दुनिया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
दुनिया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 16 अप्रैल 2026

बिना राजधानी वाला दुनिया का इकलौता देश

नाउरू की अपनी कोई राजधानी नहीं है, उसका सारा प्रशासनिक काम यहां के यारेन (Yaren) नाम के कस्बे से संचालित होता है ! उसे ही प्रशासनिक केंद्र माना जाता है। कुछ जिलों में विभक्त इस कस्बे में संसद भवन, हवाई अड्डा, सरकारी कार्यालय और विदेशी दूतावास मौजूद हैं। इसीलिए इस कस्बे को इस देश का “डि फैक्टो कैपिटल” कहा जाता है। यह अनोखी व्यवस्था नाउरू के छोटे आकार, प्रशासनिक सुविधा और उसकी अपनी अलग पहचान को दर्शाती है...............!

#हिन्दी_ब्लॉगिंग 

रा जधानी किसी भी देश, प्रदेश या राज्य का प्रमुख शहर तथा राजनीतिक केंद्र होता है। यह विशेष दर्जा उसे उस देश के संविधान द्वारा प्रदत्त किया जाता है। यह एक ऐसा शहर होता है, जहां केंद्र सरकार के सारे दफ्तर होते हैं और जहां से सरकार चलती है, कानून बनते हैं, कानून और संविधान का निर्धारण किया जाता है और देश की दिशा तय होती है। आज दुनिया में करीब 195 देश हैं। हर देश की अपनी राजधानी है। लेकिन इसी दुनिया में एक देश ऐसा भी है, जिसकी कोई राजधानी नहीं है, फिर भी वह संयुक्त राष्ट्र का सदस्य है। उसका अपना संविधान है, अपना झंडा है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उसकी मौजूदगी भी है। इस देश का नाम है नाउरू (Nauru). 

नाउरू 
द्वीपीय देश 
कभी प्लीजेंट-आइलैंड के नाम से जाना जाने वाला नाउरू, दुनिया का अकेला ऐसा देश है जिसकी कोई आधिकारिक राजधानी नहीं है। यह द्वीपीय देश दक्षिणी प्रशांत महासागर में स्थित है। जहां इसके 21 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में सिर्फ दस हजार की आबादी रहती है ! जो इसे दुनिया का क्षेत्रफल के हिसाब से तीसरा और आबादी के हिसाब से दूसरा सबसे छोटा स्वतंत्र गणराज्य बनाती है ! अपने छोटे से क्षेत्र के बावजूद यह किसी भी महाद्वीप से जुड़ा हुआ नहीं है।  इसका निकटतम पड़ोसी बनाबा द्वीप है जो इससे तकरीबन तीन सौ किमी दूर है ! 

प्राकृतिक सौंदर्य 

ना उरू की अपनी कोई राजधानी नहीं है, उसका सारा प्रशासनिक काम यहां के यारेन (Yaren) नाम के कस्बे से संचालित होता है ! उसे ही प्रशासनिक केंद्र माना जाता है। कुछ जिलों में विभक्त इस कस्बे में संसद भवन, हवाई अड्डा, सरकारी कार्यालय और विदेशी दूतावास मौजूद हैं। इसीलिए इस कस्बे को इस देश का “डि फैक्टो कैपिटल” कहा जाता है। यह अनोखी व्यवस्था नाउरू के छोटे आकार, प्रशासनिक सुविधा और उसकी अपनी अलग पहचान को दर्शाती है। 


हवाई पट्टी 

ना उरू की अर्थ व्यवस्था को संभालने वाले खनिज पदार्थ लगभग समाप्त हो चुके हैं। इस छोटे से देश में जहां सिर्फ दो घंटे में सारा क्षेत्र नाप लिया जा सकता है ! जहां खूबसूरत समुद्री तट और शांत वातावरण भी है ! पर घूमने के लिए ज्यादा जगहें ना होने के कारण यहां पर्यटन विकसित नहीं हो पाया है ! इसीलिए यहां के वाशिंदों की जीविका नारियल की उपज और समुद्री मछलियों के सहारे ही चलती है ! आर्थिक रूप से यह ऑस्ट्रेलिया पर निर्भर है और उसका संरक्षण इसे प्राप्त है ! इसकी आधिकारिक मुद्रा भी आस्ट्रेलियाई डॉलर ही है। वैसे अपने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से यह बाकी दुनिया से भी जुड़ा हुआ है। 


