यात्रा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
यात्रा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 7 जुलाई 2025

कांवड़ यात्रा, सृष्टि रूपी शिव की आराधना

इस पवित्र पर कठिन यात्रा में भाग लेने वाले कांवड़िए अपनी पूरी यात्रा के दौरान नंगे पांव, बिना कावंड को नीचे रखे, अपने आराध्य को खुश करने के लिए सात्विक जीवन शैली अपनाए रखते हैं ! यात्रा में तामसिक भोजन, दुर्व्यवहार, कदाचार पूर्णतया निषेद्ध होता है ! यहां तक कि एक-दूसरे का नाम तक नहीं लेते ! सब ''बोल बम'' हो जाते हैं ! शिवमय हो जाते हैं ! उनके बीच का फर्क मिट जाता है ! आपसी एकता, सहयोग, समानता की भावना मजबूत होती है ! पहचान, जाति, वर्ग सब तिरोहित हो जाते हैं ! हर कांवड़िया एक दूसरे का भाई बन जाता है...........!   

#हिन्दी_ब्लागिंग 

हर साल सावन के पवित्र महीने में शिव भक्त पदयात्रा कर, सुदूर स्थानों से नदियों का जल ला कर अपने निवास के पास के शिव मंदिर में स्थित शिवलिंग का इस माह की चतुर्दशी के दिन जलाभिषेक करते हैं ! कंधे पर जल ला कर भगवान शिव को चढ़ाने की पारम्परिक यात्रा को कांवड़ यात्रा बोला जाता है। कांवड़ का मूल शब्द कांवर है जिसका अर्थ कंधा होता है ! बांस की बनी जिस बंहगी के दोनों सिरों पर जलपात्र लटका कर लाया जाता है उसे कांवड़ तथा जल लाने वाले भक्तों को कांवड़िया कहा जाता है ! इस पूरी यात्रा में कांवड़ को भूमि पर नहीं रखा जाता है ! मुख्यता यह यात्रा हरिद्वार से शुरू होती है ! इस साल यह यात्रा ग्यारह जुलाई से प्रारम्भ हो कर नौ अगस्त तक चलेगी !   

हर की पौड़ी, हरिद्वार 
मारे ग्रंथों में कांवड़ यात्रा का संबंध सागर-मंथन से जोड़ा गया है। उस महा-उपक्रम में जब विष निकला और उसकी ज्वाला से सारी दुनिया में त्राहि-त्राहि मच गई, तब शिव जी ने उस गरल का पान किया लेकिन उसकी गर्मी उन्हें भी परेशान करने लगी, तब उस ज्वाला को शांत करने के लिए उनका गंगा जल से अभिषेक किया गया जिससे विष की दग्धता कम हुई ! तबसे यह परम्परा चली आ रही है ! कहने को तो ये धार्मिक आयोजन भर है, लेकिन इसके सामाजिक सरोकार भी हैं। कांवड के माध्यम से जल की यात्रा का यह पर्व सृष्टि रूपी शिव की आराधना के लिए है।

यात्रा विश्राम 
मारे शास्त्रों के अनुसार जब दोनों पात्रों में जल भर कर उन्हें कांवड़ में श्रद्धा और विधि पूर्वक सजा-संवार तथा पूजित कर स्थापित कर दिया जाता है तो शिव जी कांवड़ में तथा ब्रह्मा तथा विष्णु जी दोनों घटों में समाहित हो जाते हैं ! ऐसे में भक्त कांवड़िए को कांवड़ के माध्यम से ब्रह्मा, विष्णु, महेश, तीनों की कृपा एक साथ प्राप्त हो जाती है ! कांवड़िया, शिवयोगी के समान हो जाता है जो मन, वाणी, कर्म से किसी भी प्राणी का अहित नहीं करता, सब में एकमात्र सदाशिव का ही दर्शन करता है। कांवड़ यात्रा शिव भक्ति का एक रास्ता तो है ही साथ ही व्यक्तिगत विकास में भी सहायक है ! 

