pub-3648900737756323 कुछ अलग सा

सोमवार, 21 अक्टूबर 2019

परवा जरूर हो, पर अतिरेक नहीं

पौधों को नई जगह की आबो-हवा, धूप-झांव, मिटटी-पानी के साथ ताल-मेल बैठाने, परिस्थियों के अनुसार खुद को ढालने, आस-पास के माहौल में खुद को रमाने में कुछ तो समय लगना ही था ! हाथी इस बात को बखूबी समझते थे ! वे पौधों इत्यादि का समुचित ध्यान रख, समयानुसार उनका पोषण करते थे। पर इधर वानरों को अपने लता-गुल्म की कुछ अनावश्यक ही चिंता थी ! वे हर दूसरे-तीसरे दिन अपने लगाए पौधों को उखाड़ कर देखते थे कि उनकी जड़ें विकसित हुए कि नहीं ..............!

#हिन्दी_ब्लागिंग   
आनंदवन को जीवों के लिए सुगम, सुंदर और व्यवस्थित करने के लिए सिंहराज के नेतृत्व में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित हुआ, जिसके तहत वन के सघन, दुर्गमनीय इलाके के पेड़-पौधों को हटा कर दूसरी विरल जगह रोपित कर दिया जाए जिससे दोनों जगहों का समुचित विकास हो सके। समाज हितकारी इस परियोजना की जिम्मेदारी बुद्धिमान हाथी और चपल बंदरों को सौंपी गयी, जिससे कार्य सुचारु और तीव्र गति से हो सके। कुछ ही दिनों में बीहड़ के पेड़-पौधों का पूरी साज-संभार के साथ नई जगहों पर ला प्रेम और सावधानी के साथ रोपण कर दिया गया ! 

अब पौधों को नई जगह की आबो-हवा, धूप-छांव, मिटटी-पानी के साथ ताल-मेल बैठाने, परिस्थियों के अनुसार खुद को ढालने, आस-पास के माहौल में खुद को रमाने में कुछ तो समय लगना ही था ! हाथी इस बात को बखूबी समझते थे ! वे पौधों इत्यादि का समुचित ध्यान रखते थे, समयानुसार उनका पोषण करते थे। पर इधर वानरों को अपने लता-गुल्म की कुछ अनावश्यक ही चिंता थी ! वे हर दूसरे-तीसरे दिन अपने लगाए पौधों को उखाड़ कर देखते थे कि उनकी जड़ें विकसित हुए कि नहीं ! कभी अनावश्यक रूप से उनकी झाड़-पौंछ कर देते ! कभी पानी देने में अतिरेक ! उनकी खैर-खबर लेने की इन गलतियों से ना तो पौधे अपनी जड़ जमा पाए, नाहीं उनका अपने नए वातावरण से ताल-मेल बैठ पाया और ना ही वे पनप पाए ! नतीजतन जहां हाथियों द्वारा रक्षित पेड़-पौधे कुछ ही दिनों में विकसित हो पनप गए और लहलहाने लगे ! वहीं वानरों की अदूरदर्शिता ने, भले ही यह उनका अपने पौधों के प्रति अतरिक्त केयर, लगाव या चिंता थी, उनके पौधों को अविकसित, निर्जीव सा कर उन्हें कहीं का नहीं छोड़ा ! 

ऐसी ही कुछ प्रवृत्ति हम में से कुछ मानवों में भी पाई जाती है जिनकी भावनाओं का, लगाव का, अनावश्यक चिंता का, नकारात्मक सोच का, अविश्वास का अतिरेक उन्हें तो परेशानी में डालता ही है, संबंधित माहौल को भी आविष्ट व तनावग्रस्त बना डालता है !

गुरुवार, 17 अक्टूबर 2019

दो बार हुई थी अर्जुन की मृत्यु

यह तो सर्व ज्ञात है कि अपने अंतिम समय में स्वर्ग यात्रा के दौरान पर्वतारोहण के समय, युधिष्ठिर को छोड़ एक-एक कर सभी पांडव भाइयों की मृत्यु होती चली गयी थी। लेकिन महाभारत की उपकथाओं में इस महाकाव्य के प्रमुख पात्र अर्जुन की इसके पहले भी एक बार हुई मृत्यु का एक बहुत अल्पज्ञात जिक्र मिलता है ! आज करवा चौथ के अवसर पर एक पत्नी का अपने पति को बचाने के उपक्रम का विवरण........!

