शुक्रवार, 26 दिसंबर 2008

तालियाँ, पैसे कमाने का एक जरिया.

इस जगत में स्तुति गान की परंपरा रही है, चाहे देवलोक हो या पृथ्वी लोक। देवी-देवताओं, गुरुओं, राजा महाराजाओं, ज्ञानी गुणी जनों आदि की पूजा अर्चना, बड़ाई, स्वागत इत्यादि में तरह-तरह के कसीदे काढे जाते रहे हैं। ये सब कभी श्रद्धा कभी खुशी कभी भय या कभी मजबूरी में भी होता रहा है। आज तो अपनी जयजयकार करवाना, तालियां बजवाना अपने आप को महत्वपूर्ण होने, दिखाने का पैमाना बन गया है। इस काम को अंजाम देने वाले भी सब जगह उपलब्ध हैं। तभी तो लच्छू सबेरे तोताराम जी का गुणगान करता मिलता है तो दोपहर को गैंडामल जी की सभा में उनकी बड़ाई करते नहीं थकता और शाम को बैलचंद की प्रशंसा में दोहरा होता चला जाता है।

यह सब अभी शुरु नहीं हुआ है, यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। हमारे यहां अधिकांश शासकों के यहां चारण और भाट ये काम करते आये हैं। जिनमें से बहुतों ने मुश्किल समय में अपने फर्जानुसार देश की सेवा भी की है। पर यहां सिर्फ अपने आप को महत्वपूर्ण दिखाने के लिये की जानेवाली व्यवस्था की बात कर रहा हूं।
रोम के सम्राट नीरो ने अपनी सभा में काफी संख्या में ताली बजाने वालों को रोजी पर रखा हुआ था। जो सम्राट के मुखारविंद से निकली हर बात पर करतलध्वनी कर सभा को गुंजायमान कर देते थे।

ब्रिटेन में किराये के लोग बैले नर्तकों के प्रदर्शन पर तालियों की शुरुआत कर दर्शकों को एक तरह से मजबूर कर देते थे प्रशंसा के लिये। पर इस तरह के लोगों को अच्छी नजर से नहीं देखा जाता था। ब्रिटेन में ही एक थियेटर में ऐसी हरकत करने वाले के खिलाफ एक दर्शक ने 'दि टाईम्स' पत्र में शिकायत भी कर दी थी। पर उसका असर उल्टा ही हो गया, लोगों का ध्यान इस कमाई वाले धंधे की ओर गया और बहुत सारे लोगों ने यह काम शुरु कर दिया। जिसके लिये बाकायदा ईश्तिहारों और पत्र लेखन द्वारा इसका प्रचार शुरु हो गया।

इटली में भी यह धंधा खूब चल निकला। धीरे-धीरे इसकी दरें भी निश्चित होती चली गयीं। जिनमें अलग-अलग बातों और माहौल के लिये अलग-अलग किमतों का प्रावधान था। बीच-बीच में इसका विरोध भी होता रहा पर यह व्यवसाय दिन दूनी रात अठगुनी रफ्तार से बढता चला गया।

इन सब को छोड़ें, कभी ध्यान से अपने टी वी पर किसी ऐसे कार्यक्रम को देखें जिसमें लोग बहुत खुश, हंसते या तालियां बजाते नजर आते हों। कैमरे के बहुत छिपाने पर भी आप देख पायेंगे, कि यह पागलपन का दौरा सिर्फ सामने की एक दो कतारों पर ही पड़ता है, पीछे बैठे लोग निर्विकार बने रहते हैं। क्योंकि सिर्फ सामने वालों का ही जिम्मा है आप पर डोरे डालने का।

जाते-जाते :- पश्चिम जर्मनी के दूरदर्शन वालों ने एन शैला नामक एक महिला को दर्शकों के बीच बैठ कर हंसने के लिये अनुबंधित किया था। कहते हैं उसकी हंसी इतनी संक्रामक थी कि सारे श्रोता और दर्शक हंसने के लिये मजबूर हो जाते थे।
तो क्या ख्याल है--------------

