व्यापार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
व्यापार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 1 जनवरी 2026

कौंडिन्य, जिनके नाम पर नौसेना के पाल-पोत का नामकरण हुआ

जिसने हजारों साल पहले हिंद महासागर से दक्षिण पूर्व एशिया तक की सफल समुद्री यात्राएं ही नहीं कीं थीं, बल्कि दक्षिण पूर्व एशिया में फुनान साम्राज्य, जो मेकांग डेल्टा क्षेत्र में स्थित था, की स्थापना में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी ! जिसने ऐसा अनोखा इतिहास रचने में अपना योगदान दिया था, उसी, अब तक एक तरह से अज्ञात, गुमनाम महान नाविक को सम्मान देते हुए भारतीय नौसेना ने अपने इस नये जहाज का नाम INSV कौंडिन्य रख, देशवासियों को उससे परिचित करवाया है ! इसके लिए नौसेना को साधुवाद..........!

#हिन्दी_ब्लागिंग 

इस साल के अंत में एक अद्भुत, सुखद घटना घटी ! जब भारतीय नौसेना ने अपना एक खास अग्रणी ''सिला हुआ पाल-पोत,'' INSV कौंडिन्य सोमवार, 29 दिसंबर को गुजरात के पोरबंदर से ओमान के मस्कट तक भारत की प्राचीन समुद्री परंपराओं के परीक्षण तथा प्राचीन समुद्री व्यापार मार्ग का पता लगाने के लिए रवाना किया। 19.6 x 6.5 x 3.3 आयामी इस जहाज में 17 नाविक सवार हैं, जिनका नेतृत्व कमांडर विकास सोरेन तथा उनके सहायक कमांडर वाई हेमंत कुमार संभालेंगे। कौंडिन्य उन 1400 की.मी. लंबे ऐतिहासिक समुद्री मार्गों का प्रतीकात्मक पुनरावलोकन करेगा, जिन्होंने सहस्राब्दियों तक भारत को व्यापक हिंद महासागर क्षेत्र से जोड़े रखा था। 

इतिहास रचने की तैयारी

नौसेना का हिस्सा 
कौंडिन्य की विशेषता यह है कि यह आज के आधुनिक नौसैनिक जहाजों से बिलकुल अलग है। कौंडिन्य में ना कोई इंजन है, नाहीं आधुनिक प्रोपल्शन तकनीक। इसे अजंता की गुफाओं में दर्शाए गए एक जहाज के चित्र के आधार पर, लकड़ी के तख्तों से, 2000 साल से भी अधिक पुरानी जहाज निर्माण पद्धति के अनुसार बनाया गया है। इसमें लोहे या धातु की कीलों का प्रयोग ना कर, नारियल के रेशों, उसकी रस्सियों, मछली के तेल, प्राकृतिक राल, और लाल ईंटों के चूर्ण का उपयोग किया गया है। एक तरह से यह एक सिला हुआ जहाज है। यह समुद्र की लहरों, हवा और अपने पाल के सहारे ही अपनी यात्रा पूरी करेगा !

कौंडिन्य 

पूर्णतया सिला हुआ 
इसका नाम रखा गया है कौंडिन्य ! कौन थे ये ? जिनके नाम पर इस जहाज का नाम रखा गया ! तो यह उस भारतीय व्यक्ति का नाम है, जिसने हजारों साल पहले हिंद महासागर से दक्षिण पूर्व एशिया तक की सफल समुद्री यात्राएं ही नहीं की थीं बल्कि दक्षिण पूर्व एशिया में फुनान साम्राज्य, जो मेकांग डेल्टा क्षेत्र में स्थित था, की स्थापना में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी ! पर जिसके बारे में हमारे छद्म इतिहासकारों ने कभी बताया ही नहीं ! हम तो अब तक कोलंबस, वास्कोडिगामा आदि को ही साहसी नाविक मानते रहे थे ! 
गर्व के पल 
कौंडिन्य का जन्म कलिंग राज्य के एक ब्राह्मण परिवार हुआ था ! वे एक महान विद्वान तथा निडर साहसिक नाविक थे। जो हिंद महासागर से दक्षिण पूर्व एशिया तक की अपनी यात्राओं के लिए जाने जाते रहे हैं। उनकी कहानी ऐतिहासिक तथ्य और पौराणिक कथाओं का मिश्रण है, जो भारत और दक्षिण पूर्व एशिया के बीच गहरे सांस्कृतिक और समुद्री संबंधों का प्रतीक है। एक कुशल नाविक के रूप में अपनी उपलब्धियों के अलावा, कौंडिन्य वैदिक ज्ञान में और मार्शल आर्ट में भी पारंगत थे। जो हमारे प्राचीन खोजकर्ताओं की बहुआयामी विलक्षणता को दर्शाता है ! 

