लालसा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
लालसा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 8 मई 2026

मनुष्य एक आशंकित जीव है

हम सब धर्मपरायण लोग हैं ! आस्थावान हैं ! धर्म-भीरु भी हैं ! हम अपने-अपने तरीके से अपने इष्ट की आराधना करते हैं ! पर साथ ही साथ, कहीं ना कहीं मतलबी और स्वार्थी भी हैं ! इसके अलावा एक बहुत बड़ी संख्या उन लोगों की भी है जो अनिष्ट के डर से, किसी अनहोनी की आशंका से ही धर्म का पालन करते हैं ! यह बात दुनिया के सभी धर्मों-पंथों में समान रूप से पाई जाती है और बचपन से ही मन में बिठा दी जाती है कि यदि सर्वोच्च सत्ता की आराधना नहीं की तो अनिष्ट हो जाएगा.........................😞   

#हिन्दी_ब्लागिंग  

म नुष्य एक मतलबपरस्त, स्वार्थी तथा आशंकित जीव है ! उसे हर समय कुछ पाने की लालसा के साथ-साथ किसी न किसी अनहोनी का डर भी लगा रहता है ! इसीलिए उसे एक संबल की तलाश रहती है। उसके पूजा, इबादत या उपासना करने का सबसे बड़ा कारण यही भावनाएं हैं ! पर जहां डर होता है वहां श्रद्धा नहीं होती ! इसीलिए वह विभिन्न धर्मस्थानों की शरण में जाता रहता है ! कुछ महान हस्तियों, दिव्य पुरुषों-महिलाओं को छोड़ दिया जाए तो ऐसी भावनाएं कमोबेश संसार के सभी इंसानों में व्याप्त है !

आशंका 
नहोनी के डर के बाद धार्मिक होने का दूसरा बड़ा कारण है, अपनी विभिन्न कामनाओं की पूर्ति की चाह! हमें लगता है कि अगर हम ईश्वर की आराधना करेंगे तो वे खुश हो कर हमारी मनोकामनाएं पूरी कर देंगे ! यह सोच भी हर धर्म में मौजूद है। कोई मन्नत मांगता है, कोई चढ़ावा चढ़ाता है, कोई दान देता है, कोई विशेष कर्मकांड करता है। हम भूल जाते हैं कि प्रभु सर्वज्ञानी है, निष्पक्ष है, न्यायप्रिय है ! वे हमें हमारे कर्मों के अनुसार फल देंगे नाकि कर्मकांडों की वजह से ! हमारे लिए पूजा या इबादत एक सौदा या व्यापार बन जाते हैं कि हम ये करेंगे तो वो ये कर देगा ! इसी सौदेबाजी में जब हमारी इच्छाएं पूर्ण नहीं होतीं तो हमारा विश्वास भी डगमगाने लगता है तो हमारी अस्थिरता और खुदगर्ज दिलोदिमाग कोई और ठीहा ढूँढ़ने लगते हैं !   

भय 
दमी के धार्मिक होने का एक और बड़ा कारण परिवार की परंपरा भी होती है ! परिवार जैसा करता चला आया है अगली पीढ़ियां भी उस पर सवाल ना उठा, उसी का अनुसरण करने लगती हैं ! इसी के साथ एक बात और भी है कि इंसान कुछ लोगों को किसी पंथ से लाभ होता देख या किसी स्थल विशेष की महत्ता को सुन सिर्फ अपने स्वार्थ के लिए उधर आकर्षित होता है, ऐसी अस्थिरता वह अपने जीवन में कई-कई बार दोहराता रहता है !

डर 
एक आम धारणा है कि यदि मैंने उपासना नहीं कि तो ईश्वर नाराज हो मुझे और मेरे परिवार को दंडित कर देंगे ! यह डर तो बचपन से इंसान के मन में बैठ जाता है, पर वह यह भूल जाता है कि प्रभु हम सबके पालनहार हैं, न्यायप्रिय हैं, दयालु हैं, बेवजह वे किसी को दंड नहीं देते ! हमारे कर्म ही हमारा भाग्य निर्धारित करते हैं ! पर अनहोनी का डर उसके दिलोदिमाग पर ताउम्र हावी रह उससे कुछ ना कुछ उल्टा-सीधा करवाता ही रहता है ! देखा जाए तो यह भी तो प्रभु की इच्छानुसार ही होता है...!


