़ियां बनी हुईं हैं, पर वहां पुजारी जी के अलावा किसी का भी प्रवेश वर्जित है ! गर्भगृह में बिजली की व्यवस्था नहीं है, पर वहां स्थापित शिवलिंग के दाईं तरफ जलती अखंड ज्योत को देखा जा सकता है, जो मंदिर के निर्माण के समय से ही जल रही है ! आखिर सालों-साल पुराना घी, बिना किसी आधुनिक सुविधा के, पिघलता क्यों नहीं, खराब क्यों नहीं होता, कोई कीट इसे दूषित क्यों नहीं करता, यह सब जानने के लिए कई परिक्षण व खोजबीन की गईं पर उनका कोई परिणाम अभी तक हासिल नहीं हो पाया है !

घी भंडार 
कामनाथ महादेव मंदिर एक शांत जगह है । लोग शांति महसूस करने और अपनी आस्था से जुड़ने के लिए जाते हैं। खासकर श्रावण के पवित्र महीने में, हजारों भक्त आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं । यहां दर्शन का समय सुबह 5:00 बजे से शाम 9:00 बजे तक का है।  यहां पहुंचने के लिए सबसे पास के एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन अहमदाबाद के हैं, जो करीब चालीस कि.मी. की दूरी पर हैं ! परन्तु मंदिर तक जाने के लिए खुद की व्यवस्था होनी चाहिए, इसके लिए कोई पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा नहीं है।

@सभी चित्रों के लिए अंतर्जाल का हार्दिक आभार 

कोई टिप्पणी नहीं:

विशिष्ट पोस्ट

यहां सौ साल पुराने घी से ज्योत प्रज्वलित है

मंदिर में दूर-दूर से श्रद्धालु मन्नत मांगने आते हैं और अपनी कामना पूरी होने पर वापस आकर घी अर्पण करते हैं, जिसे ''घी चरू'' क...