तब कितनी कठिन रही होगी यात्रा 
कौंडिन्य का विस्तृत विवरण प्राचीन चीनी अभिलेखों में उपलब्ध है, जिनके अनुसार, कौंडिन्य ने बंगाल की खाड़ी के पार, दिव्य स्वप्न द्वारा निर्देशित हो एक यात्रा शुरू की। मेकांग डेल्टा में कौंडिन्य और उनके चालक दल पर समुद्री लुटेरों, जिसका नेतृत्व एक नागा (सर्प) कबीले के मुखिया की बेटी रानी सोमा कर रही थी, ने हमला कर दिया। जिसमें इन्होंने सोमा की सेनाओं को हराया। कौंडिन्य के साहस और कौशल से प्रभावित हो कर रानी सोमा ने उनसे विवाह का प्रस्ताव रखा, जिसे कौंडिन्य ने स्वीकार कर लिया।


समय के साथ कौंडिन्य ने फुनान साम्राज्य की स्थापना कर, व्याधपुरा (वर्तमान कंबोडिया) में बा फनोम को अपनी राजधानी के रूप में स्थापित किया। कौंडिन्य और रानी सोमा के विवाह को व्यापक रूप से भारतीय और स्थानीय खमेर संस्कृतियों के संबंधों की सुदृढ़ता के रूप में माना जाता है। इस सांस्कृतिक एकीकरण ने एक संपन्न सभ्यता की नींव रखी। समय के साथ, फुनान समुद्री व्यापार के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हुआ।    

सन्नद्ध 

जिसने ऐसा इतिहास रचने में अपना योगदान दिया था, उस, अब तक एक तरह से, अज्ञात, गुमनाम महान नाविक को सम्मान देते हुए भारतीय नौसेना ने अपने इस नये जहाज का नाम INSV कौंडिन्य रख, देशवासियों को उससे परिचित करवाया है ! इसके लिए नौसेना का हार्दिक आभार और साथ ही साधुवाद !

@चित्र अंतर्जाल के सौजन्य से 

बुधवार, 1 नवंबर 2023

बाजार की गिद्ध दृष्टि एक मासूम से त्योहार पर

आज सोची-समझी साजिशों के तहत हमारे हर त्योहार, उत्सव, प्रथा को रूढ़िवादी, अंधविश्वास, पुरातनपंथी, दकियानूसी कह कर ख़त्म करने की कोशिशें हो रही हैं। रही सही कसर पूरी करने को "बाजार" उतारू है जिसने इस मासूम से त्योहार को भी एक फैशन का रूप देने के लिए कमर कस ली है। आज समय की जरुरत है कि हम अपने ऋषि-मुनियों, गुणी जनों द्वारा दी गयी सीखों  उपदेशों का सिर्फ शाब्दिक अर्थ ही न जाने उसमें छिपे गूढार्थ को समझने की कोशिश भी करें...............!

#हिन्दी_ब्लागिंग 

करवा चौथ, हिंदू विवाहित महिलाओं का एक महत्वपूर्ण त्योहार। जिसमें पत्नियां अपने पति की लंबी उम्र के लिए दिन भर कठोर उपवास रखती हैं। यह खासकर उत्तर भारत में खासा लोकप्रिय पर्व है, वर्षों से मनता और मनाया जाता हुआ पति-पत्नी के रिश्तों के प्रेम के प्रतीक का एक त्योहार। सीधे-साधे तरीके से बिना किसी ताम-झाम के, बिना कुछ या जरा सा खर्च किए, सादगी से मिल-जुल कर मनाया जाने वाला एक छोटा सा उत्सव, जो कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को मनाया जाता है ! करवा उस मिटटी के पात्र को कहते हैं, जो इस व्रत का एक अहम हिस्सा है, इसमें पानी की निकासी के लिए एक टोंटी बनी होती है, व्रत पश्चात् करवे से ही चन्द्रमा को अर्घ्य दिया जाता है ! इसलिलिए दोनों को मिला कर करवाचौथ नामकरण हुआ !   