@सभी चित्र अंतर्जाल के सौजन्य से 🙏 

गुरुवार, 17 अप्रैल 2025

क्षणिक बैराग्य

हमारे पहले भी वक्त यूँ ही चला करता था, हमारे बाद भी ऐसे ही चलता रहेगा, क्योंकि समय के पास तो अपने लिए भी समय नहीं होता ! हर सौ साल में मनुष्यों की पूरी दुनिया बदल जाने के बावजूद कायनात यूँ ही कायम रहती आई है ! वर्षों के बाद हमारी आगामी पीढ़ी हमारी ही फोटो देख पूछेगी, यह लोग कौन थे ? तब उन्हें हमारे संबंध में बतलाया जाएगा और ऊपर बैठे हम अपने आंसू छिपाए यह सोचेंगे, क्या इन्हीं के लिए हमने अपनी जिंदगी खपाई थी जो हमें पहचानते ही नहीं ! यह भी एक तरह का बैराग्य ही है, जो परिस्थियोंवश कुछ समय के लिए दिलो-दिमाग पर छा जाता है................! 

#हिन्दी_ब्लागिंग 

बै राग्य यानी राग रहित ! वह स्थिति जब किसी विषय-वस्तु से लगाव खत्म हो जाए ! इसके कई प्रकार बताए गए हैं ! जैसे कारण बैराग्य, विवेक बैराग्य, श्मशान बैराग्य, मर्कट बैराग्य इत्यादि ! अधिकतर लोग मर्कट बैराग्य के वशीभूत होते रहते हैं ! जो कुछ समय के लिए ही प्रभावी रहता है ! जैसे ही स्थिति, परिस्थिति, माहौल बदलता है, इसका असर खत्म हो जाता है !  


कुछ दिनों पहले एक समागम में सम्मलित होने का मौका मिला था। उत्तराखंड से कुछ प्रबुद्ध लोगों का आगमन हुआ था, सभी पढ़े-लिखे ज्ञानी जन थे। प्रवचन चल रहे थे ! बीच में नेताओं की, उनके कुकर्मों की बातें आ गईं ! फिर वही सब दोहराया जाने लगा कि सभी यह जानते हैं कि एक दिन सब को जाना ही है और वह भी खाली हाथ, फिर भी संचय की लालसा नहीं मिटा पाता कोई भी ! पाप करने से खुद को रोक नहीं पाता, यही दुनिया का सबसे बड़ा आश्चर्य है !

प्र वचन जारी था, "सोचने की बात है कि दिन-रात मेहनत कर हम अपना कमाया हुआ धन शादी-ब्याहों में पानी की तरह बहाते हैं, पर किस को याद रहता है कि पिछली दो शादियों में जिनमें शिरकत की थी, उनमें कितना धन खर्च हुआ था या वहां क्या खाया था ? सब भूल चूका होता है ! अपनी जरुरत से कहीं ज्यादा जमीं-जायदाद खरीद कर हम किसे प्रभावित करना चाहते हैं ? कौन सा सकून पाना चाहते हैं ? जानवरों की तरह मेहनत-मश्शकत कर हम अपनी आने वाली कितनी पीढ़ियों को आर्थिक रूप से सुरक्षित करना चाहते हैं ? क्या हमें अपनी नस्लों की लियाकत के ऊपर भरोसा नहीं है कि वे भी अपने काम में सक्षम होंगे ?'' 
बैरागी 
वा र्तालाप चल रहा था, ''आजकल ज्यादातर घरों में दो या तीन बच्चे होते हैं, किसी-किसी के तो एक ही संतान होती है फिर भी लोग लगे रहते हैं अपनी सेहत को दांव पर लगा कमाने में ! कितना चाहिए एक इंसान को जीवन-यापन करने के लिए ? जिनके लिए हम कमाते हैं वह उनके काम आएगा कि नहीं यह भी पता नहीं ! फिर विडंबना देखिए कि जिनके भविष्य के लिए दिन-रात एक किए हुए होते हैं, वर्तमान में उन्हीं से दो बातें करने के लिए, उनके साथ कुछ समय गुजारने का हमारे पास वक्त नहीं होता ! सारा जीवन यूँ ही और-और सिर्फ और इकट्ठा करने में गुजर जाता है ! 