#हिन्दी_ब्लागिंग 
हमारी पौराणिक कथाओं में ''अष्टवसु'' का जिक्र आता है। इन आठों देवभाइयों को इन्द्र और विष्णु का रक्षक देव माना जाता है। एक बार इनमें सबसे छोटे वसु द्वारा वशिष्ठ ऋषि की गाय नंदिनी को लालचवश चुरा लेने के फलस्वरूप आठों वसुओं को मनुष्य योनि में जन्म लेने का शाप मिला पर इनके द्वारा क्षमा मांगने पर वशिष्ट ने सात वसुओं के शाप की अवधि एक वर्ष कर दी पर सबसे छोटे वसु को जिसने यह कृत्य किया था, उसे महान विद्वान, वीर, ख्यात और दृढ़प्रतिज्ञ होने के साथ-साथ दीर्घकाल तक मनुष्य योनि में रहने, संतान उत्पन्न न करने तथा स्त्री परित्यागी होने का दंड भी मिला। इसी शाप के अनुसार महाभारत काल में उसका जन्म भीष्म के रूप में हुआ था।   
भीष्म पितामह 
महाभारत युद्ध समाप्त हो चुका था। युधिष्ठिर राज-पाठ संभाल रहे थे। तभी एक दिन महर्षि वेदव्यास और श्रीकृष्ण ने पांडव भाइयों को अश्वमेध यज्ञ करने की सलाह दी, जिससे शासन व्यवस्था और मजबूत हो सके। इसी के तहत, शुभ मुहूर्त देखकर यज्ञ का शुभारंभ कर घोड़ा छोड़ दिया गया, जिसकी रक्षा का भार अर्जुन को सौंपा गया था। जहां कहीं घोड़े को रोका गया वहां के राजाओं को अर्जुन ने परास्त कर अपने राज्य का विस्तार किया। इसी दौरान यह कारवां मणिपुर जा पहुंचा। एक बार पहले नियम भंग करने के प्रायश्चित स्वरुप, घूमते हुए अर्जुन के यहां  आने पर यहां की राजकुमारी चित्रांगदा से उनका विवाह संपन्न हुआ था, जिसके फलस्वरूप उन्हें एक पुत्र की प्राप्ति हुई थी जो की अब वहां का राजा था, बभ्रुवाहन ! 
अर्जुन 
 बभ्रुवाहन
जब बभ्रुवाहन को अपने पिता अर्जुन के आने का समाचार मिला तो उनका स्वागत करने के लिए वह नगर के द्वार पर आया। अपने पुत्र को देखकर अर्जुन बहुत खुश हुए पर नियमों से बंधे होने के कारण मजबूरीवश उन्हें कहना पड़ा कि यज्ञ के घोड़े को यहां रोका गया है, जिसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी मेरी है इसलिए तुम्हें मुझसे युद्ध करना पडेगा ! बभ्रुवाहन ने ऐसी परिस्थिति की कल्पना भी नहीं की थी ! पर अर्जुन भी अपनी बातों पर अड़े हुए थे !  इसी वाद-विवाद के बीच अर्जुन की एक और पत्नी नागकन्या उलूपी भी वहां आ गई और बभ्रुवाहन को अर्जुन के साथ युद्ध करने के लिए उकसाना शुरू कर दिया ! अपने पिता के हठ व सौतेली माता उलूपी के कहने पर बभ्रुवाहन युद्ध के लिए तैयार हो गया। पिता पुत्र में भयंकर युद्ध हुआ। अपने पुत्र का पराक्रम देखकर अर्जुन बहुत प्रसन्न हुए। दोनों बुरी तरह घायल और थक चुके थे। इसी बीच बभ्रुवाहन का एक तीक्ष्ण बाण सीधा आ अर्जुन को लगा जिसकी चोट से अर्जुन गिर पड़े और उनकी मृत्यु हो गयी ! उधर बभ्रुवाहन भी बेहोश हो धरती पर गिर पड़ा। पति और पुत्र की यह हालत  देख चित्रांगदा पर तो मानो पहाड़ ही टूट पड़ा ! कुछ देर बाद जब बभ्रुवाहन को होश आया तब वह भी अपने पिता की हालत देख शोकाकुल हो उठा और ऐसे जघन्य कृत के लिए अपने को दोषी मान विलाप करने लगा। 
उलूपी व संजीवनी मणि 
अर्जुन की मृत्यु से दुखी होकर चित्रांगदा और बभ्रुवाहन दोनों ही आमरण उपवास पर बैठ गए। जब नागकन्या उलूपी ने यह देखा तो उसने संजीवनी मणि का आह्वान कर उसको बभ्रुवाहन को देते हुए उसे अर्जुन की छाती  पर रखने को कहा, ऐसा करते ही अर्जुन जीवित हो उठे। तब उलूपी ने यह रहस्योद्घाटन किया कि महाभारत में भीष्म पितामह की धोखे से किए गए वध के कारण ''वसु'' बहुत नाराज व क्रोधित हो गए थे। जिसके कारण उन्होंने अर्जुन को श्राप देने का संकल्प ले लिया था। जब यह बात मुझे पता चली तो मैंने यह बात अपने पिता को बताई। उन्होंने वसुओं के पास जाकर सब विधि का विधान बता प्रार्थना की। तब वसुओं ने कहा कि मणिपुर का राजा बभ्रुवाहन अर्जुन का पुत्र है यदि वह बाणों से अपने पिता का वध कर देगा तो अर्जुन को अपने पाप से छुटकारा मिल जाएगा। इसीलिए वसुओं के श्राप से बचाने के लिए ही मुझे अपनी यह मोहिनी माया रचनी पड़ी। तत्पश्चात अर्जुन बभ्रुवाहन को अश्वमेध यज्ञ में आने का निमंत्रण दे पुन: अपनी यात्रा पर आगे चल दिए। 