संतुष्ट, खुशहाल जिंदगी  

छोटे-बड़े द्वीपों से मिलकर बने नाउरू की खासियत यह है कि अपनी बेहद छोटी आबादी के बावजूद इसने अपने प्रमुख खेल वेटलिफ्टिंग के जरिए ओलंपिक, कॉमनवेल्थ और दूसरे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सिर्फ अपनी उपस्थिति ही दर्ज नहीं करवाई, बल्कि वहां पदक भी जीते हैं। जो यहां के नागरिकों के लिए गर्व का विषय है !


देश का गौरव 
नाउरू का अपनी राजधानी ना बनाने का सिर्फ एक ही कारण है, उसका छोटा आकार ! सिर्फ 21 वर्ग किलोमीटर की जमीन पर बसी हुई उसकी आबादी, बस्तियां और उनकी दूरियां एक-दूसरे में जैसे घुलमिल सी गई हैं। इसीलिए एक अलग राजधानी जैसा शहर बनाने की कभी जरूरत ही महसूस नहीं की गई। वैसे यह देश इस बात का प्रमाण है कि किसी भी देश के नागरिकों की जिजीविषा ही देश को स्थाईत्व प्रदान करती है ! यदि वहां के लोगों का हौसला बुलंद हो, तो देश की आबादी या उसका क्षेत्रफल कोई मायने नहीं रखता ! 

@सभी चित्र अंतर्जाल के सौजन्य से 🙏

बुधवार, 31 दिसंबर 2025

ईश्वर से डायरेक्ट कनेक्शन 😮

मौत से सभी को डर लगता है ! हजारों आस्थावान लोग अपना टीन-टप्पर बेच कर, जान बचाने खातिर पैगंबर साहब के पास पहुंच गए ! क्रिसमस भी आया और चला गया ! पर ना कोई बरसात हुई ना हीं बाढ़ दिखी, न दुनिया डूबी, न धरती कांपी, न आसमान फटा ! लोग पूछने लगे, नोआ भाई, पानी कहां है ? पैगंबर साहब बोले, मेरी ईश्वर से बात हुई, मैंने उनसे आप लोगों के भले के लिए दुआ की और कहा कि नावें कम पड़ रही हैं, तो उन्होंने मुझे और नावें बनाने का समय देते हुए, फिलहाल बाढ़ को स्थगित कर दिया है ! लोग मान भी गए.............!    

#हिन्दी_ब्लागिंग 

इं सान ने जब से होश संभाला है, शायद तभी से उसका सबसे बड़ा डर अपनी मौत का ही रहा है ! अपनी या अपने प्रियजनों की मृत्यु उसे सदा भयभीत किए रखती है ! आस्था और डर के बीच बहुत ही महीन रेखा होती है, उसी घालमेल का फायदा उठा संसार भर में कुटिल लोग इस भय को अपने हित में भुनाते रहे हैं ! आज के सोशल मीडिया का बवंडर यदि ऐसे लोगों के चेहरे बेनकाब करता है तो दूसरी और उन्हें मशहूर करने में भी कोई कसर नहीं छोड़ता !   