समागम 
व्या ख्यान में सीख ने स्थान ले लिया, ''धनी होना कोई बुरी बात नहीं है पर धन को अपने ऊपर हावी होने देना ठीक नहीं होता। समय चक्र कभी रुकता नहीं है। जो आज है, वह कल नहीं रहता, जो कल होगा वह भी आगे नहीं रहेगा। एक न एक दिन हम सबको जाना है, एक दूसरे से बिछुड़ना है। हमारे पहले भी वक्त यूँ ही चला करता था, हमारे बाद भी ऐसे ही चलता रहेगा, क्योंकि समय के पास तो अपने लिए भी समय नहीं होता ! हर सौ साल में मनुष्यों की पूरी दुनिया बदल जाने के बावजूद कायनात यूँ ही कायम रहेगी।

वर्षों के बाद हमारी आगामी पीढ़ी हमारी ही फोटो देख पूछेगी, यह लोग कौन थे ? तब उन्हें हमारे संबंध में बतलाया जाएगा और ऊपर बैठे हम अपने आंसू छिपाए यह सोचेंगे, क्या इन्हीं के लिए हमने अपनी जिंदगी खपाई जो हमें पहचानते ही नहीं ! पर हमें यह ख्याल शायद ही आए कि हम अपने पूर्वजों को और उनकी पहचान को कितना याद रख पाए थे !

प्र वचन चल रहा था, लोग दत्तचित्त हो सुन रहे थे। सभी सहमत थे उपरोक्त बातों से ! सभी पर जैसे विरक्ति हावी होती जा रही थी ! यह मर्कट बैराग्य था ! पर इसकी मौजूदगी तभी तक रहनी थी जब तक श्रवण क्रिया चल रही थी ! जैसे कोई सम्मोहन से चुटकी बजते ही होश में आ जाता है वैसे ही इस माहौल से बाहर आते ही सभी ने फिर दो और दो को पांच करने के चक्कर में फंस जाना था ! 

यही तो माया है ! प्रभू की लीला है ! यदि इंसान भूलता नहीं, हर बात को दिल से लगाए रखता या बात-बात पर विरक्त हो जाता, तब तो यह संसार कभी का खत्म हो गया होता ! फिर भी ऐसे समागम हमें कभी-कभी आईना तो दिखा ही जाते हैं। कभी-ना कभी कुछ गंभीरता से सोचने को मजबूर तो कर ही देते हैं !   

@सभी चित्र अंतर्जाल के सौजन्य से   

शुक्रवार, 7 फ़रवरी 2025

अमेरिका की कार्रवाई से जुड़े - यदि, तो, जैसे कुछ अंदेशे

सबसे भयावक है कि जिस मैक्सिको की सीमा से कूद-फांद कर ये लोग अमेरिका में घुसे थे, यदि उसी मैक्सिको में वापस फेंक दिए जाते तो ? पनामा के जंगलों में घटने वाली जो थोड़ी-बहुत बातें बाहर आती हैं, वे इतनी डरावनी, भयानक व हृदय-विदारक हैं कि उनका विवरण भी नहीं किया जा सकता ! वापस तो आना दूर, वहां जो नारकीयता इन पर बीतती उसका तो अंदाज भी नहीं लगाया जा सकता ! खासकर युवतियों-महिलाओं की मुसीबतों, उनके शारीरिक-मानसिक उत्पीड़न के बारे में...........!!