हर-हर महादेव 
इस पवित्र पर कठिन यात्रा में भाग लेने वाले कांवड़िए अपनी पूरी यात्रा के दौरान नंगे पांव, बिना कावंड को नीचे रखे, अपने आराध्य को खुश करने के लिए सात्विक जीवन शैली अपनाए रखते हैं ! यात्रा में तामसिक भोजन, दुर्व्यवहार, कदाचार पूर्णतया निषेद्ध होता है ! यहां तक कि एक-दूसरे का नाम तक नहीं लेते ! सब ''बोल बम'' हो जाते हैं ! शिवमय हो जाते हैं ! उनके बीच का फर्क मिट जाता है ! आपसी एकता, सहयोग, समानता की भावना मजबूत होती है ! पहचान, जाति, वर्ग सब तिरोहित हो जाते हैं ! हर कांवड़िया एक दूसरे का भाई बन जाता है !

बम-बम भोले 
इस यात्रा में भाग लेने वाले सभी कांवड़ियों के अपने-अपने संकल्प होते हैं ! उन्हीं में से कुछ ऐसे होते हैं, जो जल भरने के बाद अगले 24 घंटे के अंदर उसे भोलेनाथ पर चढ़ाने का संकल्प लिए दौड़ते हुए शिवालयों तक पहुंच कर शिवलिंगों पर यह जल अर्पित करते हैं, उन्हें 'डाकबम' कहते हैं ! उनके लिए कुछ अलग सुविधाएं और इंतजाम भी किए जाते हैं !

गंतव्य के पहले रुकना नहीं 

ऐसे ही एक शिव भक्त आशीष उपाध्याय का नाम शीर्ष कांवड़ियों में दर्ज है, जिन्होंने 22 जुलाई 2016 को हरिद्वार से जल लेकर 18 दिनों की पैदल यात्रा के पश्चात लगभग 1032 किलोमीटर की यात्रा संपन्न कर बनारस में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया था ! यह आज तक की सबसे लंबी कांवड़ यात्रा में शामिल है !

भक्ति की शक्ति 
प्रतीकात्मक तौर पर कांवड यात्रा का संदेश यही है कि प्रत्येक इंसान जल बचाकर और नदियों के पानी का उपयोग कर अपने खेत खलिहानों की सिंचाई करें और अपने निवास स्थान पर पशु पक्षियों और पर्यावरण को पानी उपलब्ध कराए तो प्रकृति की तरह उदार शिव सहज ही प्रसन्न होंगे। 

@सभी चित्र और संदर्भ अंतर्जाल के सौजन्य से 

शुक्रवार, 9 जून 2023

यादगार यात्रा, डलहौजी-खजियार की

पहाड़ों में प्रचलित एक कहावत के अनुसार तीन Unpredictable ''W'' में से एक, Weather, का शाम होते-होते मिजाज बदलने लगा था ! आस-पास की पहाड़ियों पर घने काले बादल छाने व मंडराने लग गए थे ! इसके पहले कि उसका गुस्सा बढ़ता हमने अपने होटल की शरण लेना बेहतर समझा ! परंतु शॉपिंग का प्रेम कुछ लोगों को मॉल की ओर ले तो गया, पर बारिश ने प्रेम पर अपना आँचल डाल दिया, फिर क्या ! वही हुआ जो मंजूरे बरसात था ! कुछ लेना-खरीदना तो दूर जो अपने पास था वह भी पानी-पानी हो गया 😃

#हिन्दी_ब्लॉगिंग 

RSCB के मई के उत्तरार्द्ध के अमृतसर-चिंतपूर्णी यात्रा का अमृतसर के बाद दूसरा पड़ाव था, हिमाचल का खूबसूरत, छोटा सा पहाड़ी शहर डलहौजी ! सफर के दूसरे दिन होटल वगैरह की कार्यवाही निपटा, जालियांवाला बाग में श्रद्धांजलि अर्पित करने और दुर्गयाणा मंदिर के दर्शनों के पश्चात हमारी स्वस्थ-प्रसन्न टोली ने यहां से तक़रीबन 198 किमी दूर स्थित डलहौजी का रूख किया ! सड़क मार्ग से डलहौज़ी दिल्ली से 555 किमी तथा चंबा से 45 किमी है ! इसका निकटतम रेलवे स्टेहन पठानकोट यहां से 85 किमी की दूरी पर है !   