इसकी शुरुआत को पौराणिक काल से जोड़ा जाता रहा है। इसको लेकर कुछ कथाएं भी प्रचलित हैं। जिसमें सबसे लोकप्रिय रानी वीरांवती की कथा है जिसे पंडित लोग व्रती स्त्रियों को सुनवा, संध्या समय  जल ग्रहण करवाते हैं। इस गल्प में सात भाइयों की लाडली बहन वीरांवती का उल्लेख है जिसको कठोर व्रत से कष्ट होता देख भाई उसे धोखे से भोजन करवा देते हैं जिससे उसके पति पर विपत्ति आ जाती है और वह माता गौरी की कृपा से फिर उसे सकुशल वापस पा लेती है। महाभारत में भी इस व्रत का उल्लेख मिलता है जब द्रौपदी पांडवों की मुसीबत दूर करने के लिए शिव-पार्वती के मार्ग-दर्शन में इस व्रत को कर पांडवों को मुश्किल से निकाल चिंता मुक्त करवाती है।  कहीं-कहीं सत्यवान और सावित्री की कथा में भी इस व्रत को सावित्री द्वारा संपंन्न होते कहा गया है जिससे प्रभावित हो यमराज सत्यवान को प्राणदान करते हैं। ऐसी ही एक और कथा करवा नामक स्त्री की  भी है जिसका पति नहाते वक्त नदी में घड़ियाल का शिकार हो जाता है और बहादुर करवा घड़ियाल को यमराज के द्वार में ले जाकर दंड दिलवाती है और अपनें पति को वापस पाती है।

कहानी चाहे जब की हो और जैसी भी हो हर कहानी में एक बात प्रमुखता से दिखलाई पड़ती है कि स्त्री, पुरुष से ज्यादा धैर्यवान, सहिष्णु, सक्षम, विपत्तियों का डट कर सामना करने वाली, अपने हक़ के लिए सर्वोच्च सत्ता से भी टकरा जाने वाली होती है। जब कि पुरुष या पति को सदा उसकी सहायता की आवश्यकता पड़ती रहती है।उसके मुश्किल में पड़ने पर उसकी पत्नी अनेकों कष्ट सह, उसकी मदद कर, येन-केन-प्रकारेण उसे मुसीबतों से छुटकारा दिलाती है। हाँ इस बात को कुछ अतिरेक के साथ जरूर बयान किया गया है। वैसे भी यह व्रत - त्योहार  प्राचीन काल से चले आ रहे हैं, जब महिलाएं घर संभालती थीं और पुरुषों पर उपार्जन की जिम्मेवारी होती थी।पर आज इसे  कुछ तथाकथित आधुनिक नर-नारियों द्वारा पिछडे तथा दकियानूसी त्योहार की संज्ञा दे दी गयी है।  

आज कल आयातित कल्चर, विदेशी सोच तथा तथाकथित आधुनिकता के हिमायती कुछ लोगों को महिलाओं का दिन भर उपवासित रहना उनका उत्पीडन लगता है। उनके अनुसार यह पुरुष  प्रधान समाज द्वारा महिलाओं को कमतर आंकने का बहाना है। अक्सर उनका सवाल रहता है कि पुरुष क्यों नहीं अपनी पत्नी के लिए व्रत रखते ? ऐसा कहने वालों को शायद व्रत का अर्थ सिर्फ भोजन ना करना ही मालुम है। जब कि कहानियों में व्रत अपने प्रियजनों को सुरक्षित रखने, उनकी अनिष्ट से रक्षा करने की मंशा का सांकेतिक रूप भर है। यह तो  इस तरह के लोग एक तरह से अपनी नासमझी से महिलाओं की भावनाओं का अपमान ही करते हैं। उनके प्रेम, समर्पण, चाहत को कम कर आंकते हैं और जाने-अनजाने महिला और पुरुष के बीच गलतफहमी की खाई को पाटने के बजाए और गहरा करने में सहायक होते हैं। वैसे देखा जाए तो पुरुष द्वारा घर-परिवार की देख-भाल, भरण-पोषण भी एक तरह का व्रत ही तो है जो वह आजीवन निभाता है ! आज समय बदल गया है, पहले की तरह अब महिलाएं घर के अंदर तक ही सिमित नहीं रह गई हैं। पर इससे उनके अंदर के प्रेमिल भाव, करुणा, परिवार की मंगलकामना जैसे भाव खत्म नहीं हुए हैं।