#हिन्दी_ब्लागिंग 

पिछले दिनों अमेरिका ने अपने यहां चोरी-छुपे, अनैतिक तथा गैर कानूनी रूप से घुसने वाले कुछ ऐसे लोगों को वापस भारत भिजवा दिया, जिन्हें ना यहां की सरकार ने, ना समाज ने, ना ही उनकी लियाकत ने इजाजत दी थी ''खच्चर वाले रास्ते'' से वहां जाने की ! ना ही जहां ये जा रहे थे, वहां की सरकार ने, या समाज ने या किसी और ने न्योता था, अपने यहां आने को ! 

जैसा कि अपने देश में होता आया है, जहां कुछ लोग मौतों में भी अपने लिए अवसर तलाशने लगते हैं, इस घटना पर भी उनके बचाव में पिंकी-गुड्डू जैसे गैंग उतर आए ! उन जैसों से ही यह सवाल है कि भाई रात के अंधेरे में यदि आपके घर कोई दिवार टाप कर अंदर घुसता है, तो क्या आप उसे डिनर खिला, उपहार दे, अपनी गाड़ी में उसके घर छोड़ने जाओगे या पहले खुद छितरैल कर पुलिस के हवाले करोगे ? 

हताशा में, बेघर हुए, नकारे हुए, हाशिए पर सरका दिए गए कुछ लोग सच को झूठ और झूठ को महा झूठ बना कर, अपने को फिर स्थापित करने का मौका तलाशते रहते हैं ! भले ही हर बार बेइज्जत हो (चाटने वाली बात कुछ भदेश हो जाती है) मुंह की खानी पड़ती हो ! ऐसे मौकापरस्तों, अवसरवादियों को किनारे कर (already they are) कुछ आशंकाओं पर नजर डाल, उनके परिणाम के बारे में सोचें तो रोंगटे खड़े हो जाएंगे !   

मान लीजिए, लौटाए गए ऐसे लोगों को, जिनका ना कोई रेकॉर्ड होता है, ना ही गिनती, ना ही दस्तावेज, उन्हें कैद कर सालों-साल के लिए जेल में डाल  दिया जाता  तो ? 

आप दुनिया के सबसे ताकतवर देश में, उसकी इजाजत के बगैर, अवैध रूप से घुस-पैठ करते पकड़े जाते हो ! यदि वह अपने देश में अराजकता और हिंसा फैलाने का दोष लगा गोली ही मार देता तो, पता भी नहीं चलता ! होती किसी की हिम्मत पूछने की ? वैसे भी कितने ही मार दिए जाते हों, क्या पता ! मार कर दुर्घटना का रूप दे दिया जाता हो, क्या पता ! कितने कैसी सजा भुगत रहे हों, क्या पता !

सबसे भयावक है कि जिस मैक्सिको की सीमा से कूद-फांद कर ये लोग अमेरिका में घुसे थे, यदि उसी मैक्सिको में वापस फेंक दिए जाते तो ? पनामा के जंगल जो मानव तस्करी करने वाले सबसे खतरनाक, निष्ठुर, माफियाओं के गढ़ हैं ! जहां माफियाओं द्वारा पैसे के लिए नृशंस, पाश्विक कृत्य जानवरों तक को दहला देते हैं ! वहां घटने वाली जो थोड़ी-बहुत बातें बाहर आती हैं, वे इतनी डरावनी, भयानक व हृदय-विदारक होती हैं कि उनका विवरण भी नहीं किया जा सकता ! वहां से इनका वापस आना तो दूर, वहां जिन्दा रह पाना भी मुश्किल होता ! जो नारकीयता इन पर बीतती उसका तो अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता ! खासकर युवतियों-महिलाओं की मुसीबतों, उनके शारीरिक-मानसिक उत्पीड़न के बारे में ! उनकी तो जिंदगी नर्क बन कर रह जाती !

रही एजेंटों की बात तो वे पहुंचाने के पैसे लेते हैं, लौटा कर लाने के नहीं ! सोचने की बात है जो घुस-पैठ करवाने के ही पचास-पचास लाख ले लेते हों वे उस बदतरीन परिस्थिति में क्या नहीं मांग सकते ! वैसे भी ऐसे बदनसीबों की तलाश वहां के माफिया को रहती है जो शरीर के अंगों की तस्करी करते हैं ! उनको तो एक ही शरीर से करोड़ों की आमदनी हो जाती है ! तो...................................!!