@सभी चित्र अंतर्जाल के सौजन्य से 

शनिवार, 12 अक्टूबर 2019

एक ठो खेला है, नाम है ''कौबक''..... यानी कौन बनेगा करोड़पति

कुछेक हिंदी के शब्द, नाम या चीजें अंग्रेजी में ज्यादा प्रचलित, सहज स्वीकार्य और कुछ-कुछ कर्णप्रिय सी हो जाती हैं। उदाहरण स्वरुप जैसे ''महाशयां दी हट्टी,'' एम.डी.एच. के रूप में ज्यादा प्रचलित और जाना-माना है। युवाओं द्वारा बहु प्रयोगी  ''शिट, हगीज, बम'' जैसे शब्दों को शायद ही कोई भद्र-लोक  हिंदी में सुनना या बोलना पसंद करे ! इसीलिए टी.वी. पर चल रहे एक खेल ''कौन बनेगा करोड़पति'' के हिंदी में संक्षिप्त रूप ''कौबक'' को लोग बुडबक ना कहने लगें इसलिए उसे अंग्रेजी के अक्षरों से उच्चारित कर केबीसी के नाम से प्रचारित किया जाता है। अब किसी को अच्छा लगे या बुरा पर एक बात तो साफ़ है कि साधारण मनई लोग अमीर बने ना बने पर चैनल, खेल की टीम और बच्चन साहब, इन सब की तकदीर तो इस खेल ने बदल ही दी है। अच्छी बात है ! इसमें कोई खराबी भी नहीं है, आज के समय में हर कोई पहले अपना  फटा कुर्ता सीना चाहता है.....................!

#हिन्दी_ब्लागिंग
KBC, कभी-कभी तो लगता है कि यह खिलाड़ी के खिलाफ रचा गया एक षड्यंत्र है ! खेल में येन-केन-प्रकारेण जब कोई इस लायक होता है कि वह दूसरे प्रतियोगियों की बद्दुआओं और चैनल की ढेर सारी हिदायतों यथा, आपको कब उछलना है, कितनी देर रोना है, पैर छूना है या गले लगना है, क्या कहना है, बच्चन जी की कब प्रशंसा करनी है, उन्हें कैसे संबोधित करना है इत्यादि, इत्यादि के साथ जब सहमा हुआ प्रतियोगी बीच मंच तक पहुंचता है तो सामने बैठे, तेजोमय प्रभामंडल, भव्य व्यक्तित्व, सिनेमा जगत की सबसे बड़ी और महान हस्ती की धीर-गंभीर वाणी से और भी हतप्रभ, भौंचक्क व ऐंड बैंड हो जाता है ! फिर ऊपर से टिकटिकाती घडी से रिसते समय का डर उसका ध्यान भटकाए रखता है ! तिस पर  गर्म सीट की बेचैनी सर पर हावी रहती है ! फिर ऐसे में वो क्या तो सवाल सुनेगा, उसे समझेगा, कब सोचेगा और क्या उत्तर देगा ! एक बात और जो समझदानी के बाहर है कि प्रतिभागी जब झटपट ऊँगली वाला बैरियर पार कर जब खेल में शरीक होता है तो उसको ''गरम आसन'' क्यों सौंपा जाता है ! देश में किसी-किसी जगह किसी अविश्वसनीय इंसान को ले कर एक कहावत है कि वह ''गर्म तवे पर बैठ कर बोलेगा तो भी उसका विश्वास नहीं है !''  खैर यहां गर्म सीट पर होने के बावजूद उसका कहा मान लिया जाता है। इसके बावजूद कई मंच-वल्लभ तमाम कठिनाइयों के बावजूद भी यहां परचम लहरा जाते हैं।

जैसे हर चीज में कोई न कोई अच्छाई भी जरूर होती है, उसी तरह इस खेल का शुक्रवार को प्रसारित होने वाला कर्मवीर एपिसोड एक सार्थक पहल है जो दिल को छू जाता है ¡ इसमें कर्मठ, समर्पित, दृढ प्रतिज्ञ, अभावों के बावजूद संघर्षरत, देश समाज के लिए कुछ भी कर जाने को उद्यत, निरपेक्ष, किसी चाहत-लालसा-कामना से परे सिर्फ जनहित में जुटे लोगों को मंच प्रदान किया जाता है। उसके लिए सारी टीम को साधुवाद ¡¡
कर्मवीर 
वैसे मामला एकदम्मे ना उखड जाए, इसलिए थोड़ा-बहुत हेल्प करने का भी यहां इंतजाम किया गया है वह अलग बात है कि उसमें इक्के-दू ठो ही थोड़ा काम लायक हैं। उसी हेल्पाइन में एक है वहां उपस्थित महानुभाव लोगों की राय ! पर इसके लिए कहा गया और दिया गया समय वर्षों से दर्शक वगैरह को आंकड़ों के ''पंभलपुस्से'' में डालता आ रहा है। सालों-साल से चली आ रही एक ऐसी चूक, जिस पर अयोजकों, संचालकों, उपस्थित दर्शकों, प्रतिभागियों यहां तक कि अमिताभ बच्चन जी का भी ध्यान या तो गया नहीं है या फिर कोई देना ही नहीं चाहता ! जबकि ऐसे प्रोग्राम काफी जांच-पड़ताल के बाद प्रस्तुत किए जाते हैं। इस बात पर ध्यान दिलाने की कोशिश सालों पहले भी की थी पर सबका ध्यान सिर्फ उपार्जन में ही है, यही प्रतीत होता है -
शुक्रवार, 19 नवंबर 2010
जैसा कि बहुत से लोग जानते ही होंगे कि इस खेल की ''गरम कुर्सी'' पर बैठने वाले को सही उत्तर ना मालुम होने पर सहायता के रूप में शुरु में तीन "हेल्प लाईनों" की सुविधा दी जाती है जिनमें से एक है "आडियंस पोल" इसके लिए दर्शकों को उत्तर देने के लिए दस सेकेण्ड का समय दिया जाता है। पर #अमिताभ_जी हर बार "इसके लिए आपको मिलेंगे तीस सेकेण्ड" कहते आ रहे हैं।  
शुक्रवार, 11-10-2019      
आज नौ साल बाद स्थिति कुछ सुधरी है ! "आडियंस पोल" में दर्शकों को तो अभी भी दस सेकेण्ड ही मिलते हैं पर #अमित_जी तीस की बजाए पंद्रह सेकेण्ड कहने लगे हैं ! शायद अगले साल तक दस के लिए दस मिलने लग जाऐं..............! 
चलिए छोड़िये ! अपुन ने कौन सा इसमें हिस्सा लेना है या कोई आस लगा रखी है ! खेल चल रहा है, अवाम सम्मोहित है ! गरीब देश का मनई लोगन को जबरिया करोड़पति बनाने, देश को खुशहाल बनाने की पुरजोर कोशिश की जा रही है ! अब ये तो समझ के बाहर की बात भी नहीं है कि कौन खुशहाल हो रहा है ! कोई तो हो ही रहा है ना ! अच्छी बात है ! जितने ज्यादा लोग अमीर होंगे, उतने और टी.वी. बिकेंगे ! और ज्यादा लोग उसे  देखेंगे ! और ज्यादा विज्ञापन झोंका जाएगा ! और ज्यादा बेकार, प्रयोजनहीन चीजों की बिक्री बढ़ेगी ! बाज़ार की सुरसा रूपी भूख को और ज्यादा खुराक मिलेगी ! पैसा बरसेगा ! एक करोड़, पांच करोड़, सात करोड़................
इस बार की धन राशि है दस करोड़ !!!

