बाढ़ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
बाढ़ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 31 दिसंबर 2025

ईश्वर से डायरेक्ट कनेक्शन 😮

मौत से सभी को डर लगता है ! हजारों आस्थावान लोग अपना टीन-टप्पर बेच कर, जान बचाने खातिर पैगंबर साहब के पास पहुंच गए ! क्रिसमस भी आया और चला गया ! पर ना कोई बरसात हुई ना हीं बाढ़ दिखी, न दुनिया डूबी, न धरती कांपी, न आसमान फटा ! लोग पूछने लगे, नोआ भाई, पानी कहां है ? पैगंबर साहब बोले, मेरी ईश्वर से बात हुई, मैंने उनसे आप लोगों के भले के लिए दुआ की और कहा कि नावें कम पड़ रही हैं, तो उन्होंने मुझे और नावें बनाने का समय देते हुए, फिलहाल बाढ़ को स्थगित कर दिया है ! लोग मान भी गए.............!    

#हिन्दी_ब्लागिंग 

इं सान ने जब से होश संभाला है, शायद तभी से उसका सबसे बड़ा डर अपनी मौत का ही रहा है ! अपनी या अपने प्रियजनों की मृत्यु उसे सदा भयभीत किए रखती है ! आस्था और डर के बीच बहुत ही महीन रेखा होती है, उसी घालमेल का फायदा उठा संसार भर में कुटिल लोग इस भय को अपने हित में भुनाते रहे हैं ! आज के सोशल मीडिया का बवंडर यदि ऐसे लोगों के चेहरे बेनकाब करता है तो दूसरी और उन्हें मशहूर करने में भी कोई कसर नहीं छोड़ता !   

स्वयंभू पैगंबर, एबो नूह
गस्त 2025 ! अचानक एक  “What will happen and how it will happen” शीर्षक का वीडियो, टिकटॉक, इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स पर तेजी से वायरल होने लगा ! जिसमें अफ्रीकी देश घाना के कसोआ इलाके का एक टाट (बोरा) धारी, एबो नूह (Ebo Noah) नामक स्वयंभू पैगंबर दावा करता नजर आता है कि उसे ईश्वर से संदेश प्राप्त हुआ है कि आगामी क्रिसमस के दिन से भीषण बरसात होगी, जिसके फलस्वरूप भयंकर बाढ़ आएगी, जिसका प्रकोप तीन साल तक रहेगा। धरती का अधिकतम हिस्सा जलमग्न हो जाएगा ! सारे मनुष्य, जीव-जंतु, पेड़-पौधे नष्ट हो जाएंगे ! आगे वह बताता है कि इस विपदा से बचने के लिए उसने आठ विशाल नावें बनाई हैं ! जो लोग इन नावों में आएंगे, दान देंगे, जगह बुक करेंगे, सिर्फ वही बचेंगे, बाकि सब खत्म हो जाएंगे ! डर बेचने का उसका धंधा चल निकला ! वैसे इस शख्स ने खुद को वर्तमान समय का नोआ यानी नूह घोषित कर रखा है, जो आने वाली हर विपदा से अपने अनुयायियों को बचाता रहेगा ! 
विशालकाय नौका 
निर्माणाधीन 

जा हिर है ! मौत से सभी को डर लगता है ! एबो की भविष्यवाणी से डर कर हजारों आस्थावान लोग अपना टीन-टप्पर बेच कर, जान बचाने खातिर उसकी शरण में पहुंच गए ! क्रिसमस भी आया और चला गया ! पर ना कोई बरसात हुई ना हीं बाढ़ दिखी, न दुनिया डूबी, न धरती कांपी, न आसमान फटा ! लोग पूछने लगे, नूह भाई, पानी कहां है ? पैंगबर साहब बोले, मेरी ईश्वर से बात हुई, मैंने उनसे आप लोगों के भले के लिए दुआ की और कहा कि नावें कम पड़ रही हैं, तो उन्होंने मुझे और नावें बनाने का समय देते हुए, फिलहाल बाढ़ को स्थगित कर दिया है ! लोग मान भी गए !   

मौत का खौफ 

इस आदमी के करीब 35000 पिच्छलगु हैं ! ये सदा टाट, बोरा पहने रहता है ! खुद को जमीन से जुड़ा बताता है ! मंहगे फोन को ईश्वर से कांटेक्ट के लिए जरुरी बताता है ! ईश्वर की राह पर चलते हुए इसने खुद को ही कॉन्ट्रैक्टर भी बना लिया, प्रॉफ़ेट भी और टिकट चेकिंग क्लर्क भी, सब कुछ एक साथ ! फिर भी लोग उस पर भरोसा कर रहे हैं ! वे यह नहीं देख पाते कि उन्हें प्रलय का दिन बताने वाला एक लाख डॉलर की नई गाड़ी खरीद रहा है ! जिसे वह उन्हीं के प्रेम की भेंट बताता है ! कोई यह नहीं पूछता कि बाढ़ आ ही क्यों रही थी ? यदि आनी जरुरी थी तो रुक क्यों गई ? हमने जो अपना घर-बार बेच दिया उसका क्या होगा ? वही डर, वही भय, वही आशंका, इन सभी लोगों को चुप रखे हुए है ! छोड़ दिया है सबको अपनी नियति पर !