माँ-बाप को, घर के बड़ों को, परिवार को, दूसरों की शिकायत या और किसी पर दोष मढ़ने की बजाय शुक्र मनाना चाहिए कि बच्चे सशरीर घर वापस आ गए हैं ! इसके साथ ही देश के ऐसे ''गरीबों'' को सबक लेना चाहिए कि लाखों-करोड़ों खर्च कर चौबीस घंटे किसी अनहोनी के डर से आशंकित रह, 14-14 घंटे की ड्यूटी करने से कहीं बेहतर है कि बाहर जाने की लालसा त्याग, यदि देश में ही परिवार के संग रह, उन्हीं पैसों से देश में ही कुछ कर सकून की जिंदगी बसर कर ली जाए !   

शुक्रवार, 23 सितंबर 2022

मिसिंग टाइल सिंड्रोम, जो पास नहीं है उसका दुःख

जीवन में आगे बढ़ना, तरक्की करना, बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए उद्यम कर उसे हासिल करने की कोशिश करते रहना बुरी बात नहीं है ! ऐसा होना भी चाहिए ! परन्तु हमेशा इसी का चिंतन करके परेशान रहना, जो हासिल है उसे नजरंदाज करना, तनाव को बुलावा देना है ! फिर ऐसा भी नहीं है कि जो हमारे पास नहीं है, वह यदि किसी तरह हमें मिल जाए तो हम संतुष्ट हो जाएंगे ! लालसा एक ऐसी मनोवृत्ति है जो कभी संतुष्ट नहीं होती, एक चीज मिली तो दूसरी के लिए यह जागृत हो जाएगी ! यही अनियंत्रितता हमें कभी भी खुश नहीं रहने दे सकती ! खुश रहने के सैंकड़ों कारण होने के बावजूद दुखी होने का एक कारण हमें विचलित कर देता है...........! 