गुरुवार, 10 अक्टूबर 2019

तो फिर..... ऐसे में रावण का मरना भी असंभव है

आज, भले ही सांकेतिक रूप से ही सही, रावण को मारने, उसका दहन करने का जिम्मा किसको दिया जाता है ? आज पार्कों में, चौराहों पर, कालोनियों में या मैदानों में जो रावण के पुतले फूंके जाते हैं उनको फूंकने में अगुवाई करने वाले अधिकांश तो खुद बुराइयों के पुतले होते हैं ! उनकी तो खुद की अपनी लंकाऐं होती हैं, काम-क्रोध-मद-लोभ जैसी बुराइयों से भरपूर ! तो बुराई ही बुराई पर क्योंकर विजय पाएगी ? आज बुराई पर अच्छाई की विजय निश्चित करने के लिए किसीको उसके गुणों का आकलन कर के नहीं बल्कि उसकी हैसियत देख कर चुना जाता है। आज रावण दहन के लिए उसे ''धनुष'' थमाया जाता है जो अपने क्षेत्र में येन-केन-प्रकारेण अगुआ हो................!

#हिन्दी_ब्लागिंग              
अभी-अभी दशहरा हो कर गया है। शायद ही कोई माध्यम ऐसा होगा जिसमें किसी कवि, लेखक, संत, दार्शनिक, पंडित, कथावाचक, कलाकार या स्वयंभू बुद्धिजीवी ने साल दर साल रावण के पुतले के दहन के बावजूद उसके ना मरने, हर साल आ धमकने की बात कह-कह कर अपनी सलाह दूसरों यानी आम अवाम पर जबरन ना थोपी हो ! वैसे ऐसा कहने वालों में अधिकांश वही हैं जिन्हें हिंदुओं के हर त्यौहार में कोई न कोई खामी नज़र आती है। त्यौहार आते ही इनकी विद्वता भी कुलांचें मारने लगती है दूसरों पर हावी होने के लिए !  

पर ऐसा कहने वाले और दूसरों को सलाह देने वाले कभी यह सोचते हैं कि आज, भले ही सांकेतिक रूप से ही सही रावण को मारने, उसका दहन करने का जिम्मा कौन लेता है या किसको दिया जाता है ? आज पार्कों में, चौराहों पर, कालोनियों में या मैदानों में जो रावण के पुतले फूंके जाते हैं उनको फूंकने में अगुवाई करने वाले अधिकांश तो खुद बुराइयों के पुतले होते हैं ! उनकी तो खुद की अपनी लंकाऐं होती हैं, काम-क्रोध-मद-लोभ जैसी बुराइयों से भरपूर, तो बुराई ही बुराई पर क्योंकर विजय पाएगी ? आज बुराई पर अच्छाई की विजय निश्चित करने के लिए किसीको उसके गुणों का आकलन कर के नहीं बल्कि उसकी हैसियत देख कर चुना जाता है। आज रावण दहन के लिए उसे ''धनुष'' थमाया जाता है जो अपने क्षेत्र में येन-केन-प्रकारेण अगुआ हो ! फिर चाहे वह राजनीतिज्ञ हो, चाहे कलाकार हो, चाहे व्यापारी हो या फिर अपने इलाके का प्रमुख ही हो, जैसे किसी कॉलोनी या हाऊसिंग सोसायटी का प्रेजिडेंट ! अगुआ होना ही उसकी लियाकत है भले ही कर्मों से वह दुर्योधन ही क्यों न हो ! 