दुर्गियाना मंदिर 

जालियांवाला बाग, प्रवेश द्वार 

जालियांवाला बाग 

डलहौजी, 19वीं शताब्दी में भारत के ब्रिटिश गवर्नर जनरल लॉर्ड डलहौज़ी के नाम पर इसका नामकरण किया गया था ! धौलाधार पर्वत श्रृंखला की पांच पहाड़ियों, कैथलॉग, पोट्रेस, तेहरा, बकरोटा और बोलुन, पर बसा यह शहर, अपने सुरम्य परिदृश्य, अद्भुत वनों, प्राकृतिक दृश्यों, हरी, मृदु घास के मैदानों के लिए पर्यटकों में खासा लोकप्रिय है ! धुंध से घिरी धौलाधार पर्वत की घाटियां, उसकी स्वप्निल चोटियों से निकलती तेज प्रवाह नदियों के अनूठे घुमावदार मोड़, दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देते हैं ! यहां के ब्रिटिश कालीन, संरक्षित चर्च अपनी अनोखी वास्तुकला के चलते अभी भी बेहद दर्शनीय हैं ! 

डलहौजी

डलहौजी की शाम 
हाड़ी रास्ते के कारण डलहौजी के निर्धारित होटल तक पहुंचते-पहुंचते रात घिर आई थी ! कुछ बस यात्रा की थकान भी थी, सो कहीं बाहर ना जा, सभी सदस्यों ने चाय के सहारे एक साथ मिल-बैठ कर बेहतरीन समय का आनंद उठाया ! बेतकल्लुफ़ी के माहौल में एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझना-जानना हुआ ! कितनों की दबी-ढकी प्रतिभाएं सामने आईं ! एक-दूसरे के अनुभवों का, जानकारियों का आदान-प्रदान हुआ ! फिर सबने एक-दूसरे से विदा ली ! अगले दिन खजियार भी तो जाना था !

खजियार

खजियार
खजियार, कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक भारत में एक से एक खूबसूरत, मनोरम व सकूनदायक पहाड़ी स्थल हैं। उन्हीं में से एक है, हिमाचल के डलहौजी शहर से करीब 24 किमी दूर एक मनोहारी स्थल, खजियार ! जिसने अपनी अत्यधिक प्राकृतिक सुंदरता के कारण, मिनी स्विटरजलैंड का खिताब हासिल किया हुआ है ! चारों ओर से चीड़ के वृक्षों से घिरे इसके बुग्याल में एक मनोरम झील भी है, जिसे खजियार लेक के नाम से जाना जाता है ! झील के पास ही एक नाग मंदिर है, जहां प्रस्तर से बनी नागदेवता की मूर्ति की विधिवत रोजाना पूजा की जाती है ! पहाड़ी स्थापत्य कला में निर्मित 10वीं शताब्दी का यह धार्मिक स्थल खज्जी नाग मंदिर के नाम से जाना जाता है। मंदिर के मंडप के कोनों में पांच पांडवों की लकड़ी की मूर्तियां स्थापित हैं। मान्यता है कि पांडव अपने अज्ञातवास के दौरान यहां आकर ठहरे थे। यहां की लोक-मान्यता के अनुसार इस जगह का नाम खज्जी नाग  के नाम पर पड़ा है, जिनका मूल निवास आज भी इसी झील में है !

खज्जीनाग मंदिर 
पंचपुला झरने की ओर 

पंचपुला झरना 
एक लोक कथा के अनुसार सदियों पहले पूंपर नामक इस गांव के लोगों को एक बार पहाड़ पर कुछ चमकीली चीज दिखाई दी ! उनके वहां खजाना समझ खुदाई करने पर चार नाग देवता प्रगट हुए ! जिनके आदेशानुसार उन्हें एक डोली में बैठा, नीचे ले आया जाने लगा, पर रास्ते में सुकरेही नामक स्थान पर डोली के अत्यधिक भारी हो जाने के कारण उसे वहीं रख देना पड़ा ! तब चारों नाग देवता वहां से अलग-अलग जगहों, खजियार, नधूईं, चुवाड़ी और जमुहार में जा कर बस गए ! तभी से इस जगह को खज्जी नाग के नाम पर खजियार या खज्जियार कहा जाने लगा ! खजियार के पास ही कई अन्य दर्शनीय स्थल भी हैं, जिनमें कालाटोप वन्यजीव अभ्यारण्य, पंचपुला, सुभाष बावली इत्यादि प्रमुख हैं !

