प्रभु लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
प्रभु लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 8 मई 2026

मनुष्य एक आशंकित जीव है

हम सब धर्मपरायण लोग हैं ! आस्थावान हैं ! धर्म-भीरु भी हैं ! हम अपने-अपने तरीके से अपने इष्ट की आराधना करते हैं ! पर साथ ही साथ, कहीं ना कहीं मतलबी और स्वार्थी भी हैं ! इसके अलावा एक बहुत बड़ी संख्या उन लोगों की भी है जो अनिष्ट के डर से, किसी अनहोनी की आशंका से ही धर्म का पालन करते हैं ! यह बात दुनिया के सभी धर्मों-पंथों में समान रूप से पाई जाती है और बचपन से ही मन में बिठा दी जाती है कि यदि सर्वोच्च सत्ता की आराधना नहीं की तो अनिष्ट हो जाएगा.........................😞   

#हिन्दी_ब्लागिंग  

म नुष्य एक मतलबपरस्त, स्वार्थी तथा आशंकित जीव है ! उसे हर समय कुछ पाने की लालसा के साथ-साथ किसी न किसी अनहोनी का डर भी लगा रहता है ! इसीलिए उसे एक संबल की तलाश रहती है। उसके पूजा, इबादत या उपासना करने का सबसे बड़ा कारण यही भावनाएं हैं ! पर जहां डर होता है वहां श्रद्धा नहीं होती ! इसीलिए वह विभिन्न धर्मस्थानों की शरण में जाता रहता है ! कुछ महान हस्तियों, दिव्य पुरुषों-महिलाओं को छोड़ दिया जाए तो ऐसी भावनाएं कमोबेश संसार के सभी इंसानों में व्याप्त है !

आशंका 
नहोनी के डर के बाद धार्मिक होने का दूसरा बड़ा कारण है, अपनी विभिन्न कामनाओं की पूर्ति की चाह! हमें लगता है कि अगर हम ईश्वर की आराधना करेंगे तो वे खुश हो कर हमारी मनोकामनाएं पूरी कर देंगे ! यह सोच भी हर धर्म में मौजूद है। कोई मन्नत मांगता है, कोई चढ़ावा चढ़ाता है, कोई दान देता है, कोई विशेष कर्मकांड करता है। हम भूल जाते हैं कि प्रभु सर्वज्ञानी है, निष्पक्ष है, न्यायप्रिय है ! वे हमें हमारे कर्मों के अनुसार फल देंगे नाकि कर्मकांडों की वजह से ! हमारे लिए पूजा या इबादत एक सौदा या व्यापार बन जाते हैं कि हम ये करेंगे तो वो ये कर देगा ! इसी सौदेबाजी में जब हमारी इच्छाएं पूर्ण नहीं होतीं तो हमारा विश्वास भी डगमगाने लगता है तो हमारी अस्थिरता और खुदगर्ज दिलोदिमाग कोई और ठीहा ढूँढ़ने लगते हैं !   

भय 
दमी के धार्मिक होने का एक और बड़ा कारण परिवार की परंपरा भी होती है ! परिवार जैसा करता चला आया है अगली पीढ़ियां भी उस पर सवाल ना उठा, उसी का अनुसरण करने लगती हैं ! इसी के साथ एक बात और भी है कि इंसान कुछ लोगों को किसी पंथ से लाभ होता देख या किसी स्थल विशेष की महत्ता को सुन सिर्फ अपने स्वार्थ के लिए उधर आकर्षित होता है, ऐसी अस्थिरता वह अपने जीवन में कई-कई बार दोहराता रहता है !

डर 
एक आम धारणा है कि यदि मैंने उपासना नहीं कि तो ईश्वर नाराज हो मुझे और मेरे परिवार को दंडित कर देंगे ! यह डर तो बचपन से इंसान के मन में बैठ जाता है, पर वह यह भूल जाता है कि प्रभु हम सबके पालनहार हैं, न्यायप्रिय हैं, दयालु हैं, बेवजह वे किसी को दंड नहीं देते ! हमारे कर्म ही हमारा भाग्य निर्धारित करते हैं ! पर अनहोनी का डर उसके दिलोदिमाग पर ताउम्र हावी रह उससे कुछ ना कुछ उल्टा-सीधा करवाता ही रहता है ! देखा जाए तो यह भी तो प्रभु की इच्छानुसार ही होता है...!