रावण अपने आप में ज्ञानी-ध्यानी, सबसे बड़ा शिव भगत, पुरातत्ववेता, ज्योतिष का जानकार, विद्वान तथा युद्ध विशारद, महाबली योद्धा था। उससे बड़ा महा पंडित उस युग में कोई दूसरा नहीं था। ऐसा नहीं होता तो क्या श्री राम उसे अपने यज्ञ का पुरोहित बनाते ! उस पर राम जो सारे जगत के पालनहार हैं, नियोजक हैं, सर्व शक्तिमान हैं, सारे चराचर के स्वामी हैं, उन्हें भी उस रावण पर विजय पाने में ढाई महीने लग गए थे ! तब जा कर कहीं उसका वध हुआ था। रावण को मारने के लिए राम का होना जरुरी है और राम ऐसे ही कोई नहीं बन जाता ! उसके लिए उसमें प्रबल शक्ति का होना तो अवश्यंभावी है ही, साथ ही उसे कर्त्वयनिष्ठ, सत्यनिष्ठ, दृढ़निश्चयी, करुणामय, ज्ञानी, वचन पालक, संयमी, ईर्ष्या मुक्त, विवेकी, निरपेक्ष, शरणागत वत्सल, दयालु, समदर्शी, काम-क्रोध-मोह विहीन होना भी बहुत जरुरी है ! क्या आज एक ही इंसान में इतने गुणों  होना संभव है ? 
नहीं ! 
तो रावण का मरना भी असंभव है !  

शनिवार, 5 अक्टूबर 2019

आज कितने लोग जानते हैं कि लाल बहादुर शास्त्री जी का उपनाम वर्मा था ?

जैसा कि कायस्थ परिवारों में श्रीवास्तव और वर्मा सरनेम लगता है उसी के अनुसार उनका नाम लाल बहादुर वर्मा रखा गया था। शास्त्री जी शुरू से ही जात-पात, ऊँच-नीच, छुआ-छूत जैसी प्रथाओं के विरोधी रहे थे। समय के साथ जब उन्हें गांधी जी के नेतृत्व में काम करने का अवसर मिला तो उनके विचार और भी परिपक़्व हो गए। उन दिनों काशी विद्यापीठ में ग्रैजुएट डिग्री के बतौर शास्त्री टाइटल मिलता था। चूँकि शास्त्री जी ने यह उपाधि हासिल की हुई थी सो उन्होंने अपने उपनाम वर्मा को हटा कर शास्त्री जोड़ लिया, तबसे वे  लाल बहादुर शास्त्री के नाम से ही जाने और माने जाने लगे..........!

#हिन्दी_ब्लागिंग 
पिछले हफ्ते में देश पूर्णतया गांधीमय रहा। गांधी जी की डेढ़ सौवीं जयंती के लैंडमार्क को मनाने के दिखावे की जैसे होड़ लगी रही। उन्होंने तो करना ही था जिन्होंने शुरू से ही इस नाम को हाई प्रोफ़ाइल कर अपना ट्रेड मार्क बना रखा था ! पर इस बार मौके की नजाकत और आम अवाम की नस पहचान कर कुछ और लोग भी जुटे रहे अपने को उनका अनुयायी सिद्ध करने के लिए ! जबकि कटु सत्य और विडंबना यह है कि आज सिर्फ और सिर्फ इस नाम को अपने मतलब के लिए भुनाने की कोशिश की जाती है। क्योंकि अभी भी यह नाम भारत के भावुक जनमानस में बहुत गहरे तक पैबस्त है और यह पैबस्ती वोटों में तब्दील होती है। 

अब इसे क्या कहें कि देश के सबसे लायक, ईमानदार, विनम्र, मृदु भाषी, हमेशा धीमे बोलने वाले, सादगी और सच्चाई पसंद, वीर और दृढ इच्छाशक्ति के व्यक्ति लाल बहादुर शास्त्री जी का जन्म दिन भी गांधी जी के साथ ही पड़ता है ! देश के दूसरे प्रधान मंत्री के रूप में उनके बिना शोर शराबा किए देश के निर्माण में योगदान और सफल नेतृत्व के कारण वे सदा ही भारतीयों के प्रोत्साहन के महान स्रोत तो रहे ही पूरे विश्व में भी उनकी योग्यता और सक्षमता की प्रशंसा होती रही है। वे तो खैर बिना दिखावे के अपने काम से मतलब रखते थे पर उनकी पार्टी ने भी पता नहीं उन्हें क्यों लो प्रोफाइल व्यक्तित्व  ही बनाए रखा जिसकी वजह से अक्सर लोग उनकी जयंती याद नहीं रख पाते थे, वह तो अब जा कर कुछ महत्व मिलना शुरू हुआ है। पर यह खेद का विषय है किअभी भी उनके बारे में अधिकांश लोगों को पूरी और सही जानकारी नहीं है। आज कितने लोग जानते हैं कि लाल बहादुर शास्त्री जी का असली सरनेम वर्मा था ?   