                                                                 मस्ती, खुले दिल से           

लौटने का समय हो रहा था ! वैसे भी पहाड़ों में प्रचलित एक कहावत के अनुसार तीन Unpredictable ''W'' में से एक, Weather के स्वभाव में बदलाव आता दिख रहा था ! आस-पास की पहाड़ियों पर घने काले बादल छाने व मंडराने लग गए थे ! इसके पहले कि उसका मिजाज और खराब होता, हमने अपने होटल की शरण लेना श्रेयकर समझा ! परंतु इस हालात में भी शॉपिंग का प्रेम कुछ लोगों को मॉल की ओर ले ही गया ! पर बारिश ने उस प्रेम पर अपना आँचल डाल दिया ! फिर क्या....., वही हुआ जो मंजूरे बरसात था 😃   

-- कल धर्मशाला की ओर 

सोमवार, 24 जनवरी 2022

मोमबत्तियों की बढ़ती संख्या से विचलित ना हों, उनके बढ़ते आलोक का आनंद लें

पोर्टब्लेयर और दिल्ली, दोनों जगहों के तापमान में बहुत ज्यादा अंतर था। वहां एक टी शर्ट भी भारी लगती थी तो यहां सब कुछ ठंड की चपेट में था ! पर जो है वह तो हइए है ! शुक्र इस बात का रहा कि उम्र-दराज होने के बावजूद किसी भी सदस्य को कोई खास तकलीफ नहीं हुई जबकि पूरा दौरा कुछ थका देने वाला ही था ! पर हरेक सदस्य ने यह सिद्ध कर दिया कि उम्र सिर्फ एक अंक ही है ! तन पर भले ही समय की छेनी अपना असर दिखा रही हो, दिमाग युवा और मन अभी भी बच्चा ही है ! हम वे लोग हैं जो केक पर की मोमबत्तियों की बढ़ती संख्या से विचलित ना हो कर उनके बढ़ते अलोक का आनंद लेते हैं..............!   

#हिन्दी_ब्लागिंग 

जनकपुरी की #RSCB (Retired and Senior Citizen Brotherhood) संस्था द्वारा आयोजित 11 से 16 दिसंबर की पोर्टब्लेयर यात्रा का पांचवां दिन घर वापसी के रूप में शुरू हुआ ! नील द्वीप से अपने उसी क्रूज, Green Ocean, से ही वापसी भी थी ! पोर्टब्लेयर से हैवलॉक होते हुए यह नील टापू तक करीब ढाई घंटे में पहुंचता है पर वापसी में सीधे नील से पोर्टब्लेयर आने में दो घंटे ही लगते हैं ! पर यह समय भी गाने-बजाने में कैसे निकल जाता है, पता ही नहीं चलता ! दोपहर एक बजते-बजते पोर्टब्लेयर के उसी होटल J में, जिसमें दो दिन पहले ठहरे थे, पहुँच फिर चेक इन कर लिया गया ! यह होटल अबरदीन बाजार में स्थित है यहाँ से मरीना बीच की दूरी सिर्फ पांच मिनट,पैदल की है ! भोजनोपरांत कुछ लोग शहर भ्रमण और कुछ लोग खरीदारी के लिए निकल गए तो कुछ ने अपने कमरे में ही समय व्यतीत करने का निश्चय किया !


होटल से 

अपनी मनमोहक खूबसूरती, शांति और जलीय खेलों, जलीय जीव-जन्तुओं को बेहद करीब से देख सकने की सुविधा जैसी रोमांचक खूबियों के कारण अंडमान द्वीप समूह पर्यटकों को सदा आकर्षित करता रहा है ! दिल्ली से करीब ढाई हजार किमी (2485) दूर इसकी राजधानी पोर्ट ब्लेयर अपनी ऐतिहासिक जेल, म्यूजियम, जापानी बंकर, मरीना पार्क जैसी बेहद सुंदर जगहों के लिए विश्व प्रसिद्ध है ! यहां की वन संपदा के दोहन के लिए सन1789 में अंग्रेज सरकार द्वारा लेफ्टिनेंट रेगिनाल्ड ब्लेयर के नेतृत्व में एक सर्वे करवाया गया तथा उसी सर्वेयर के नाम पर ही यहां के मुख्य द्वीप का नाम पोर्ट ब्लेयर रख दिया गया !  