@सभी चित्र अंतर्जाल के सौजन्य से 🙏 

बुधवार, 2 मार्च 2022

चमत्कार का यही चमत्कार है कि चमत्कार का एहसास ही नहीं हो पाता

तकलीफ बहुत बढ़ने पर कई बार गुहार की थी, ''क्या प्रभु ! यह जरा सा रोग नहीं दूर हो पा रहा !'' ऐसे में ही पता नहीं, पिछले दिनों कब और कैसे रात सोते वक्त नाक पर हाथ रख, मन ही मन ''नासै रोग हरे सब पीरा , जपत निरंतर हनुमत बीरा'' का तीन बार जप करना शुरू कर दिया था ! मेरा डॉक्टर और दवाइयों से यथाशक्ति परहेज ही रहता आया है ! तो क्या खांसी इसलिए शुरू हुई कि उसके बहाने मुझे अस्पताल जाना पड़े ! क्योंकि इसके पहले कभी भी इतने लंबे समय तक इसका प्रकोप नहीं हुआ था ! वहां जाने पर खांसी के चलते नाक की दवा भी मिली और वर्षों से चली आ  रही ''एक्यूट'' तकलीफ से छुटकारा मिला ! अब यह क्या था........! 

#हिन्दी_ब्लागिंग            

भगवान सर्वव्यापी है ! रक्षक है ! तारणहार है ! सबकी सुनता है ! हरेक की सहायता करता है ! पर कभी अहसास नहीं होने देता ! खुद परोक्ष में रह, यश किसी और को दिलवा देता है ! चमत्कार होते हैं, पर इस तरह सरलता के साथ कि इंसान की क्षुद्र बुद्धि समझ ही नहीं पाती ! प्रभु चाहते हैं कि इंसान स्वाबलंबी बने, कर्म करे, उनके सहारे ना बैठा रहे ! इसीलिए वह ख्याल तो रखते हैं ! सहायता भी करते हैं ! पर किसी को एहसास नहीं होने देते ! होता क्या है कि मुसीबत में आदमी हाथ-पैर मारता ही है ! तरह-तरह के उपाय करता है ! इधर दौड़, उधर दौड़, यह आजमा, वह आजमा ! फिर जब ठीक हो जाता है तो अहसान भी उसी माध्यम का मानता है जो अंत में सहायक हुआ था ! तब तक वह भूल जाता है कि उसने परम पिता से भी सहायता मांगी थी और वह तो किसी को भी निराश नहीं करता ! यह भी भूल जाता है कि वह खुद भी उसी ईश्वर की रचना है उसकी बनाई प्रकृति, व्यवस्था का ही एक हिस्सा है, अपनी रचना की वह कभी उपेक्षा नहीं करता ! 

कभी-कभी मेरा अपने अतीत पर ध्यान जाता है तो ऐसे पचीसों हादसे याद आते हैं जब कुछ भी हो सकता था पर बचाव हुआ ! चाहे तालाब या कुएं में डूबने से बचा लिया गया होऊँ ! या सुनसान सड़क पर से तीन-चार साल की उम्र में भटक जाने पर कोई "अवतरित" हो सुरक्षित ले आया हो ! आग से बचाव, बिजली से बचाव, नौकरी के दौरान मशीनों से बचाव, ट्रेन से बचाव, सुनसान सड़क पर शहर से दूर निरुपाय हालत में किसी भी हादसे से बचाव ! खेल की चोट से बचाव, बिमारी से बचाव......! जितना याद आता जाता है, घटनाएं उतनी ही बढ़ती चली जाती हैं !    