लाल बहादुर शास्त्री का जन्म 2 अक्टूबर 1904 को उत्तर प्रदेश के मुगलसराय शहर में हुआ. शास्त्री जी का जन्म एक कायस्थ परिवार में हुआ था. उनके पिता का नाम शारदा प्रसाद श्रीवास्तव था. वो एक स्कूल में शिक्षक थे। जैसा कि कायस्थ परिवारों में श्रीवास्तव और वर्मा सरनेम लगता है उसी के अनुसार उनका नाम लाल बहादुर वर्मा रखा गया था। शास्त्री जी शुरू से ही जात-पात, ऊँच-नीच, छुआ-छूत जैसी प्रथाओं के विरोधी रहे थे। समय के साथ जब उन्हें गांधी जी के नेतृत्व में काम करने का अवसर मिला तो उनके विचार और भी परिपक़्व हो गए। उन दिनों काशी विद्यापीठ में ग्रैजुएट डिग्री के बतौर शास्त्री टाइटल मिलता था। चूँकि शास्त्री जी ने यह उपाधि हासिल की हुई थी सो उन्होंने अपने उपनाम वर्मा को हटा कर शास्त्री जोड़ लिया, तबसे वे  लाल बहादुर शास्त्री के नाम से ही जाने और माने जाने लगे।

आज कई लोग मौका मिलते ही विभिन्न मंचों से, विभिन्न अवसरों पर, कुछ समय के अंतराल पर विनम्रता का मुखौटा लगाए बार-बार अपने पुरखों की उपलब्धियों का जिक्र कर उन्हें महान सिद्ध करने में गुरेज नहीं करते। शास्त्री जी तो थे ही सरल, सहज और आडम्बर रहित पर उनके वंशज भी उन्हीं के पदचिन्हों पर चलते हुए कभी भी बड़बोले नहीं बने। आज जरुरत है देश के ऐसे सच्चे सपूतों की जीवनियों को उजागर करने की जिससे वर्तमान और भावी पीढ़ियां उन लोगों को भी जान सकें, जिन्होंने देश की इमारत को बुलंद करने में अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया पर खुद उसकी नींव में अनजान से पत्थर की तरह ही बने रहे !   

गुरुवार, 26 सितंबर 2019

ढीली-ढीली सी वो निक्कर, खुली-खुली बनियान..

पांच-छह साल के सात-आठ बच्चों का समूह ! जो बिना किसी जंतर-पाती (instruments) के खेलों से लेकर अमरुद की टेढ़ी डालियों से बनी हॉकी, ईंटों के विकेट वाली क्रिकेट, सबसे सस्ता खेल फ़ुटबाल, हर खेल खेलता था। पूरी फौज में हथियार यानी क्रिकेट का बैट मेरे ही पास होता था फिर ऊपर से मकर राशि ! जाहिर है सबका अगुआ कायनात ने मुझे ही निश्चित किया हुआ था ! पर यह जबरदस्ती की अगुआई भारी भी पड़ती थी ! कहीं जो गलत-सलत हुआ (जो अक्सर होता ही रहता था) तो डांट-डपट और कभी-कभी....भी मेरे ही हिस्से आती थी। क्योंकि समय तो साथियों का भी आता ही था ना ! समय के साथ हथियार तो कॉमन हो गए पर परंपरा रिलायंस तक जारी रही ............

#हिन्दीब्लागिंग 
साठ-इकसठ का समय, लक्ष्मीनारायण जूट मिल, कोननगर, प. बंगाल !
लगभग एक से पहरावे, घुटने तक की चौड़ी सी ढीली-ढाली निक्कर और बुश्शर्ट। कभी-कभी तो गर्मी के कारण सिर्फ कोहनी तक की बनियान (निक्कर के साथ) ! स्कूल में तक़रीबन एक क्लास आगे-पीछे पढ़ने वाले पांच-छह साल के सात-आठ बच्चों का समूह ! जो बिना जंतर-पाती के खेलों से लेकर अमरुद की टेढ़ी डालियों से बनी हॉकी, ईंटों के विकेट वाली क्रिकेट, सबसे सस्ता खेल फ़ुटबाल, हर खेल खेलता था। पर विशाल परिसर, पेड़-पौधे उद्यान, घनी झाड़ियां ''चोर-पुलिस'' के लिए बड़े मुफीद थे और यही सबसे ज्यादा खेला जाने वाला खेल भी था। पूरी फौज में हथियार यानी क्रिकेट का बैट मेरे ही पास होता था फिर ऊपर से मकर राशि ! जाहिर है सबका अगुआ मुझे ही होना था ! पर यह जबरदस्ती की अगुआई भारी भी पड़ती थी ! कहीं जो गलत-सलत हुआ (जो अक्सर होता ही रहता था) तो डांट-डपट और कभी-कभी....भी मेरे ही हिस्से आती थी।