क्लॉक टॉवर 



काले पानी की सजा पाने वालों में विभिन्न प्रदेशों, जातियों, धर्मों के स्त्री-पुरुष दोनों ही होते थे ! ब्रिटिश सरकार के अधिकारी इन कैदियों में से कइयों की सजा समय-समय पर उनका आचरण देख काम या माफ करते रहते थे ! पर सजा मुक्त होने पर भी उन्हें मुख्य भूमि पर ना भेज, वहीं बसा दिया जाता था। उनके आपस में विवाह भी करवा, परिवार बनवा, कुछ टुकड़े जमीनों के भी दे दिए जाते थे ! इस तरह ये द्वीप बसते चले गए ! सरकार की पुलिस में भी हर धर्म जाति के लोग थे, तो उनकी आस्था और धर्म की तुष्टि को पूरा करने के लिए अंग्रेजों ने पोर्टब्लेयर में एक-एक मंदिर, गुरुद्वारा और मस्जिद का निर्माण करवा उनका संचालन पुलिस विभाग को सौंप दिया ! आज भी यह प्रथा चली आ रही है और इन तीनों धर्मस्थलों को पुलिस के नाम से ही जाना जाता है !   

पुलिस मंदिर 

इनके अलावा अबरदीन मार्ग पर हनुमान जी का एक और मंदिर भी है। इसका गुंबद देश के दक्षिणी भागों के मंदिरों जैसा है ! इसकी मुख्य प्रतिमाएं पूर्णतया सोने से मढ़ी हुई हैं, जो बहुत ही सुंदर और सजीव सी हैं ! फिर भी किसी तरह का पहरा या अतिरिक्त सुरक्षा की जरुरत महसूस नहीं की जाती ! शायद द्वीप की रक्षार्थ सागर की उपस्थिति ही पर्याप्त है ! आश्चर्य की बात है कि इन सब दर्शनीय स्थलों का उल्लेख किसी भी यात्रा विवरणिका में उपलब्ध नहीं करवाया जाता ! पर जो भी हो यह जगहें देखने लायक जरूर हैं।

मंदिर की छत पर बना अत्यंत सुंदर चित्र 



वापसी 
शाश्वत नियम है कि हर चीज का अंत होता ही है ! सो इस यादगार यात्रा का समापन भी आ ही पहुंचा ! आते समय बेंगलुरु होते हुए आए थे, लौटते वक्त Go First की कोलकाता होते हुए दिल्ली की फ्लाइट थी ! दोपहर सवा ग्यारह बजे शुरू हुई हवाई यात्रा ने घुमाते-फिराते शाम पांच बजे दिल्ली पहुंचा दिया ! ग्रुप के मित्रों ने आपस में संबंध बनाए रखने के वादे के साथ विदा ली ! दोनों जगहों के तापमान में बहुत ज्यादा अंतर था, वहां एक टी शर्ट भी भारी लगती थी तो यहां सब कुछ ठंड की चपेट में था ! पर जो है वह तो हइए है ! शुक्र इस बात का रहा कि उम्र-दराज होने के बावजूद किसी भी सदस्य को कोई ख़ास तकलीफ नहीं हुई जबकि पूरा दौरा कुछ थका देने वाला ही था ! पर हरेक सदस्य ने यह सिद्ध कर दिया कि उम्र सिर्फ एक अंक है ! तन पर भले ही समय की छेनी अपना असर दिखा रही हो, दिमाग युवा और मन बच्चा ही होना चाहिए ! हम वे लोग हैं जो केक पर की मोमबत्तियों की संख्या से विचलित ना हो कर उनके बढ़ते आलोक का आनंद लेते हैं ! 