रविवार, 21 दिसंबर 2008

आस्था अपनी अपनी, श्वान पुत्र की माँ का डर

गांव के बाहर एक घना वट वृक्ष था। जिसकी जड़ों में एक दो फुटिया पत्थर खड़ा था। उसी पत्थर और पेड़ की जड़ के बीच एक श्वान परिवार मजे से रहता आ रहा था।
एक दिन महिलाओं का सामान बेचने वाले एक व्यापारी ने थकान के कारण दोपहर को उस पेड़ के नीचे शरण ली और अपनी गठरी उसी पत्थर के सहारे टिका दी। सुस्ताने के बाद उसने अपना सामान उठाया और अपनी राह चला गया। उसकी गठरी शायद ढीली थी सो उसमें से थोड़ा सिंदुर उस पत्थर पर गिर गया। सबेरे कुछ गांव वालों ने रंगा पत्थर देखा तो उस पर कुछ फूल चढा दिये। इस तरह अब रोज उस पत्थर का जलाभिषेक होने लगा, फूल मालायें चढने लगीं, दिया-बत्ती होने लगी। लोग आ-आकर मिन्नतें मांगने लगे। दो चार की कामनायें समयानुसार प्राकृतिक रूप से पूरी हो गयीं तो उन्होंने इसे पत्थर का चमत्कार समझ उस जगह को और प्रसिद्ध कर दिया। अब लोग दूर-दूर से वहां अपनी कामना पूर्ती के लिये आने लग गये। एक दिन एक परिवार अपने बच्चे की बिमारी के ठीक हो जाने के बाद वहां चढावा चढा धूम-धाम से पूजा कर गया।
यह सब कर्म-कांड श्वान परिवार का सबसे छोटा सदस्य भी देखा करता था। दैव योग से एक दिन वह बिमार हो गया। तकलीफ जब ज्यादा बढ गयी तो उसने अपनी मां से कहा, मां तुम भी इन से मेरे ठीक होने की प्रार्थना करो, ये तो सब को ठीक कर देते हैं। मां ने बात अनसुनी कर दी। पर जब श्वान पुत्र बार-बार जिद करने लगा तो मजबूर हो कर मां को कहना पड़ा कि बेटा ये हमारी बात नहीं सुनेंगें। पुत्र चकित हो बोला कि जब ये इंसान के बच्चे को ठीक कर सकते हैं तो मुझे क्यों नहीं।
हार कर मां को कहना पड़ा, बेटा तुम्हारे पिता जी ने इसे इतनी बार धोया है कि अब तो मुझे यहाँ रहते हुए भी डर लगता है।

गुरुवार, 18 दिसंबर 2008

विवाहों की भी श्रेणियां होती हैं।

#हिन्दी_ब्लागिंग 
तकरीबन संसार के सभी धर्मों और जातियों में, समाज में मर्यादा बनाये रखने के लिये, सदाचार की बढोतरी तथा व्यभिचार की रोक-थाम के लिये विवाह की प्रथा का चलन रहा है। हमारे वेदों में भी सारे आश्रमों में गृहस्थाश्रम को सर्वोपरि स्थान दिया गया है। जिसमें प्रवेश विवाह के पश्चात ही मिल पाता है। इसके आठ प्रकार बताये गये हैं।

* ब्रह्म विवाह :- वर और कन्या ने ब्रह्मचर्य का पालन करते हुए अपनी शिक्षा पूरी की हो। वे विद्वान और धार्मिक विचारों को मानने वाले हों। व्यवहार कुशल एवं सुशील हों और उनका विवाह आपसी सहमति से हुआ हो।

* देव विवाह :- यज्ञ और ऋत्विक कर्म करते हुए कन्यादान करना, देव विवाह कहलाता है।

* आर्य विवाह :- वर पक्ष से कुछ धन आदि लेकर कन्या का विवाह करना इस श्रेणी के अंतर्गत आता है। कभी-कभी इसका रूप विकृत हो जाता है, जब कन्या का पिता अपने स्वार्थ के लिये अपनी कन्या को बेच देता है। अनेकों जनजातियों में यह प्रथा प्राचीनकाल से चली आ रही है।

* प्राजापत्य विवाह :- इसमें विवाह बुद्धि व धर्म के अनुसार होता है। वर-वधू एक दूसरे के लिये आयु, रूप, गुण आदि में एक दूसरे के लिये सर्वथा उपयुक्त होते हैं। ऐसे विवाह ज्यादातर सफल होते हैं।