तो बात हो रही थी "चोर-पुलिस'' की जिसमें अपनी पारी पर किसी एक को अपने छिपे हुए साथियों को खोजना पड़ता था और पहले किसी भी साथी को देख लेने पर खेल ख़त्म हो जाता था, अगली पारी की शुरुआत के लिए। पर रोज-रोज के एक जैसे ढर्रे से उकता एक दिन मेरे मन में एक नया विचार आया कि क्यों ना खेल को लंबा किया जाए ! उसके लिए जुगत निकाली कि अबसे किसी एक छिपे हुए साथी को नहीं बल्कि खेलने वाले सभी साथियों को ढूंढना पडेगा और इसी बीच यदि ढूंढने वाले के बिना जाने उसकी पीठ पर, किसी बिन खोजे खिलाड़ी ने ''थप्पा'' दे दिया तो उस खोजने वाले को फिर से अपनी ''दान'' देनी पड़ेगी। आयडिया क्लिक कर गया और बहुत पॉपुलर हुआ ! जब एक-डेढ़ साल बाद रिलायंस आना हुआ तो ये भी मेरे साथ वहां आ, स्थापित हो गया।इसका नाम आइस-पाइस भी शायद यहीं आकर पड़ा ! कैसे और क्यूँ  यह बिलकुल याद नहीं। कभी-कभी लगता है कि इस ''देश प्रसिद्ध खेल'' की ईजाद मैंने ही तो नहीं की थी ! 
इसी सुंदर से लॉन में ट्रेंचेस खोदी गयी थीं 
रिलायंस में हम कुछ बड़े भी हो गए थे और ''चतुर'' भी ! इसी चतुराई की तहत कई बार यदि किसी छिपे हुए प्रतिभागी को भूख लग जाती थी या दीर्घ शंका हो जाती थी तो वह चुपचाप घर सटक लेता था और खोजने वाला बेचारा बिना फल की चिंता किए हुए उसे झाडी-झाडी, पत्ते-पत्ते के नीचे खोजता हुआ अपना कर्म करता रह जाता था ! अभी ऐसे एक महान प्रतियोगी का नाम जो मुझे याद है वह था हरषन या हरीश भंडारी ! यह खेल अपने चरम पर तब पहुंचा जब 65 के भारत-पाक युद्ध के दौरान फ्लैटों के सामने पूरे लॉन में सर्पीली ट्रेंचेस (खन्दक) खोद दी गयीं थीं। उन दिनों सारे घरों के शीशों पर कागज चढ़ा दिया गया था, खंबों पर लगे बल्बों को कवर कर दिया गया था ! रौशनी सिर्फ उतनी जितने की बहुत ही जरुरत हो ! उन दिनों के बच्चों पर अघोषित रूल लागू था जिसके तहत शाम को छह-साढे छह बजते-बजते घर आ जाना जरुरी होता था। पर उन दिनों जब सब जगह बाहर निकलने की सख्ती और पाबंदी लगी हुई थी, परिसर में बच्चों को बाहर निकलने की छूट सी मिल गयी थी। सुरमयी अँधेरे का माहौल, छिपने के लिए खन्दकें, दर्शकों के रूप में काका-चाचा लोग ! खेल अपने पूरे शबाब पर !

अब जब कभी मन उचाट हो जाता है या अजीब सी बेचैनी तारी हो जाती है तो दिलो-दिमाग को बरबस खींच कर ले जाता हूँ उन्हीं दिनों की यादों में, उन्हीं सुखद पलों के बीच उन्हीं जिंदगी के सबसे हसीन क्षणों में और फेंक देता हूँ अपने-आप को उसी तरण ताल में ! 

सोमवार, 16 सितंबर 2019

बायोमिमीक्री ! यह क्या चीज है.?

मानव-हितार्थ आविष्कारों के दौरान बहुतेरी बार ऐसा हुआ कि इस तरह के उपक्रमों में कई-कई तरह की अड़चनें व बाधाएं भी आ खड़ी होने लगीं ! उनको दूर करने के प्रयासों में वैज्ञानिकों ने पाया कि उनकी समस्या का हल कुदरत ने उससे मिलती-जुलती कई चीजों के तत्व, अवयव या नमूनों में पहले से दे रखा है ! इसके अलावा वे मानव-निर्मित यंत्रों की तुलना में हलकी, लचीली और मज़बूत तो होती ही हैं, उनसे कहीं भी, किसी तरह का प्रदूषण भी नहीं होता ! उनको अमल में लाया गया और परिणाम यह रहा कि आज के बेहतरीन आविष्कारों में से बहुत-से ऐसे हैं जो कुदरत में पाए जानेवाले जीव-जन्तुओं और पेड़-पौधों की नकल करके ही बनाए जा सके हैं...................!

#हिन्दी_ब्लागिंग   
मिमिक्री,  जिसका सीधा-सरल अर्थ होता है किसी की नक़ल, स्वांग या अनुकरण करना। यानी नामी-गिरामी नेताओ, अभिनेताओं, गायकों, जीव-जंतुओं इत्यादि की आवाज, उनके हाव-भाव, चाल-ढाल की नक़ल ! शायद ही कोई होगा जिसने कभी किसी की, किसी के द्वारा मिमिक्री ना देखी सुनी हो ! कुछ लोग तो इसी विधा के चलते नामी ''कलाकार'' बन नाम और शोहरत बटोरते चले गए। पर आज यहां एक दूसरी तरह की मिमिक्री की चर्चा हो रही है और वह है बायोमिमीक्री ! जिसको हिंदीं में  ‘‘जैव अनुकृतिकरण’’ कहा जाता है। यानी कुदरत की रचनाओं की वह नक़ल जो मानव निर्मित यंत्रों को सुधारने-बनाने में उपयोगी सिद्ध होती है। इसको बायोमिमेटिक्स भी कहा जाता है।    