आज सोची-समझी साजिशों के तहत हमारे हर त्योहार, उत्सव, प्रथा को रूढ़िवादी, अंधविश्वास, पुरातनपंथी, दकियानूसी कह कर ख़त्म करने की कोशिशें हो रही हैं। रही सही कसर पूरी करने को "बाजार" उतारू है ! उसे तो सिर्फ अपने लाभ से मतलब होता है। उसने महिलाओं की दशा को भांपा और उनकी भावनाओं को ''कैश'' करना शुरू कर दिया। देखते-देखते साधारण सी चूडी, बिंदी, टिकली, धागे सब "डिजायनर" होते चले गए। दो-तीन-पांच रुपये की चीजों की कीमत 100-150-200 रुपये हो गई। अब सीधी-सादी प्लेट या थाली से काम नहीं चलता, उसे सजाने की अच्छी खासी कीमत वसूली जाने लगी ! कुछ घरानों में छननी से चांद को देखने की प्रथा घर में उपलब्ध छननी से पूरी कर ली जाती थी पर अब उसे भी बाजार ने साज-संवार, दस गुनी कीमत कर, आधुनिक रूप दे, महिलाओं के लिए आवश्यक बना डाला। चाहे फिर वह साल भर या सदा के लिए उपेक्षित घर के किसी कोने में ही पडी रहे। पहले शगन के तौर पर हाथों में मेंहदी खुद ही लगा ली जाती थी या आस-पडोस की महिलाएं एक-दूसरे की सहायता कर देती थीं, पर आज यह लाखों का व्यापार बन चुका है। उसे भी पैशन और फैशन बना दिया गया है ! कल के एक घरेलू, आत्म केन्द्रित, सरल, मासूम से उत्सव, एक आस्था, को खिलवाड का रूप दे दिया गया। करोड़ों की आमदनी का जरिया बना दिया गया ! आज समय की जरुरत है कि हम अपने ऋषि-मुनियों, गुणी जनों द्वारा दी गयी सीखों, उपदेशों का सिर्फ शाब्दिक अर्थ ही न जाने, उसमें छिपे गूढार्थ को समझने की कोशिश भी करें।   
:
@सभी चित्र अंतर्जाल के सौजन्य से   

बुधवार, 13 अप्रैल 2022

कर्म पर भारी पड़ती, किस्मत

समर ने इस बार लहसुन की अच्छी फसल ली थी सो वही ले कर वह विदेश रवाना हो गया। गंतव्य पर पहुंच कर उसने भी अपना सामान वहां के लोगों को दिखाया। भगवान की कृपा, लहसुन का स्वाद तो उन लोगों को इतना भाया कि वे सब प्याज को भी भूल गए ! इतने दिव्य स्वाद से परिचित करवाने के कारण वे सब अपने को समर का ऋणी मानने लग गए। पर उन लोगों के सामने एक धर्मसंकट आ खड़ा हुआ कि इतनी अच्छी चीज का मोल वे लोग किस कीमती वस्तु से चुकाएं....! उनके लिये सोने का कोई मोल तो था ही नहीं  ! तो क्या करें ? तभी वहां के मुखिया ने सब को सुझाया कि सोने से कीमती चीज तो अभी उनके पास कुछ दिनों पहले ही आई है...........!

#हिन्दी_ब्लागिंग 

कहानी कुछ पुरानी जरूर है पर है बड़ी दिलचस्प। जो यह बताती है कि कर्म के साथ किस्मत का सांमजस्य होना कितना जरुरी  होता है ! बात उन दिनों की है जब आधुनिक संचार व्यवस्था का नाम भी लोगों ने नहीं सुना था ! लोग आने-जाने वालों, व्यापारियों, घुम्मकड़ों, सैलानियों से ही देश विदेश की खबरें, जानकारियां प्राप्त करते रहते थे। ऐसे ही अपने आस-पास के व्यापारियों की माली हालत अचानक सुधरते देख छोटी-मोटी खेती-बाड़ी करने वाले जमुना दास ने अपने पड़ोसी की मिन्नत चिरौरी कर उसकी खुशहाली का राज जान ही लिया। पड़ोसी ने बताया कि दूर देश के राज में बहुत खुशहाली है। वहां इतना सोना है कि लोग रोज जरूरत की मामूली से मामूली आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए भी सोने का उपयोग करते हैं। वहां हर चीज सोने की है। सोना मिट्टी के मोल मिलता है !