* असुर विवाह :- इस प्रकार के विवाह में आपसी सहमति से, एक दूसरे से लेन-देन होता है। आज के युग में जिसे दहेज कहा जाता है। दहेज की विभीषिका को आज सभी जानते हैं।

* राक्षस विवाह :- बलपूर्वक, लड़-झगड़ कर या हर कर कन्या से विवाह करना राक्षस विवाह कहलाता है। प्राचीन काल में भी इसकी स्वीकृति नहीं थी। आज तो यह कानूनी अपराध की श्रेणी में आता है।

*गंधर्व विवाह :- अनियम, असमय, परिस्थितिवश वर-कन्या का संयोग होना गंधर्व विवाह कहलाता है। प्राचीन काल में इसे कुछ हद तक सामाजिक मान्यता प्राप्त थी। आज भी ऐसे विवाह बहुतायद से होते हैं पर ऐसा करने वाले कुछ ही लोग समाज के सामने इसे स्वीकारने की हिम्मत दर्शा पाते हैं।

* पैशाच विवाह :- नशे में चूर, पागल या सोती हुई कन्या के साथ बलपूर्वक या उसकी अनभिज्ञता से संबंध स्थापित करना पैशाच विवाह कहलाता है। वैसे इसे विवाह नहीं व्यभिचार का नाम दिया जा सकता है।

इन आठों प्रकारों में ब्रह्म विवाह सर्वोत्तम, देव एवं प्राजापत्य मध्यम, आर्य, असुर व गंधर्व निम्न तथा राक्षस और पैशाच विवाहों को भ्रष्ट श्रेणियों में माना जाता है।

बुधवार, 17 दिसंबर 2008

एक बिमारी, जिसे कोई बिमारी ही नहीं मानता

यह घातक तो नहीं पर तकलीफदेह जरूर है। कुछ लोग तो इसे बिमारी ही नहीं मानते। जी हां जुकाम, जिसके लिये यदि डाक्टर के पास जायें तो यह तीन दिन में ठीक हो जायेगा। पर यदि कुछ ना भी करें तो तो यह 72 घंटे में ठीक हो जाता है। आप कहेंगें कि यह क्या बात हुई, पर यह सच है कि थोड़े से विश्राम और कुछ घरेलू नुस्खे आजमा लें तो बिना दवाई के भी जुकाम से मुक्ति पायी जा सकती है। वैसे यह बात भी है कि जुकाम के लिये अभी तक कोई कारगर या रामबाण दवा इजाद नहीं हो पायी है।
इसके समान्य लक्षण इस तरह के हैं -
गले में हलकी सी खराश।
बेचैनी, अस्वस्थता महसूस होना, तनाव, आलस्य आदि।
नाक का बंद होना, गले में जकड़न या सूखापन।
पाचन का बिगड़ना।
इसका सबसे अच्छा इलाज है, शरीर को विश्राम देना। इससे इसके किटाणू खुद ब खुद शिथिल पड़ जाते हैं। इसके लिये रोजमर्रा के काम में कमी करें, काम करते-करते बीच में आराम करें, चलते समय शरीर को ढीला छोड़ दें। पेय पदार्थ खासकर फलों का रस अतिरिक्त मात्रा में लें। ये शरीर में रोग-प्रतिरोधी तत्वों को बढाने में सहायक होते हैं। शाम को हल्का भोजन लें तथा जल्दी सोने चले जायें। इसे दूर करने के लिये गोलियां या दवायें लाभ कम और हानि अधिक पहुंचाती है। इसके बदले घरेलू इलाज ज्यादा करगर होते हैं।
इसके लिये गर्म पानी में नींबू का रस और एक चम्मच शहद काफी राहत दिलाता है।
गले की खराश, नाक तथा मांसपेशियों के लिये अदरक मिला गर्म दूध लिया जा सकता है।
काड लिवर आयल का दिन में दो-तीन बार सेवन या लहसुन की कली को निगलने से भी आराम मिलता है।
विश्लेषणों से पाया गया है कि ये सारे पेय गले के 'म्यूकोसल' उतकों में रक्त संचार को बढाते हैं तथा गले की क्षारियता को स्वस्थ अम्लिय स्थिति में बदल कर खराश, जकड़न आदि को दूर करते हैं। जुकाम में शरीर में विटामिन ए की कमी हो जाती है, जिसे दूर करने में काड लिवर आयल बहुत लाभदायक होता है। इसमें विटामिन डी भी होता है जो हमें सूर्य किरणों से मिलता है, लेकिन जाड़ों में लोग ठंड से बचने के लिये ज्यादातर घरों में बंद रहते हैं। जिससे विटामिन डी की कमी हो जाती है। इसीलिये जुकाम अधिकतर जाड़ों में ही होता है। जुकाम में विटामिन सी की भी अहम भूमिका होती है। इसलिये जब जुकाम आता दिखे तब इसकी मात्रा बढा देनी चाहिये। यह हमें नीबूं या आंवले में प्रचूर मात्रा में मिल जाता है।
इस तरह उपयुक्त विश्राम और विटामिनों से शरीर की प्रतिरोधी क्षमता बढा कर जुकाम से मुक्ति पायी जा सकती है।