वह सिर्फ धन्यवाद लेता है ! यश किसी और को दिलवा देता है ! मैं आस्तिक जरूर हूँ ! आस्था भी है ! पर अंध विश्वास नहीं है ! नियमित पूजा-पाठ या मंदिर गमन भी नहीं हो पाता ! 15-20 मिनट ध्यान लगाने की कोशिश करता भी हूँ तो अपने सुविधानुसार ! जब कुछ विपरीत, निराशाजनक या तनाव दायक होता है, लगता है कि अन्याय हो रहा है, अति होती है तो शिकायत भी उसी से करता हूँ ! मुझे लगता है कि वह मुझे सुन रहा है ! लगता है कि उसे जब भी फुर्सत होगी मुझ अकिंचन की तरफ भी जरूर ध्यान देगा ! फिर इंसान उसे नहीं पुकारेगा तो और किसके पास जाएगा अपना दुखड़ा ले कर ! 

अभी क्या हुआ कि वर्षों से चली आ रही मेरे बंद नाक की समस्या अचानक दूर हो गई ! मुझे लगता है कि किलो से भी ज्यादा होम्योपैथी की गोलियां, उस पैथी की और दवाओं के साथ निगल चुका होऊंगा ! महीनों आयुर्वेद की औषधियों का भी सेवन किया ! एक्यूप्रेशर सिर्फ दिलो-दिमाग पर प्रेशर डाल कर रह गया !एलोपैथी वाले सिर्फ ऑपरेशन ही एकमात्र इलाज बतलाते थे, दोबारा फिर व्याधि के उभर आने के खतरे के साथ ! सो चल रहा था जैसे-तैसे, मुंह से सांस लेते, दसियों अड़चनों के साथ ! 

ऐसे में पिछले दिनों कुछ खांसी-कफ की शिकायत हुई ! पांच-सात दिन तो, अपने-आप ठीक हो जाएगी, की आश्वस्तता के साथ निकल जाने के बावजूद प्रकोप कम ना हुआ तो आजकल के दिन-काल की गंभीरता को देख डॉक्टर की शरण में जाना पड़ा ! खांसी के साथ ही उनसे लगे हाथ नाक के पॉलिप का जिक्र भी कर दिया ! उन्होंने दस दिन की दवा दी और बोले, चिंता ना करें ठीक हो जाएगा ! मैंने पूछा भी कि क्या ऑपरेशन जरुरी है ? तो बोले ऐसा कुछ जरुरी नहीं है, दवा से ही राहत मिल जाएगी ! और फिर चमत्कार ही हो गया, खांसी तो तीन दिन में ही ठीक हो गई और वर्षों-वर्ष से चौबीसों घंटे बुरी तरह ''चोक'' रहने वाले नाक के द्वार भी खुल गए ! कितने सालों बाद मिली इस राहत की ख़ुशी को ब्यान करना मेरे लिए मुश्किल लग रहा है !

जिस एलोपैथी के तीन-तीन डाक्टरों ने सिर्फ ऑपरेशन को ही अंतिम उपाय बताया था ! उसी की दवाओं से बिना शरीर पर चाक़ू चले रोग ठीक हो गया ! यह कैसे संभव हुआ.....! याद आता है कि तकलीफ बहुत बढ़ने पर कई बार गुहार की थी, ''क्या प्रभु ! यह जरा सा रोग नहीं दूर हो पा रहा !'' ऐसे ही पता नहीं, पिछले दिनों कब और कैसे रात सोते वक्त नाक पर हाथ रख, मन ही मन ''नासै रोग हरे सब पीरा, जपत निरंतर हनुमत बीरा'' का तीन बार जप करना शुरू हो गया था ! मेरा डॉक्टर और दवाइयों से यथाशक्ति परहेज ही रहता आया है ! तो क्या खांसी इसलिए शुरू हुई कि उसके बहाने मुझे अस्पताल जाना पड़े ! क्योंकि इसके पहले कभी भी इतने लंबे समय तक इसका प्रकोप नहीं हुआ था ! वहां जाने पर खांसी के चलते नाक की दवा भी मिली और वर्षों से चली आ  रही ''एक्यूट'' तकलीफ से छुटकारा मिला ! अब यह क्या था........! 