ऐसी बातें सुन जमुना दास भी उस देश की जानकारी ले, वहां जाने को उद्यत हो गया। पर उसके पास जमा-पूंजी तो थी नहीं। फिर भी इस बार उसकी प्याज की फसल ठीक-ठाक हुई थी ! भगवान् का नाम ले, उसी की बोरियां जहाज पर लदवा, वह अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया। उसकी तकदीर का चमत्कार कि वहां के लोगों को मसाले वगैरह की जानकारी बिलकुल नहीं थी ! प्याज को चखना तो दूर उन्होंने उसका नाम तक भी नहीं सुना था। जब जमुना दास ने उसका उपयोग बताया तो उसका स्वाद चख कर वे लोग खूशी से पागल हो गए ! पलक झपकते, मिनटों में ही जमुना दास का सारा का सारा प्याज खत्म हो गया। बदले में वहाँ के लोगों ने उसकी बोरियों को सोने से भर दिया। जमुना दास वापस अपने घर लौट आया। उसके तो वारे-न्यारे हो चुके थे। अब वह जमुना दास नहीं सेठ जमुना दास कहलाने लग गया था।
यहाँ देखें तो जमुना दास और समर ने अपनी तरफ से पुरजोर कर्म किए किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती ! विदेशियों ने भी अपनी और से बिना भेदभाव के भरपूर सहायता की, पर किस्मत
उसकी जिंदगी और हालात बदलते देख उसके पड़ोसी समर से भी नहीं रहा गया। एक दिन वह भी हाथ जोड़े जमुना दास के पास आया और एक ही यात्रा में मालामाल होने का राज पूछने लगा। उन दिनों लोगों के दिलों में आज की तरह द्वेष-भाव ने जगह नहीं बनाई थी। पड़ोसी, रिश्तेदारों की बढोत्तरी से, किसी की भलाई कर लोग खुश ही हुआ करते थे। जमुना दास ने भी समर को सारी बातें तथा हिदायतें विस्तार से बता-समझा दीं और उसे भी विदेश जाने को  प्रोत्साहित किया। पर यहां भी वही बात थी, समर की जमा-पूँजी भी उसकी खेती ही थी। संयोग से उसने इस बार लहसुन की अच्छी फसल ली थी, सो उसी को ले कर वह भी स्वर्ण देश को रवाना हो गया।

गंतव्य स्थल पहुंच कर उसने भी अपना सामान वहां के लोगों को दिखाया। भगवान की कृपा, लहसुन का स्वाद तो वहाँ के लोगों को इतना भाया कि वे सब प्याज को भी भूल गए ! इतने दिव्य स्वाद से परिचित करवाने के कारण वे सब अपने को समर का ऋणी मानने लग गए ! उसका खूब मान-सम्मान हुआ ! पर उन लोगों के सामने एक धर्मसंकट आ खड़ा हुआ कि इतनी बेहतरीन, लाजवाब वस्तु का मोल वे किस वस्तु से चुकाएं.... ! उनके लिए सोने का कोई मोल नहीं था ! इतनी दिव्य और अच्छी चीज का मोल भी वे लोग किसी बेशकीमती चीज से चुकाना चाहते थे। वे लोग इसी पेशोपेश में थे कि करें तो क्या करें, जिससे इस व्यापारी के एहसान का बदला उचित रूप से चुकाया जा सके ! 

काफी सोच-विचार के बाद वहां के मुखिया को एक उपाय सूझा !  उसने सबको सुझाया कि हमारे पास सोने से भी कीमती चीज तो अभी कुछ दिनों पहले ही आई है। उसी को इस व्यापारी को दे देते हैं। क्योंकि इतनी स्वादिष्ट चीज के बदले किसी अनमोल वस्तु को दे कर ही इस व्यापारी का एहसान चुकाया जा सकता है। सभी को यह सलाह बहुत पसंद आई और उन्होंने समर के थैलों को प्याज से भर अपने आप को ऋण मुक्त कर लिया।  

अब यहाँ देखें तो जमुना दास और समर ने अपनी तरफ से पुरजोर कर्म किए किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती ! विदेशियों ने भी अपनी और से बिना भेदभाव के भरपूर सहायता की, पर किस्मत, किस पर, किस तरह मुस्कुराई............!!  
_
बेचारा समर !!

विशिष्ट पोस्ट

जिसने सबसे ज्यादा विभिन्न रोगग्रस्त पात्रों का किरदार निभाया

अनेकों बार  Autism, Dyslexia, Progeria, Paraplegia, Alzheimer, Amnesia, Schizophrenia जैसी अनेक  बीमारियों पर, जिनका नाम भी आम लोगों ने सुना...