रविवार, 14 दिसंबर 2008

तनाव मुक्ति के अचूक नुस्खे

कहने और होने में बहुत फर्क होता है। सभी जानते हैं कि तनाव सेहत के लिए ठीक नहीं होता, पर कोई क्या इसे जान-बूझ कर पालता है ? फिर भी कोशिश तो की जा सकती है इसे कम करने के लिये। क्या ख्याल है? कोशिश करने में क्या बुराई है। मेरे एक डाक्टर मित्र ने मुझे तनाव मुक्त होने के पांच गुर बताये हैं। आप भी आजमायें। फायदा ज्यादा नुक्सान कुछ नहीं।
1 :- तनाव में सांस की प्रक्रिया आधी रह जाती है। इसलिये दिमाग में आक्सीजन की कमी को दूर करने के लिये गहरी सांस लें।
2 :- तनाव के क्षणों में चेहरा सामान्य बनाए रखें। क्योंकि स्नायुतंत्रं की जकड़न से शरीर पर बुरा असर पड़ता है। थोड़ा मुस्कुराने की चेष्टा करें। भृकुटि तनने से 72 मांसपेशियों को काम करना पड़ता है। मुस्कुराने में सिर्फ 14 को। ऐसा करने से मष्तिष्क में रक्त संचार बढ़ता है। इसलिये ना चाहते हुए भी मुस्कुरायें। (मुन्ना भाई फिल्म का डीन याद आया?)
3 :- सर्वे में देखा गया है कि तनाव में शरीर खिंच जाता है, भृकुटि तन जाती है, गाल पर रेखायें खिंच जाती हैं। तनाव ग्रस्त इंसान कंधे झुका, सीने-गर्दन को अकड़ा, माथे पर हाथ रख, गुमसुम हो जाता है। इससे रक्त संचरण कम हो जाता है तथा तनाव और बढ़ जाता है। इससे बचने के लिये, करवट बदलिये, बैठने का ढ़ंग बदलिये। खड़े हैं तो बैठ जायें, बैठे हैं तो खड़े हो जायें या लेट जायें। कमर सीधी रखें। पेट को ढ़ीला छोड़ दें, आराम से सांस लें। इतने से ही राहत का एहसास होने लगेगा।
4 :- तनाव में अनजाने में ही जबड़े, गर्दन, कंधे और पेट की मांसपेशियों में खिंचाव आ जाता है जिससे शरीर में जकड़न आ जाती है। हर मनुष्य की यह जकड़न, गठान अलग-अलग होती है। इसे सामान्य रखने की कोशिश करनी चाहिये।
5 :- तनाव के क्षणों में कोई भी काम करने से पहले थोड़ा रुकें। क्या हो रहा है, इस पर थोड़ा सोचें। जल्दि या हड़बड़ी में निर्णय लेने से तनाव बढ़ सकता है। सबसे बड़ी बात, सकारात्मक सोच ही तनाव से मुक्ति दिलाने के लिये काफी है।
यह तो रही डाक्टर की सलाह। लगे हाथ मेरी भी सुन लें। आजमाया हुआ नुस्खा है। बचकाना पन भूल कर कार्टून देखें, समय हो तो कोई हास्य फिल्म, पूरी ना सही उसका कुछ ही हिस्सा देख लें। नहीं तो यह चुटकुला तो है ही। पंजाबी में लयबद्ध रूप में है, हिंदी में पढ़वाता हूं, पूराना है पर असरकारक है _____
बंता के घर रात को अनचाहा मेहमान आ गया। पति-पत्नि ने उसे भगाने की एक तरकीब निकाली। मेहमान को बाहर बैठा दोनों अंदर कमरे में जा जोर-जोर से लड़ने लगे। फिर पत्नि के पिटने और उसके जोर-जोर से चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। इसे सुन मेहमान उठ कर घर के बाहर चला गया। बंता ने झांक कर देखा तो मेहमान नदारद था। उसने पत्नि से कहा, देखा मेरा कारनामा, मैने खटिये को इतना पीटा, तुम्हें छुआ भी नहीं। पत्नि भी कहां कम थी बोली, मैं भी गला फाड़ कर चिल्लाई, रोई मैं भी नहीं। इतने में मेहमान ने कमरे में आते हुए कहा, मैं भी ऐसे ही बाहर बैठा था, गया मैं भी नहीं।