शौक 
धर एबो के खिलाफ  काफी  कुछ लिखा भी  जा रहा है ! कई धार्मिक  नेताओं ने भी साफ कहा है कि ये बाइबल की कहानी को तोड़-मरोड़कर अपने  फायदे के लिए इस्तेमाल कर रहा है ! कानून अपने ही दायरे में कैद है ! उधर पब्लिक है कि  मानती ही नहीं कि उसके साथ  कुछ गलत हुआ है, उसे सिर्फ  अपनी जान बचाने की पड़ी है और इसके लिए वो इंतजार कर रही है बाकि नावों के बनने का !
हश्र 
हा लांकि खबर यह है कि फिलहाल पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है, पर इससे उसकी ''पूंछ'' और भी बढ़ गई है और उसे अपने पुराने गेट-अप में तरह-तरह के समारोहों में शामिल होने का न्योता मिल रहा है,  जिनमें Sarcodie's Concert भी एक है ! जय हो ! 

@सभी चित्र अंतर्जाल के सौजन्य से 

बुधवार, 12 जुलाई 2023

आपा खोती प्रकृति

आज हजारों टन मिट्टी, पत्थर, चट्टाने जो पहाड़ों से अलग नीचे बिखरी पड़ी हैं, उन्हें वापस पहाड़ों पर फिर से ले जाया, लगाया तो नहीं जा सकता ! जीवन सुचारु बनाने के लिए वैसे छोड़ा भी नहीं जा सकता ! तो..........!  तो वही होगा जो वर्षों से होता चला आया है ! नदियों के तल ऊँचे होते चले जाएंगे ! फिर नदियाँ उफान पर आएंगी और फिर...!  इसके बावजूद क्या भविष्य में इंसान कोई सबक लेगा ? सुधरेगा ? यक्ष प्रश्न है कि क्या सुधरना उसके अपने बस में रह भी गया है ........?    

कई दिनों के चिंताजनक इंतजार के बाद आज सुबह, वहां फोन सेवा बहाल होने पर, भाई जीवन का हिमाचल से फोन आया ! सभी की सुरक्षा का हाल जान कुछ तसल्ली मिली ! पर हालात बहुत ही सोचनीय बने हुए हैं ! प्रदेश भर में निजी संपत्तियों को बेहिसाब नुकसान हुआ है तथा पूरे प्रदेश में सामान्य जनजीवन प्रभावित है। जो कुछ लोग पानी की आपदा से सुरक्षित हैं, वे अन्य कारणों से असुरक्षित हैं ! पीने के पानी की बेहद तंगी है ! समुद्र जैसा हाल हो गया है कि चारों ओर पानी ही पानी पर पीने को ज़रा सा भी नहीं ! बच्चों को दूध मिलना मुश्किल हो रहा है ! खाने का सामान है तो पकाने की चिंता सामने खड़ी है ! गैस ख़त्म हो जाए तो पकाने का और कोई साधन उपलब्ध नहीं है ! लकड़ियां गीली हैं ! बिजली बंद है ! सूखे उपले मिल नहीं रहे ! कोई बीमार पड़ जाए तो डॉक्टर के पास ले जाना दूभर है ! 

बार-बार चेताने के बावजूद, अपनी बेजा हरकतों से बाज नहीं आने वाले मनुष्यों को सबक सिखाने के लिए प्रकृति कितना और कब तक इंतजार करे ! और क्यों करे ! इंसान तो बाज आने से रहा ! पर क्रोधावस्था में रौद्र रूप धारण कर वह निर्दोष पशु-पक्षियों, लता-गुल्मों-पादपों का, यानी अपना भी संहार करती चली जा रही है ! मजबूरी है घुन का पिसना ! पहाड़ों के पेड़ों को अपने घरों को सुंदर और पुख्ता बनाने की ललक ने उनको अपनी जमीन से अलग तो कर दिया पर वही आशियाने तिनकों की तरह पानी के सैलाब में बह गए ! क्या मिला ? इसके बावजूद भविष्य में इंसान कोई सबक लेगा ? सुधरेगा ? पर यक्ष प्रश्न है कि क्या सुधरना उसके अपने बस में रह भी गया है ?  