स्वयंभू पैगंबर, एबो नूह
गस्त 2025 ! अचानक एक  “What will happen and how it will happen” शीर्षक का वीडियो, टिकटॉक, इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स पर तेजी से वायरल होने लगा ! जिसमें अफ्रीकी देश घाना के कसोआ इलाके का एक टाट (बोरा) धारी, एबो नूह (Ebo Noah) नामक स्वयंभू पैगंबर दावा करता नजर आता है कि उसे ईश्वर से संदेश प्राप्त हुआ है कि आगामी क्रिसमस के दिन से भीषण बरसात होगी, जिसके फलस्वरूप भयंकर बाढ़ आएगी, जिसका प्रकोप तीन साल तक रहेगा। धरती का अधिकतम हिस्सा जलमग्न हो जाएगा ! सारे मनुष्य, जीव-जंतु, पेड़-पौधे नष्ट हो जाएंगे ! आगे वह बताता है कि इस विपदा से बचने के लिए उसने आठ विशाल नावें बनाई हैं ! जो लोग इन नावों में आएंगे, दान देंगे, जगह बुक करेंगे, सिर्फ वही बचेंगे, बाकि सब खत्म हो जाएंगे ! डर बेचने का उसका धंधा चल निकला ! वैसे इस शख्स ने खुद को वर्तमान समय का नोआ यानी नूह घोषित कर रखा है, जो आने वाली हर विपदा से अपने अनुयायियों को बचाता रहेगा ! 
विशालकाय नौका 
निर्माणाधीन 

जा हिर है ! मौत से सभी को डर लगता है ! एबो की भविष्यवाणी से डर कर हजारों आस्थावान लोग अपना टीन-टप्पर बेच कर, जान बचाने खातिर उसकी शरण में पहुंच गए ! क्रिसमस भी आया और चला गया ! पर ना कोई बरसात हुई ना हीं बाढ़ दिखी, न दुनिया डूबी, न धरती कांपी, न आसमान फटा ! लोग पूछने लगे, नूह भाई, पानी कहां है ? पैंगबर साहब बोले, मेरी ईश्वर से बात हुई, मैंने उनसे आप लोगों के भले के लिए दुआ की और कहा कि नावें कम पड़ रही हैं, तो उन्होंने मुझे और नावें बनाने का समय देते हुए, फिलहाल बाढ़ को स्थगित कर दिया है ! लोग मान भी गए !   

मौत का खौफ 

इस आदमी के करीब 35000 पिच्छलगु हैं ! ये सदा टाट, बोरा पहने रहता है ! खुद को जमीन से जुड़ा बताता है ! मंहगे फोन को ईश्वर से कांटेक्ट के लिए जरुरी बताता है ! ईश्वर की राह पर चलते हुए इसने खुद को ही कॉन्ट्रैक्टर भी बना लिया, प्रॉफ़ेट भी और टिकट चेकिंग क्लर्क भी, सब कुछ एक साथ ! फिर भी लोग उस पर भरोसा कर रहे हैं ! वे यह नहीं देख पाते कि उन्हें प्रलय का दिन बताने वाला एक लाख डॉलर की नई गाड़ी खरीद रहा है ! जिसे वह उन्हीं के प्रेम की भेंट बताता है ! कोई यह नहीं पूछता कि बाढ़ आ ही क्यों रही थी ? यदि आनी जरुरी थी तो रुक क्यों गई ? हमने जो अपना घर-बार बेच दिया उसका क्या होगा ? वही डर, वही भय, वही आशंका, इन सभी लोगों को चुप रखे हुए है ! छोड़ दिया है सबको अपनी नियति पर !

शौक 
धर एबो के खिलाफ  काफी  कुछ लिखा भी  जा रहा है ! कई धार्मिक  नेताओं ने भी साफ कहा है कि ये बाइबल की कहानी को तोड़-मरोड़कर अपने  फायदे के लिए इस्तेमाल कर रहा है ! कानून अपने ही दायरे में कैद है ! उधर पब्लिक है कि  मानती ही नहीं कि उसके साथ  कुछ गलत हुआ है, उसे सिर्फ  अपनी जान बचाने की पड़ी है और इसके लिए वो इंतजार कर रही है बाकि नावों के बनने का !
हश्र 
हा लांकि खबर यह है कि फिलहाल पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है, पर इससे उसकी ''पूंछ'' और भी बढ़ गई है और उसे अपने पुराने गेट-अप में तरह-तरह के समारोहों में शामिल होने का न्योता मिल रहा है,  जिनमें Sarcodie's Concert भी एक है ! जय हो ! 