क्या होती है बायोमिमिक्री या बायोमिमेटिक्स ! वैसे तो यह एक लंबा-चौड़ा विषय है, मगर  संक्षेप में देखें तो जब समय के साथ-साथ मानव हित और उसके उपयोग के लिए तरह-तरह के आविष्कार जीवन के हर क्षेत्र में होने लगे, तब बहुतेरी बार ऐसा हुआ कि इस तरह के उपक्रमों में कई-कई तरह की अड़चनें व बाधाएं भी आ खड़ी होने लगीं ! उनको दूर करने के प्रयासों में वैज्ञानिकों ने पाया कि उनकी समस्या का हल कुदरत ने उससे मिलती-जुलती कई चीजों के तत्व, अवयव या नमूनों में पहले से दे रखा है ! इसके अलावा वे मानव-निर्मित यंत्रों की तुलना में हलकी, लचीली और मज़बूत तो होती ही हैं, उनसे कहीं भी, किसी तरह का प्रदूषण भी नहीं होता।उदाहरण के लिए एक हड्डी और उतने ही वज़न के स्टील की तुलना में हड्डी ज़्यादा मज़बूत होती है ! देखा जाए तो इस तरह की नक़ल की शुरुआत तब ही हो गयी थी जब लिओनार्दो दा विंची ने पक्षियों की उड़ान को देख उड़ने की कोशिश की थी ! हालांकि वह सफल नहीं हुआ पर उसकी कल्पना आगे चल कर जरूर साकार हो गयी। आज इस विज्ञान का मकसद प्रकृति में पाई जानेवाली चीज़ों की नकल करके अपने यंत्रों में सुधार के साथ-साथ नयी मशीनों का आविष्कार करना भी है। वैसे भी आज के बेहतरीन आविष्कारों में से बहुत-से ऐसे हैं जो कुदरत में पाए जानेवाले जीव-जन्तुओं और पेड़-पौधों की नकल करके किए गए हैं।
लिओनार्दो का सपना 
वेल्क्रो

छिपकली के पंजों की खासियत 
मधुमक्खी की तकनीक 
ऐसे अनगिनत उदहारण हैं जो बताते हैं कि कैसे इस विधा की सहायता से अनगिनत बाधाएं दूर कर यंत्रों को सुगम और उपयोगी बनाया गया है ! आज की सबसे लोकप्रिय, सुलभ, छोटी सी पर बेहद जरुरी ''वेल्क्रो'' नामक तकनीक जो वस्त्रों, बैगों, सूटकेसों इत्यादि के दो हिस्सों को जोड़ने या बंद करने के काम आती है, ख़ास कर जिसका प्रयोग आजकल जूतों के फीतों की जगह बेहद आम है, उसका विचार प्रकृति के एक जंगली, कंटीले फल को देख कर ही आया ! शुरू में जब जापान की बुलेट ट्रेन किसी सुरंग से निकलती थी तो उसकी गति और वातावरण बदलने से एक जोर की धमाकेनुमा आवाज होती थी ! वैज्ञानिको ने खोज के दौरान पाया कि किंगफिशर पक्षी चाहे कितनी भी जोर से पानी में डुबकी क्यों ना लगाए पानी में ज़रा सी भी आवाज नहीं होती ! उन्होंने ट्रेन के इंजिन के अगले भाग को पक्षी के सर और चोंच की शक्ल में ढाला तो आवाज तो कम हुई ही ऊर्जा की भी बचत होने लगी। 
किंग फिशर और रेल इंजन 
गोग की तरह की चढ़ाई 
शार्क की चमड़ी 
रेगिस्तान में पानी का बचाव 
कठफोड़वे को प्रकृति के देन 
छिपकली या गोह के पंजों की संरचना आने वाले समय में इंसान को कांच की दिवार पर चढ़ने लायक बना देगी। दीमकों की बांबी जो एक अद्भुत संरचना है जिसके बाहर का तापमान कुछ भी हो भीतर एक सा ही रहता है, भविष्य में ऊर्जा और पर्यावरण की रक्षा का कारण  होगी। अफ्रिका के मरुस्थल के कीड़े से पानी की बचत सीखने की कोशिश हो रही है। दुनिया की बेहतरीन तैराक शार्क है। जिसका राज उसकी चमड़ी में हैं ! उसका अध्ययन पानी के जहाज़ों, पनडुब्बियों, नौकाओं की गति सुधारने के काम आएगा। कठफोड़वे को ही लें जिसके पेड़ों में छेद करने के एक सेकेण्ड में तक़रीबन 20-22 प्रहार भी उसकी गरदन में बने प्राकृतिक ''शॉक एब्जॉर्बर'' के कारण उसके शरीर को क्षति नहीं पहुँचने देते ! मक्खियों के पर, जुगनुओं की रौशनी, बया का घोंसला, अगर इंसान मकड़ी की तरह का जाल, जो मछली पकड़ने वाले जाल जितना बड़ा हो, बना सके तो उससे एक हवाई जहाज़ को भी आगे बढ़ने से रोका जा सकता है ! क्या-क्या गिना-गिनाया जाए ! कुदरत ऐसी हजारों अद्भुत की संरचनाओं से भरी पड़ी है। निकट भविष्य में वे सब किसी ना किसी रूप में इंसानों के काम आ सकती हैं।  

विशिष्ट पोस्ट

नकारों को नकारते नवयुवा

हमारे देश की यह बदनसीबी है कि यहां अपने स्वार्थ, अपने वर्चस्व, स्वहित के लिए किसी भी हद तक जाने वालों की कभी कमी नहीं रही है !  अभी कुछ दि...