रविवार, 12 जुलाई 2020

स्टेशन; आधे पर भाई, आधे पर भाऊ

यह तो अच्छा है कि स्टेशनों का रख-रखाव भी रेलवे के ही जिम्मे है, नहीं तो पता नहीं आपसी लड़ाई में राजनीती ऐसी धरोहरों का क्या हाल कर के धर देती ! आधे में रौशनी होती, आधे में अंधकार ! आधा रंग-रोगन से चमकता, तो आधा बेरंगत फटे हाल ! आधे में साफ़-सफाई, तो आधा बदबूदार ! आधे के कर्मचारी उसके, आधे के इसके ! ना आपस में समन्वय, ना कोई भाईचारा ! इन सबके बीच मुसाफिर बेचारा रहता आफत का मारा ............!!

#हिन्दी_ब्लागिंग    
रेल सदा ही अबाल-वृद्ध में उत्सुकता, अचरज व लोकप्रियता का मुद्दा रही है। हमारी रेल व्यवस्था दुनिया के रेल तंत्र में चौथे स्थान पर है। साढ़े बारह हजार से भी ऊपर हमारी यात्री गाड़ियां रोज दो करोड से भी ज्यादा लोगों को अपने मुकाम पर पहुंचाने में लगी रहती हैं। इनको लाने ले जाने के पड़ाव के रूप में तकरीबन साढ़े आठ हजार के लगभग स्टेशन कार्यरत हैं। इनमें से कई अपनी अजीबोगरीब खासियतों के कारण मशहूरी पा चुके हैं। कोई अपनी ऊंचाई, कोई लम्बाई, कोई व्यस्तता, कोई अपने परिवेश, कोई अपने नाम को ही ले कर कौतुक का विषय बन चुका है। यदि ऐसे सारे अजूबों की बात की जाए तो अच्छा-खासा मोटा ग्रंथ बन जाएगा। इसलिए आज सिर्फ ऐसे दो रेलवे स्टेशनों की बात जो बात ही बात में दो राज्यों के बीच बंट कौतुक की बात बनने के बावजूद अवाम में गुमनाम सी बात बन कर रह गए हैं।


पहला है, नवापुर का स्टेशन !  पश्चिम रेलवे के सूरत-भुसावल मार्ग पर पड़ने वाला यह स्टेशन दो राज्यों में बंटा हुआ है ! इसका आधा हिस्सा महाराष्ट्र में और आधा गुजरात में पड़ता है। जब यह स्टेशन बनाया गया था तब महाराष्ट्र और गुजरात अलग-अलग प्रांत नहीं थे। तब इसे बाम्बे प्रेसीडेंसी में बनाया गया था। परन्तु जब 1961 में राज्यों का बंटवारा हो महाराष्ट्र और गुजरात अलग हुए तो नवापुर दोनों के हिस्से में आ गया। तब ज्यादा बखेड़ा न कर इसे यथावत रख दोनों राज्यों के बीच बांट दिया गया। स्टेशन की कुल लंबाई 800 मीटर है जिसके 300 मीटर का हिस्सा महाराष्ट्र में पड़ता है तथा 500 मीटर का हिस्सा गुजरात में ! यदि स्टेशन पर कोई रेलगाड़ी महाराष्ट्र से आ रही है तो उसका इंजन गुजरात में होता है और यदि गुजरात से ट्रेन आ रही है तो उसका इंजन महाराष्ट्र में होता है। इसके रेलवे पुलिस स्टेशन, जलपान गृह, टिकट घर, महाराष्ट्र राज्य के नंदूरबार जिले के नवापुर में आते हैं और स्टेशन मास्टर, वेटिंग रूम, पानी की टंकी और शौचालय गुजरात राज्य के तापी जिले के उच्छल में पड़ते हैं। इस स्टेशन पर आने वाली रेलगाड़ियों का एक हिस्सा महाराष्ट्र और दूसरा हिस्सा गुजरात में खड़ा होता है। दोनों राज्यों की सीमाओं को दिखाने के लिए इस स्टेशन के बीचो-बीच एक बेंच लगाई गई है, जिस पर बाकायदा पेंट कर दोनों राज्यों की सीमाओं के बारे में बताया गया है। इसमें एक तरफ गुजरात व दूसरी ओर महाराष्ट्र लिखा हुआ है। इसका उल्लेख एक बार रेल मंत्री भी कर चुके हैं। अलग-अलग भाषाओं के राज्य होने के कारण रेलों के आने-जाने की जानकारी भी चार भाषाओं हिंदी-अंग्रेजी-मराठी व गुजराती में दी जाती है ! एक और मजे की बात ! सुरा प्रेमी और गुटका-मसाला के चहेतों को यहां थोड़ा सजग रहने की भी जरुरत है ! ऐसी कोई भी लत लात खाने का कारण बन सकती है ! क्योंकि गुजरात में शराब बंदी है तो महाराष्ट्र में गुटका बैन है !
ऐसा ही एक दूसरा रेलवे स्टेशन है, भवानी मंडी ! जो भारतीय रेलवे के अनोखे स्टेशनों की फेहरिस्त में शामिल है ! रेलवे के वेस्ट सेन्ट्रल जोन के कोटा रेलवे डिवीजन के अंतर्गत आने तथा राजस्थान के झालावाड़ जिले में पड़ने वाले इस स्टेशन का उत्तरी हिस्सा मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में तथा दक्षिणी भाग राजस्थान के झालावाड़ में पड़ता है। इसलिए आधी गाडी एक राज्य में खड़ी होती है तो आधी दूसरे राज्य में ! चालक एक राज्य में होता है तो गार्ड दूसरे प्रांत में ! दो राज्यों की मिलकियत बना यह स्टेशन, दो राज्यों को रेलवे के जरिए एक भी करता है। इस स्टेशन पर भी दोनों राज्यों की सीमाओं को दिखाने के लिए बोर्ड लगाए गए हैं। नवापुर स्टेशन की तरह ही भवानी मंडी स्टेशन का टिकट बुकिंग काउंटर मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में पड़ता है तो स्टेशन में आने का रास्ता और इसका प्रतीक्षालय राजस्थान के झालावाड़ जिले के अंतर्गत आते हैं। इसीलिए वह मजेदार मंजर बनता है जहां टिकट मध्य प्रदेश से दिया जाता है और लिया राजस्थान में जाता है ! 