शनिवार, 13 दिसंबर 2008

एक गांव, जहां रहने पर अंधा होना पड़ता है।

एक ऐसा गांव जहां का हर निवासी दृष्टिहीन है। काफी पहले इस गांव के बारे में पढा था। पर विश्वास नही होता कि आज के युग में भी क्या ऐसा संभव है। इसीलिये सब से निवेदन है कि इस बारे में यदि और जानकारी हो तो बतायें।
इस गांव का नाम है 'टुलप्टिक। जो मेक्सिको के समुद्री इलाके में आबाद है। यहां हज़ार के आस-पास की आबादी है। यहां पैदा होने वाला बच्चा कुदरती तौर पर स्वस्थ होता है पर कुछ ही महीनों में उसे दिखना बंद हो जाता है। ऐसा सिर्फ मनुष्यों के साथ ही नहीं है यहां का हर जीव-जन्तु अंधा है। पर यह अंधत्व भी उनके जीवन की रवानी में अवरोध उत्पन्न नहीं कर सका है।
गांव में एक ही सड़क के किनारे सब की खिड़की-दरवाजों रहित झोंपड़ियां खड़ी हैं। सुबह जंगल के पशु-पक्षियों की आवाजें उन्हें जगाती हैं। पुरुष खेतों में काम करते हैं और महिलायें घर-बार संभालना शुरु करती हैं। बच्चे भी इकठ्ठे हो कर खेलते हैं। शाम को दिन भर की कड़ी मेहनत के बाद पुरुष एकसाथ मिल बैठ कर अपनी समस्यायें सुलझाते हैं। यानी आम गांवों की तरह चौपाल जमती है। इनका भोजन सिर्फ सेम, फल और मक्का है। इनके उपकरण भी पत्थर और लकडी के बने हुए हैं तथा इनका बिस्तर भी पत्थर का ही होता है।
1927 में मेक्सिको के विख्यात समाजशास्त्री डाक्टर ग्यारडो ने इस रहस्य का पर्दा उठाने के लिए वहां रहने का निश्चय किया। परन्तु 15-20 दिनों के बाद ही उन्हें अपनी आंखों में तकलीफ का आभास होने लगा और वे वहां से चले आये।
काफी खोज-बीन के बाद विज्ञानिक इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि इस भयानक रोग का कारण "इनकरस्पास" नाम का एक किटाणु है और इसको फैलाने का काम वहां पायी जाने वाली एक खास तरह की मधुमक्खियां करती हैं।
अब सवाल यह उठता है कि ऐसा क्या लगाव या जुड़ाव है उन लोगों का उस जगह से जो इतना कष्ट सहने के बावजूद वे वहीं रह रहे हैं। सोच कर ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं कि कैसे वे अपना निर्वाह करते होंगे। या तो यह बिमारी धीरे-धीरे पनपी होगी, नहीं तो काम-काज कैसे सीख पाये होंगे। घर, सड़क, खेत आदि कैसे बने होंगे। सैंकड़ों प्रश्न मुंह बाये खड़े हैं। फिर अंधेपन के हजार दुश्मन होते हैं उनसे कैसे अपनी रक्षा कर पाते होंगे। वहां की सरकार भी क्यों नहीं कोई कदम उठाती उन्हें इस त्रासदी से छुटकारा दिलाने के लिए।
यह जानकारी पूरानी है। इसीलिये मेरी फिर एक बार गुजारिश है कि इस बारे में कोई नवीनतम जानकारी हो तो अवश्य बतायें।