#हिंदी_ब्लागिंग 
एक बार एक शहर में एक व्यवसाई ने अपने होटल के नवीकरण के दौरान उसमें एक विश्वस्तरीय स्विमिंग पूल बनवाया। साफ-स्वच्छ पानी के इंतजाम के साथ-साथ उसमें चारों ओर बेहतरीन इटैलियन टाइल्स लगवाए ! परन्तु संयोगवश एक स्थान पर एक टाइल नहीं लग पाया ! होटल के खुलने पर वहाँ पर्यटकों की लाइन लग गई ! जो भी आता वह स्विमिंग पूल की सुंदरता का कायल हुए बिना नहीं रहता ! हरेक का ध्यान बेहतरीन टाइल्स की खूबसूरती पर मुग्ध हो रह जाता ! हर कोई बड़े ध्यान से इस कलाकारी को देखता और प्रशंसा करते नहीं थकता ! पर जैसे ही उसकी नजर उस मिसिंग टाइल पर पड़ती, वहीं अटक कर रह जाती ! उसके सारे हाव-भाव बदल जाते ! वह दुखी व खिन्न हो जाता ! वहाँ से लौटने वाले हर व्यक्ति की एक ही शिकायत होती कि पूल में एक टाइल मिसिंग है। हजारों टाइल्स की सुंदरता के बावजूद वह एक टाइल उसके दिमाग में पैबस्त हो रह जाती ! हरेक को उस टाइल की जगह को देख कर बहुत दुःख होता कि इतना परफेक्ट बनाने के बावजूद एक टाइल रह ही गई। तो कई लोग प्रबंधन को सलाह भी देते कि जैसे भी हो उस जगह को ठीक करवा दिया जाए। बहरहाल वहां से कोई भी खुश नहीं निकलता ! इतना सुन्दर निर्माण भी लोगों को खुशी नहीं दे पाया !
दरअसल उस स्विमिंग पूल में वो मिसिंग टाइल एक मनोवैज्ञानिक प्रयोग था, इस बात को सिद्ध करने के लिए कि हमारा ध्यान कमियों की तरफ ही जाता है ! कितना भी खूबसूरत कुछ बन पड़ रहा हो पर यदि कहीं जरा सी चूक रह गई तो हमारा ध्यान उसी पर जाएगा ! उदाहरण स्वरूप आप कहीं साफ-स्वच्छ, कितना भी कीमती कपड़ा टांग कर उस पर तिल भर का एक काला दाग लगा दें तो लोगों की निगाह कपडे की सुंदरता पर न जा कर उस दाग पर ही जाएगी ! अभी हाल ही में मैंने अपनी संस्था की पत्रिका निकाली ! वर्तनी की जांच के बावजूद प्रिंटर से एक चूक हो गई ! अब पत्रिका की दसियों अच्छाइयों के बावजूद लोग मुझे उस कमी के बारे में बताने से नहीं चूकते !  
यह टाइल वाली बात एक मनोवैज्ञानिक समस्या है, जिसे ''मिसिंग टाइल सिंड्रोम'' नाम दिया गया है और जो कमोबेस तकरीबन हर इंसान में मौजूद होती है ! किसी चीज की ''मिसिंग'' पर ही हमारा ध्यान जाना, हमारी जिंदगी के दुःख का सबसे बड़ा कारण है ! जो हमारे पास है, उससे हम उतना खुश नहीं होते जितना कि जो हमारे पास नहीं है उसके लिए दुखी होते हैं
यह टाइल वाली बात एक मनोवैज्ञानिक समस्या है, जिसे ''मिसिंग टाइल सिंड्रोम'' नाम दिया गया है और जो कमोबेस तकरीबन हर इंसान में मौजूद होती है ! किसी चीज की ''मिसिंग'' पर ही हमारा ध्यान जाना, हमारी जिंदगी के दुःख का सबसे बड़ा कारण है ! जो हमारे पास है, उससे हम उतना खुश नहीं होते जितना कि जो हमारे पास नहीं है उसके लिए दुखी होते हैं ! अपने आस-पास ही हमें ऐसे बहुत से उदाहरण मिल जाएंगे, जिसमें लोग उन्हें क्या-क्या मिला है, उस पर खुश होने की जगह उन्हें क्या-क्या नहीं मिल पाया है, उस पर दुखी रहते हैं। अपनी उसी एक कमी के पीछे सारा जीवन परेशान रहते हैं। 
जीवन में आगे बढ़ना, तरक्की करना, बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए उद्यम कर उसे हासिल करने की कोशिश करते रहना बुरी बात नहीं है ! ऐसा होना भी चाहिए ! परन्तु हमेशा इसी का चिंतन करके परेशान रहना, जो हासिल है उसे नजरंदाज करना तनाव को बुलावा देना है ! फिर ऐसा भी नहीं है कि जो हमारे पास नहीं है, वह यदि किसी तरह हमें मिल जाए तो हम संतुष्ट हो जाएंगे ! लालसा एक ऐसी मनोवृत्ति है जो कभी संतुष्ट नहीं होती, एक चीज मिली तो दूसरी के लिए यह जागृत हो जाएगी ! यही अनियंत्रितता हमें कभी भी खुश नहीं रहने दे सकती ! खुश रहने के सैंकड़ों कारण होने के बावजूद दुखी होने का एक कारण हमें विचलित कर देता है ! इसकी वजह से ही कई तरह की बीमारियां हमें आ दबोचती हैं ! इसलिए सही समय पर इस मनोवृत्ति पर काबू पाना बहुत जरुरी है ! इसके लिए जो कुछ भी अपने पास है उसके लिए प्रभु को धन्यवाद दें ! उसका शुक्र मनाएं उसके द्वारा दिए गए अनगिनत उपहारों हेतु ! सदा खुश रहने का यह सीधा-सादा सबसे सरल तरीका है !  

विशिष्ट पोस्ट

बरगलाए हुए "जेंजी'' 😞

अपने शूरवीरों, शहीदों, बलदानियों की तुलना क्या ऐसे पुतलों के साथ की जा सकती है, जिन्हें अपने लक्ष्य का ही पता ना हो ! जो किसी और के इशारों प...