अपने हर दुःख, दर्द, तकलीफ की अति में हमें एक ही सहारा नजर आता है, भगवान ! अपने साथ कुछ गलत होते ही हम अनायास ही उसको याद करने लगते हैं ! कष्टों से मुक्ति, मुसीबतों से छुटकारा, कठिन परिस्थितियों से निजात दिलाने के लिए गुहार लगाते हैं ! हमें आशा रहती है, किसी चमत्कार की कि इधर हम बोले, उधर उसने मदद भेजी ! गोया कि वह बेल्ला बैठा, हमारी पुकार का इंतजार ही कर रहा हो ! उस पर यदि कुछ समय यूँ ही गुजर जाता है और अपनी स्थिति में कुछ सुधार होता नहीं दिखता तो लग जाते हैं, उसी को भला-बुरा कहने ! कई तो उसके अस्तित्व को ही नकारने लगते हैं ! जबकि बचपन से ही यह सुनते आए हैं कि उसके दरबार में देर भले ही हो सकती है, लेकिन अंधेर कभी नहीं ! पर बुरे समय में हमारी बुद्धि भी घास चरने चली जाती है ! विश्वास डगमगाने लग जाता है ! पर वह किसी को भी, कभी भी मंझधार में नहीं छोड़ता !  

सोमवार, 6 सितंबर 2021

आसान नहीं है, किसी अवतार का अवतरित होना

प्रभु का मनुष्य रूप धारण करना प्रकृति की कोई छोटी-मोटी घटना नहीं होती ! हजारों-लाखों साल में कभी एक बार धरा को संतुलित करने के लिए परमेश्वर को इस तरह का गंभीर उपक्रम करना पड़ता होगा ! बहुत सारे नियम-कायदे-नीतियों-रीतियों के विश्लेषण के उपरांत, ब्रह्माण्ड की सम्पूर्ण सुरक्षा-व्यवस्था, वर्तमान-भविष्य का आंकलन, समय के हर पल का हिसाब करने और पता नहीं कितने अनगिनत उपक्रमों को अंजाम देने के बाद, अवतरण का शुभ मुहूर्त बनता होगा ! परलौकिकता, अलौकिकता और लौकिकता का मेल इतना आसान तो नहीं हो सकता..........! 

#हिन्दी_ब्लागिंग  

मान्यता और विश्वास है कि निरीह, संकटग्रस्त भक्तों की करुण पुकार पर, उनकी रक्षा हेतु प्रभु दौड़े चले आते हैं ! आएं भी क्यूँ ना ! सारा संसार उनकी ही कृति है, प्राणिमात्र उन्हीं की संतान है ! तो पिता अपने बच्चे को कष्ट में कैसे देख सकता है ! हाँ, पुकार सच्ची होनी चाहिए ! निष्कपट, छल-फरेब से दूर, सरल हृदय की ! पर कभी-कभी जड़बुद्धि मानव मष्तिष्क में जिज्ञासा उठ खड़ी होती है कि प्रभु आते कहां से हैं ? क्या एक जीव की पुकार पर करोड़ों-अरबों मील दूर देवलोक से चल कर आते हैं या फिर धरती पर ही सूक्ष्म रूप में सदा विद्यमान रहते हैं ! यदि सूक्ष्म रूप से हमारे पास रहते हैं (मान्यता भी है कण-कण में भगवान) तो हमारी आकाशगंगा और उसके बाहर इस धरा जैसे हजारों-लाखों विश्व और भी बताए जाते हैं, तो क्या सभी जगह उनकी उपस्थिति होती होगी ? हालांकि उनके लिए कुछ भी असंभव नहीं है ! प्रभु के अस्तित्व, उनकी अप्रमेय शक्ति, उनकी अनिर्वचनीय, अगाध, अज्ञेय क्षमता पर किसी भी प्रकार का सवाल या शंका नहीं है ! किसी को होनी भी नहीं चाहिए ! पर फिर भी इतने बड़े ब्रह्मांड के संचालक का जब-तब कहीं भी, सब कुछ छोड़ कर आ जाना, क्या इतना आसान होता होगा ? एक भक्त की करुण पुकार पर व तक पहुंचने के लिए कितना कुछ समायोजित करना पड़ता होगा ! भले ही उनका एक सूक्ष्म पल हमारे सैंकड़ों वर्षों के बराबर ही क्यों ना हो ! 