@सभी चित्र अंतर्जाल के सौजन्य से 

बुधवार, 27 नवंबर 2024

अजब परिंदे, गजब परिंदे

कभी इनकी बोलियों पर भी ध्यान दीजिए तो पाएंगे कि अलग-अलग परिस्थितियों में इनकी आवाज का सुर भी अलग-अलग होता है ! प्रेमालाप में अलग राग ! सामान्य अवस्था में अलग तान ! गुस्से में अलग सा निनाद और खतरा भांपते ही भीषण चीत्कार ! जो भी है इन नन्हें मासूम परिंदों की अपनी अलग दुनिया भले ही हो पर ये ना हों तो हमारी जिंदगी भी बेरंग हो जाए...................!

#हिन्दी_ब्लागिंग 

चिड़ियों-पक्षियों के लिए दाना-पानी तो तकरीबन सभी मुहैया करवाते हैं, पर इन अतिथियों की हरकतों पर  नजर कम ही जाती है ! उनकी अपनी दिनचर्या होती है, हमारे अपने क्रियाकलाप ! पर पिछली करोना की महाविपदा में समय की प्रचुरता ने इनकी चुहुलबाजी की ओर भी ध्यान दिलवाया और तभी से इनकी गतविधियां मेरे मनोरंजन का वॉयस बन गई हैं ! कोशिश रहती है कि सुबह-सबेरे कुछ पल इनके लिए भी सुरक्षित रह पाएं !  
 
पेड़ ही पेड़ 
प्रभु की कुछ कृपा ही रही है कि जहां भी मेरा रहना होता आया है, वहां वृक्षों की बहुतायद होती ही है ! इसी का सुखद परिणाम है कि जहां कॉलोनियों में कौवे कहीं नजर तक नहीं आते, वहीं मेरे यहां रोज उनकी आवक दर्ज होती रहती है। आसपास चीलें भी मंडराती दिखती हैं ! कोयल की कूक सदा की तरह सुनाई तो देती है, मोहतरमा खुद नहीं दिखतीं ! एक बार तो पता नहीं कहां से एक मोर भी भटकता हुआ आ गया था। पर चिंताजनक बात यह है कि हमारी प्यारी छुटकी सी गौरैया अब दिखाई नहीं पड़ती ! उसका अस्तित्व खतरे में पड़ा हुआ है ! खैर बात मौजूदा मेहमानों की हो रही थी, जिनकी थोड़ी-थोड़ी पहचान भी होने लगी है। इनमें मेरे यहां प्रसाद ग्रहण करने वालों में दो जोड़ी कौवे, मैना के दो युगल, दस-पंद्रह कबूतर, ढ़ेर सारे तोते तो तक़रीबन नियमित हैं ! कभी-कभी भूले-भटके दर्शन देने वालों में बया, नीलकंठ, फुदकी, बुलबुल और भी पता नहीं कौन-कौन, इक्का-दुक्का, मेरे लिए अजनबी, अपना हिस्सा ले फुर्र हो जाते हैं ! 
  
कुछ ही समय पहले इनकी ऐसी धमा-चौकड़ी होती थी, अब खोजे नहीं मिलतीं 
कौवे, जिन्हें शायद ही कोई पसंद करता हो, मुझे बहुत ही नफासत-पसंद लगे ! वे चुपचाप आकर अपने भोजन के पास बैठते हैं, गर्दन घुमा जायजा लेते हैं ! सतर्क रहते हुए जो भी खाना हो, उसका एक हिस्सा अपने पंजे में दबा, थोड़ा-थोड़ा खाना शुरू करते हैं या फिर चोंच में भर उड़न छू ! मेरा मानना है कि चोंच भर कर ले जाने वाली जरूर माँ होगी ! यह जीव कभी भी भोजन को  बिखराता या इधर उधर गिराता नहीं है ! इनके द्वारा पानी भी बड़े सलीके से पिया जाता है ! 