यह तो अच्छा है कि स्टेशनों का रख-रखाव भी रेलवे के ही जिम्मे है, नहीं तो पता नहीं आपसी लड़ाई में राजनीती ऐसी धरोहरों का क्या हाल कर के धर देती ! आधे में रौशनी होती, आधे में अंधकार ! आधा रंग-रोगन से चमकता, तो आधा बेरंगत फटे हाल ! आधे में साफ़-सफाई, तो आधा बदबूदार ! आधे के कर्मचारी उसके, आधे के इसके ! ना आपस में समन्वय, ना कोई भाईचारा ! इस सबके बीच रहता मुसाफिर आफत का मारा ! 

@चित्र अंतरजाल के सौजन्य से 

मंगलवार, 5 मई 2020

शैवतीर्थ उनाकोटी, जहां बिखरी पड़ी हैं असंख्य मूर्तियां और प्रतिमाएं

तेज प्रवाह वाली नदियों, उबड़ खाबड़ पहाड़ियों, दूर तक फैले घने जंगलों, दलदली इलाकों के बीहड़ के बीच  अज्ञात सा, अद्भुत रहस्यमय स्थान, उनाकोटी ! जहां जंगल की क्षीणकाय, नामालूम सी पगडंडियों पर चल कर ही पहुंचा जा सकता है। अभी भी इसके और इसके जंगलों के बीच अफरात में फैले शैलचित्रों और मूर्तियों के भंडार और उनकी खासियत के बारे में बहुतेरे देशवासियों को कोई खबर नहीं है  

#हिन्दी_ब्लागिंग  
उनाकोटि हमारे देश के त्रिपुरा राज्य का एक विचित्र, अनोखा, रोमांचक, रहस्यमय, अज्ञात सा एक ऐसा अद्भुत स्थान, जिसकी आज भी अधिकांश देशवासियों को कोई खबर नहीं है ! छविमुड़ा गांव के आगे घोर जंगलों के बीचोबीच, मानव बस्तियों से दूर बीहड़ में मौजूद असंख्य हिन्दू देवी-देवताओं की मूर्तियां हैं। ऐसा अनोखा, भव्य और असीमित मूर्ति भंडार देश के किसी भी और हिस्से में उपलब्ध नहीं है ! जिन्हें पहाड़ी को काट कर या उन्हीं पर उकेर कर बनाया गया है। उन्हें देख यह किसी इंसानी हाथ का काम नहीं लगता।  