शुक्रवार, 12 दिसंबर 2008

जिन्हें पशुओं ने पाला

कोई पचास साल पहले की घटना होगी। लखनऊ स्टेशन की बात है। एक आठ-दस साल का लड़का अपने चारों हाथ-पैरों पर चलता हुआ, ड़रा-ड़रा, सहमा सा, कहीं से आकर एक रेल के डिब्बे में दुबक कर बैठ गया। उससे बात करने पर वह भेड़ियों की तरह की आवाज निकालता था। उसके शरीर के बाल तथा हाथ के पंजे भी जानवारों की तरह के थे। उसका सारा बदन भी खरोंचों से भरा हुआ था जैसे कि जंगल में झाड़ियों वगैरह में दौड़ता भागता रहा हो। उसके विषय में काफी खोज-बीन के बाद यह अंदाज लगाया गया कि वह बचपन से ही भेड़ियों के बीच रहता आया होगा। बाद में उसको धीरे-धीरे मनुष्यों की तरह का व्यवहार सिखाया गया और वह उसके बाद करीब 14-15 साल तक जीवित रहा। उसका नाम रामू रखा गया था। 

सन 1971 में रोम में एक पांच साल का बच्चा पाया गया था, जो चारों हाथ-पैरों से भड़ियों की तरह चलता था और वैसा ही व्यवहार करता था। विशेषज्ञों ने इसे उसका जानवरों के बीच हुए लालन-पालन को कारण माना।

इसी तरह का एक दस-बारह साल का बालक श्रीलंका के जंगलों में पाया गया था। वह भी चारों हाथ-पैरों की सहायता से चलता था और कुत्ते की तरह भोंकता था।

दूसरे विश्व युद्ध के पहले ग्रीस में माउंट ओलिम्पस पर एक 8-9 वर्ष की बालिका एक मरे हुए भालू के पास मिली। खोज करने पर पता चला कि वह पास के गांव से गायब हो गयी थी। उसका भरण-पोषण वह भालू ही करता रहा था।

एक घटना रूस के अजरबैज़ान इलाके के इरांगेल गांव की है। वहां की एक तीन-चार साल की बच्ची आंधी तूफान से भरी बर्फानी रात में अपने मां-बाप से बिछुड़ गयी थी। उस भूली भटकी बच्ची को एक भेड़िये ने शरण दी। उसने रात भर उस बच्ची को अपनी गोद में रख ठंड से उसकी रक्षा की। अगले दिन जब गांव वालों ने उसे ढ़ूंढ़ निकाला तो उसने बताया कि रात भर एक भेड़िया उसे चाटता रहा था। इसीसे बच्ची के शरीर में गर्मी बनी रह पायी थी।

इसी तरह एक बच्चे को बंदर उठा कर ले गये थे। कुछ वर्षों पश्चात जब वह मिला तो उसकी हरकतें भी बंदरों जैसी हो गयी थीं।

अभी भी कई बार अखबारों या टी.वी. वगैरह में पढ़ने-देखने में आ जाता है, कि विभिन्न नस्ल या जाति के जानवर ने दूसरे जानवर के बच्चे को अपना दूध वगैरह पिला कर बचाया। जो कि जानवरों में भी बिना भेद-भाव के ममत्व के होने का जीता जागता प्रमाण है।

विशिष्ट पोस्ट

जिसने सबसे ज्यादा विभिन्न रोगग्रस्त पात्रों का किरदार निभाया

अनेकों बार  Autism, Dyslexia, Progeria, Paraplegia, Alzheimer, Amnesia, Schizophrenia जैसी अनेक  बीमारियों पर, जिनका नाम भी आम लोगों ने सुना...