सलीका 
इसके ठीक उलट हमारे कबूतर महाराज हैं ! उन्हें शायद खाद्य के छोटे टुकड़े करने नहीं आते ! एक टुकड़ा चोंच में दबा गर्दन झटक-झटक कर उसे खाने लायक बनाते हैं, इस प्रक्रिया में खाते कम गिराते-बर्बाद ज्यादा करते हैं ! गंदगी फैलाने में भी इनकी अहम भूमिका होती है। एक दूसरे को धकियाते-भगाते भी रहते हैं ! इनका पानी पीने का अंदाज भी कुछ अलग है, चोंच में जरा पानी ले गर्दन ऊपर झटक उसे निगलते हैं !   
आज नो झगड़ा 
मैना अपने में मस्त रहती हैं ! मुख्य ढेर के अलावा बेझिझक इधर-उधर घूमते हुए, गिरे हुए कण भी चुग लेती हैं ! हर बार अपना ही घर समझ यह पाखी जोड़े में ही आता है। उपरोक्त सारे पक्षी जितने शान्ति प्रिय लगते हैं, तोते उतना ही शोर मचाते हैं ! हर समय चीखते-चिल्लाते इधर-उधर मंडराते हैं ! उनको कुछ खा कर भागने की भी बहुत जल्दी रहती है ! उनको पानी पीते नहीं देख पाया हूँ कभी ! जो भी हो पर होते बहुत सुन्दर हैं, प्रकृति की एक अद्भुत कलाकारी ! इन्हीं के बीच दौड़ती-भागती सदा व्यस्त रहने वाली गिलहरी का तो कहना ही क्या, उसके तो अपने ही जलवे होते हैं !    
मस्तमौला 
एक बात जो सबसे ज्यादा चकित करती है वह है इन सारे पक्षियों का आपसी ताल-मेल ! कभी-कभार छोड़, कोई भी किसी दूसरी प्रजाति के साथ छीना-झपटी या धक्का-मुक्की करते नहीं दिखता ! बिना किसी को हैरान-परेशान किए धैर्य पूर्वक अपनी बारी का इन्तजार कर अपना हिस्सा प्राप्त करते हैं ! उनकी प्यारी हरकतें, प्रयास, चुहल से एक हल्केपन का एहसास होने लगता है। तबियत तनाव मुक्त हो जाती है !
अपनी बारी का इन्तजार 
अब ऐसा है कि जब ये जीव आपके आस-पास रहते, मंडराते हैं तो भोजन के अलावा अपनी और भी जरूरतें यहीं से तो पूरी करेंगे ! इसलिए इनका जब घोंसला बनाने का समय आता है तो कुछ घरेलू चीजों पर आफत आ जाती है ! झाड़ू के तिनके, चिक के कपड़े का धागा, कहीं से झांकती रूई, पौधों की सूखी डंडियां, ऊन के टुकड़े, पालीथीन के छोटे टुकड़े और ना जाने क्या-क्या, जो इनको अपने मतलब लायक लगता है उसे साधिकार उठा ले जाते हैं ! यह सारा प्रयोजन किसी छोटे बच्चे की शैतानी की तरह होता है, जो शरारत करते समय लगातार आपकी प्रतिक्रिया का भी अंदाज लगाता रहता है !
हीरामन 
कभी इनकी बोलियों पर भी ध्यान दीजिए तो पाएंगे कि अलग-अलग परिस्थितियों में इनकी आवाज का सुर भी अलग-अलग होता है ! प्रेमालाप में अलग राग ! सामान्य अवस्था में अलग तान ! गुस्से में अलग सा निनाद और खतरा भांपते ही भीषण चीत्कार ! जो भी है इन नन्हें मासूम परिंदों की अपनी अलग दुनिया भले ही हो पर ये ना हों तो हमारी जिंदगी भी बेरंग हो जाए !   

विशिष्ट पोस्ट

जिसने सबसे ज्यादा विभिन्न रोगग्रस्त पात्रों का किरदार निभाया

अनेकों बार  Autism, Dyslexia, Progeria, Paraplegia, Alzheimer, Amnesia, Schizophrenia जैसी अनेक  बीमारियों पर, जिनका नाम भी आम लोगों ने सुना...