वर्षों-वर्ष में घटने वाली छोटी-बड़ी घटनाऐं, उनके परिणाम, उनके द्वारा उत्पन्न परिस्थितियां सब एकजुट एक बहुत बड़ा कारण बन जाती हैं, प्रभु के अवतरण का  

हाथी और चींटी की तुलना फिर भी हो जाए पर भगवान और इंसान की तुलना का तो सोचना ही बेमानी और नादानी है ! दिव्य शक्तियों के सामर्थ्य के आंकलन में हमारी कल्पना भी भोथरी हो जाती है ! गति के परिपेक्ष्य में ही देखा जाए तो अभी तक दुनिया में सबसे तेज रफ़्तार प्रकाश की, लगभग एक सेकेण्ड में तीन लाख किमी., ज्ञात है ! हमारे लिए तो वही अद्भुत और सपने में भी अप्राप्य गति है ! मानव यंत्रों की अधिकतम चाल अभी तक सिर्फ सोलह किमी प्रति सेकंड तक ही पहुंच पाई है ! अपनी आकाशगंगा के नजदीकी ग्रहों तक पहुंचने में ही हमें महीनों लग जाते हैं ! यदि मानव अपने सबसे करीबी तारे अल्फा सेंटौरी तक ही जाना चाहे तो अब तक की रफ्तार से वह वहां 6000 साल में पहुंच पाएगा ! 

उधर हमारे ग्रंथों और पुराणों में दिव्य लोकों का जो विवरण है वह तो और भी अद्भुत है ! जिसमें ब्रह्मांड में दस लोकों का विवरण निम्नानुसार दिया गया है ! सबसे ऊपर सत्य लोक उसके बारह करोड़ योजन नीचे तपोलोक इसके आठ करोड़ योजन नीचे महर लोक फिर उसके बाद स्वर्गलोक जो पृथ्वी के बीचोबीच मेरु पर्वत पर अस्सी हजार योजन की ऊंचाई पर स्थित है ! इसके बाद मेहर लोक सेएक करोड़ योजन नीचे ध्रुव लोक फिर उससे एक लाख करोड़ योजन नीचे सप्तऋषियों के रहने का स्थान सप्त ऋषि लोक फिर भूलोक और फिर पाताललोक ! इतनी-इतनी दूरियों को वहां के वासी कैसे नापते होंगे इसका तो हमें दूर-दूर तक कोई अनुमान नहीं है ! फिर भी आना-जाना तो लगा ही रहता होगा ! बिना आपसी तालमेल के इतने बड़े ब्रह्मांड का संचालन कैसे संभव होगा ! कितनी तेजी से चलते होंगे वे लोग ? कितनी रफ़्तार होगी उनकी ? क्या मन की गति से भी तेज ?

प्रभु के ही अनुसार जब-जब धर्म की हानि और अधर्म का उत्थान हो जाता है, तब-तब सज्जनों के परित्राण और दुष्टों के विनाश के लिए मैं विभिन्न युगों में माया का आश्रय लेकर उत्पन्न होता हूँ। ग्रंथों, कथाओं, मान्यताओं या सीधी, सरल दृष्टि से देखा जाए तो प्रभु का सप्तम अवतार श्री राम के रूप में इस धरा पर रावण के संहार के लिए ही हुआ था। पर गहराई से देखा जाए तो बात इतनी सी ही नहीं लगती ! प्रभु का मनुष्य रूप धारण करना प्रकृति की कोई छोटी-मोटी घटना नहीं होती ! हजारों-लाखों साल में कभी एक बार धरा को संतुलित करने के लिए परमेश्वर को इस तरह का गंभीर उपक्रम करना पड़ता होगा ! बहुत सारे नियम-कायदे-नीतियों-रीतियों के विश्लेषण के उपरांत, ब्रह्माण्ड की सम्पूर्ण सुरक्षा-व्यवस्था, वर्तमान-भविष्य का आंकलन, समय के हर पल का हिसाब करने और पता नहीं कितने अनगिनत उपक्रमों को अंजाम देने के बाद, अवतरण का शुभ मुहूर्त बनता होगा ! परलौकिकता, अलौकिकता और लौकिकता का मेल इतना आसान तो नहीं हो सकता !