तेज प्रवाह वाली नदियों, उबड़-खाबड़ पहाड़ियों, दूर-दूर तक फैले घने जंगलों, दलदली इलाकों के बीहड़ के बीच स्थित है यह अज्ञात सा,अद्भुत रहस्यमय स्थान उनाकोटी। जहां जंगल की क्षीणकाय, नामालूम सी पंगडंडियों पर चल कर ही पहुंचा जा सकता है। अभी भी इसके और इसके जंगलों के बीच अफरात में फैले शैलचित्रों और मूर्तियों के भंडार और उनकी खासियत के बारे में बहुतेरे देशवासियों को कोई खबर नहीं है। जनशून्य जगह में, बीहड़ के बीचोबीच, किसी साधन की उपलब्धता के आसार के बिना, इतनी मात्रा में भव्य मूर्तियों का निर्मित होना लंबे समय से खोज व शोध का विषय बना हुआ है ! स्थानीय लोगों के अनुसार यह सब कुछ दैवीय कृपा से ही संभव हो पाया है !








यहां की मुख्य मूर्ति शिव जी की उनाकोटेश्वर कालभैरव नामक करीब 30-35 फुट की विशाल प्रतिमा है, जिस पर उकेरा गया मुकुट ही दस फुट का है ! इनके दोनों ओर दो स्त्री विग्रह हैं जिनमें एक सिंहारूढ दुर्गा जी की मूर्ति है। यहीं विष्णु जी की वृहदाकार मूर्ति के साथ ही गणेश जी की चार भुजाओं व तीन दांतों तथा आठ भुजाओं और चार दाँतों वाली कहीं और ना पायी जाने वाली दुर्लभ मूर्तियों के अलावा माँ दुर्गा, माँ काली की हैरान कर देने वाली प्रतिमाओं के साथ-साथ नंदी और अन्य देवताओं की भी ढेर सारी अनगिनत मूर्तियां बनी हुई हैं। मान्यता के अनुसार गिनती में ये एक कम, एक करोड़ हैं।  





स्थानीय लोगों के अनुसार, जो यहां आ कर इन प्रतिमाओं की पूजा भी करते हैं, इन सभी कलाकृतियों का संबंध पौराणिक कथाओं से है। उनके अनुसार हजारों साल पहले कालू नामक एक महान शिव भक्त मूर्तिकार हुआ करता था। वह अपने आप को शिव-गौरी का पुत्र मान उनके पास कैलाश जाना चाहता था। उसकी जिद को देख देवताओं ने एक शर्त रखी कि यदि वह एक रात में एक करोड़ मूर्तियों का निर्माण कर देगा तो उसे कैलाश भेज दिया जाएगा। कालू प्रस्ताव मान काम में जुट गया ! उसने रात भर मेहनत कर काम पूरा कर दिया, पर उससे गिनती में जरा सी भूल हो गयी ! प्रस्तावित संख्या से एक मूर्ति कम बनी थी ! यानी एक करोड़ में एक मूर्ति कम रह गयी और इस कारण शिल्पकार कालू धरती पर ही रह गया। स्थानीय भाषा में एक करोड़ में एक कम संख्या को उनाकोटि कहते हैं। इसलिए इस जगह का नाम उनाकोटि पड़ गया। 







त्रिपुरा की राजधानी अगरतला से यह लगभग 125 किमी की दूरी पर स्थित है। यहां सड़क मार्ग द्वारा आराम से पहुंचा जा सकता है। यहां का नजदीकी हवाई अड्डा अगरतला एयरपोर्ट है। रेल मार्ग से जाने पर कुमारघाट या धर्मनगर रेलवे स्टेशन पर उतरना ठीक रहता है। 

@सभी चित्र अंतरजाल के सौजन्य से 

विशिष्ट पोस्ट

जिसने सबसे ज्यादा विभिन्न रोगग्रस्त पात्रों का किरदार निभाया

अनेकों बार  Autism, Dyslexia, Progeria, Paraplegia, Alzheimer, Amnesia, Schizophrenia जैसी अनेक  बीमारियों पर, जिनका नाम भी आम लोगों ने सुना...