आज हजारों टन मिट्टी, पत्थर, चट्टाने जो पहाड़ों से अलग नीचे बिखरी पड़ी हैं, उन्हें वापस पहाड़ों पर फिर से ले जाया, लगाया तो नहीं जा सकता ! जीवन सुचारु बनाने के लिए वैसे छोड़ा भी नहीं जा सकता ! तो..........!  तो वही होगा जो वर्षों से होता चला आया है ! सारा का सारा मलबा घाटियों में धकेल दिया जाएगा ! जो समय के साथ नदियों में जा गिरेगा ! नदियों के तल ऊँचे होते चले जाएंगे ! फिर पानी बरसेगा, फिर बर्फ पिघलेगी, फिर नदियाँ उफान पर आएंगी और फिर........!  

पर सारा दोष तो उस लालच को नहीं दिया जा सकता जिसने प्रकृति का दोहन किया ! सुदूर पहाड़ों या दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले भले ही प्रकृति की गोद में रह रहे हों पर उनका रोजमर्रा का जीवन अति कष्टकारी था ! देश के विकास का असर, अन्य संसाधनों-सुविधाओं की पहुँच उन तक ना के बराबर थी ! सेना के आवागमन के लिए सड़कें तो थीं पर पर्याप्त नहीं थीं ! फिर दुर्गम क्षेत्रों में आने-जाने के लिए, सामान पहुंचाने के लिए मार्ग बने ! आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के लिए पर्यटन को बढ़ावा दिया गया ! सुविधाएं बढ़ीं तो लोग पहुँचने लगे ! भीड़ बढ़ी तो उनके रहने, ठहरने के लिए होटलों की जरुरत पड़ी ! जिसके लिए जगलों को काट कर जगह बनाई गई ! जंगलों के वृक्ष कटे तो उनकी पकड़ के बगैर जमीन भुरभुरी हो गई ! फिर वही चक्र...! बरसात हुई, पहाड़ खिसके, नदी का तल ऊँचा हुआ , बाढ़ आई ! 

फिर वही ''तो''....! इस तो का तो सरल सा उपाय तो था, पर उस पर किसी ने अमल करने की जहमत नहीं उठाई ! कायनात का कायदा है, इस हाथ ले उस हाथ दे ! फिर कुदरत तो कभी भी उतना वापस भी नहीं चाहती, जितना वह लुटाती है ! पर हमारी खुदगर्जी ने यह भुला दिया कि किसी की भलमनसाहत का नाजायज फ़ायदा नहीं उठाना चाहिए ! क्या फायदा उस ज्ञान का, उस विकास का, जो अपने ही विनाश का कारण बने ! अभी भी यह एक चेतावनी ही है कि सुधर जाओ, नहीं तो...........!

बुधवार, 17 अगस्त 2022

हमें अपने बचपन को बचाए रखना है

हमारे विद्वान ऋषि-मुनियों ने अपने ग्रंथों में शिक्षा देते समय मानवता पर, इंसानियत पर जोर दिया है ! यदि इंसान इंसानियत ना छोड़े, मानव; महामानव बनने की लालसा में मानवता से दूर ना चला जाए, तो इस धरा पर कभी भी शांति, सौहार्द, परोपकार का माहौल खत्म ना हो ! ना किसी युद्ध की आशंका हो ! ना प्रकृति के दोहन या उससे छेड़-छाड़ की गुंजाइश बचे ! नाहीं कायनात को अपना रौद्र रूप धारण करने की जरुरत हो..........!

#हिन्दी_ब्लागिंग 

अब तो साफ लगने लग गया है कि प्रकृति हमसे रुष्ट हो चुकी है ! खफा तो बहुत पहले से ही थी, जिसका समय-समय पर एहसास भी दिलाती रही है ! पर अपने दर्प में चूर हमने कभी उसकी चेतावनियों पर ध्यान ही नहीं दिया ! इस धरा पर, प्रकृति पर लगातार बिना किसी अपराधबोध के जुल्म ढाते रहे ! उसके दिए अनमोल संसाधनों का शोषण करते रहे ! पर हर चीज की एक हद होती है ! आखिर कायनात ने भी हमें सबक सिखाने की ठान ही ली ! दुनिया भर में मौसम बदलने शुरू हो गए हैं ! कहीं अति वृष्टि, तो कहीं भयंकर सूखा ! कहीं पहाड़ दरक गए तो कहीं बादल फट गए ! कही बाढ़ ने कहर ढा दिया ! जहां सदियों से लोगों ने 25-30 से ऊपर तापमान ना देखा हो वहां पारा 45 के ऊपर जा टिका है ! पहाड़ों में जहां कभी घरों की छत में पंखा टांगने के हुक की जरुरत महसूस नहीं हुई, वहां कूलर बिकने शुरू हो गए हैं ! सागरों ने अपना अलग रौद्र रूप धारण कर लिया है !  पर बाज हम फिर भी नहीं आ रहे !