आम इंसान को अपने देश में ही कहीं छोटे-बड़े प्रवास पर जाना हो तो दस तरह के इंतजाम करने पड़ते हैं ! उसी में वह पस्त हो जाता है। विदेश की तीन-चार हजार की यात्रा के दौरान दो-तीन दिन तो इंसान को ''जेट लैग'' से उबरने में ही लग जाते हैं। निकटतम ग्रह तक जाने में महीनों की मेहनत-मशक्कत, गुणा-भाग करना पड़ता है ! तो लाखों-करोड़ों मीलों का फैसला तय करने में कितनी सावधनियां, एहतियात, पूर्वोपाय व पुर्वोधान करने पड़ते होंगे, उसकी तो हम कल्पना भी नहीं कर सकते ! माना कि वह ईश्वर है ! सक्षम है ! उसके लिए कुछ भी असंभव या अप्राप्य नहीं है ! पर वे भी मर्यादित हैं ! प्रकृति भी उन्हीं की बनाई हुई है ! कायनात के नियम-कानून भी उन्हीं ने तय किए हैं ! तो फिर वे भी उसी के अनुसार ही चलते होंगे !


रामावतार को ही देखें ! यदि रावण वध ही एकमात्र ध्येय होता तो उस समय बहुत से पराक्रमी, महाबली, दुर्धर्ष महावीर योद्धा धरती पर विद्यमान थे ! राजा बलि, सहस्त्रार्जुन, किष्किंधा नरेश बाली तो उसे हरा कर जीवनदान भी दे चुके थे ! इनके अलावा  भगवान परशुराम और हनुमान भी थे जो रावण पर भारी पड़ते थे ! पर यदि ध्यान से प्रभु के धरा पर गुजरे समय का मनन किया जाए तो रावण और उसके साथियों के वध के अलावा अनगिनत ऐसे कार्य संपन्न हुए जिनका परिमार्जन सिर्फ प्रभु द्वारा ही संभव था ! चाहे वह दशरथ जी या अहिल्या को श्राप मुक्त करना हो ! चाहे शबरी का इंतजार खत्म करना हो ! चाहे बाली का उद्धार करना हो ! चाहे सम्पाती और जटाऊ की मुक्ति हो ! चाहे केवट और रीछ-वानरों का सहयोग ले समाज में व्याप्त ऊँच-नीच के भेद-भाव का समापन हो ! चाहे दो विभिन्न संस्कृति के देशों में आपसी भाईचारा और सांमजस्य स्थापित करना हो ! चाहे हनुमानजी और विभीषण के जीवन को सार्थकता प्रदान करनी हो या फिर संसार को पिता-माता के आदर और भातृ प्रेम का संदेश देना हो ! राम ना आते तो कैसे यह सब पूरा होता ! ये मेरे अपने विचार हैं कि वर्षों-वर्ष में घटने वाली छोटी-बड़ी घटनाऐं, उनके परिणाम, उनके द्वारा उत्पन्न परिस्थितियां सब एकजुट एक बहुत बड़ा कारण बन जाती हैं, प्रभु के अवतरण का !

पता नहीं मैं अपनी बात और विचार कहां तक स्पष्ट कर पाया हूँ ! पर जब धरती पर परिस्थितियां अत्यंत जटिल, बेकाबू और प्राणिमात्र के लिए घातक हो उठती हैं ! अभिमान, घमंड, लोभ, भ्रष्टाचार की अति के साथ हैवानियत अपने चरम पर पहुंच जाती है ! मनुष्य खुद को ही भगवान समझने लगता है ! तब धरा का संतुलन बनाए रखने और साथ ही पुण्यात्माओं-धर्मात्माओं को लंबित न्याय दिलाने, उनके कष्टों का परिमार्जन करने हेतु सर्वशक्तिमान को इस धरा पर अवतार लेने के लिए कुछ पलों का समय निकालना ही पड़ता है ! 

विशिष्ट पोस्ट

जिसने सबसे ज्यादा विभिन्न रोगग्रस्त पात्रों का किरदार निभाया

अनेकों बार  Autism, Dyslexia, Progeria, Paraplegia, Alzheimer, Amnesia, Schizophrenia जैसी अनेक  बीमारियों पर, जिनका नाम भी आम लोगों ने सुना...