बाढ़ की विभीषिका 
अभी हाल ही के गर्म मौसम ने सबकी ऐसी की तैसी कर धर दी थी ! विभिन्न इलाकों में गर्मी ने तकरीबन 2000 से अधिक लोगों को मौत की नींद सुला दिया ! कुछ वर्ष पहले तक गर्मी से बचने लोग पहाड़ों का रुख किया करते थे, पर अब वहाँ भी पारे का 40 डिग्री तक पहुँच जाना आम बात हो गई है ! उस पर पानी की बेहद तंगी ! ऐसे में मैदानी भागों के हाल का अंदाजा बखूबी लगाया जा सकता है ! 
 
गर्मी से दरकी जमीन 
विड़बना है कि हमारे जीवन से सादगी और सहजता पूरी तरह से तिरोहित हो चुकी है ! सहजता का मतलब जो जैसा है, वैसा ही सबको स्वीकार्य हो ! कोई भेद-भाव नहीं ! क्या प्रकृति के पाँचों मूल तत्व किसी से भेदभाव करते है ? हम भले ही उन्हें उनके रूप में ना स्वीकारें पर उनकी तरफ से कोई भेद-भाव नहीं होता ! उनके लिए पेड़-पौधे, लता-गुल्म, पशु-पक्षी, जानवर-इंसान सब एक बराबर हैं ! धरा ने अपने आँचल में सभी को समेट कर रखा है ! हरेक के लिए भोजन-आश्रय का प्रबंध किया है ! पानी सबको शीतलता प्रदान करता है, प्यास बुझाता है ! वायु प्राणिमात्र को समान राहत देती है, ऐसा नहीं कि वो मानव का ज्यादा ख्याल रखती हो और कंटीली झाड़ियों को बिना छुए निकल जाती हो ! अग्नि अपने दहन में कोई भेद-भाव नहीं करती ! आकाश सभी को अपनी गोद समान रूप से उपलब्ध करवाता है ! ऐसे में माँ प्रकृति की भी यही इच्छा रहती है कि जगत के समस्त प्राणी सबके हों सबके लिए हों ! पर मानव ने अपने हित के लिए सभी को हर तरह का नुक्सान ही पहुंचाया है !  
ढहते पहाड़ 
सृष्टि ने बनाया तो मानव को भी सहज, निश्छल, सरल बनाया है ! शैशवावस्था में उसमें कोई छल-कपट, वैर, अहम् नहीं होता ! प्रकृति के सारे, सहजता, सरलता, सादगी, निश्छलता जैसे गुण उसमें मौजूद होते हैं ! बचपन में ये सारे गुण उसमें सुरक्षित रहते हैं ! इसीलिए वह सबसे हिल-मिल जाता है ! सबसे एक जैसा प्रेमल व्यवहार करता है ! किसी को हानि पहुंचाने की तो वह सोच भी नहीं सकता ! पर जैसे-जैसे बड़ा होता जाता है, आस-पास के माहौल, परिस्थितियों व अन्य कारणों से वह इन सब को भूलता चला जाता है ! सहजता की जगह आडंबर ले लेता है ! अहम् सर चढ़ बोलने लगता है ! परोपकार की जगह स्वार्थ ले लेता है ! खुद को ही महान समझने लगता है ! यहीं से वह प्राणिमात्र तो क्या प्रकृति का भी दुश्मन बन जाता है !  
भोला मासूम बचपन 
इसीलिए हमारे विद्वान ऋषि-मुनियों ने अपने ग्रंथों में शिक्षा देते समय मानवता पर, इंसानियत पर जोर दिया है ! यदि इंसान इंसानियत ना छोड़े, मानव; महामानव बनने की लालसा में मानवता से दूर ना चला जाए, तो इस धरा पर कभी भी शांति, सौहार्द, परोपकार का माहौल खत्म ना हो ! ना किसी युद्ध की आशंका हो ! ना प्रकृति के दोहन या उससे छेड़-छाड़ की गुंजाइश बचे ! नाहीं कायनात को अपना रौद्र रूप धारण करने की जरुरत हो ! इसके लिए हमें सिर्फ अपने बचपन को बचाए रखना है ! 

@सभी चित्र अंतर्जाल के सौजन्य से 

विशिष्ट पोस्ट

यूपी का रहस्यमयी मेंढक मंदिर

ओयल कस्बे में स्थित लगभग 200 साल पुराने नर्मदेश्वर महादेव मंदिर को सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है, इसके साथ ही यहां एक और आश्चर्यजनक बात...