pub-3648900737756323 कुछ अलग सा

बुधवार, 11 दिसंबर 2013

सोच, पहली बार मतदाता बने युवाओं की

 इनमें इक्का-दुक्का ही ऐसे थे जिन्होंने परिपक्वता का कुछ आभास देते हुए शहर के विकास को मद्देनज़र रख अपना मत दिया था। कुछ का मापदंड सायकिल और लैपटॉप रहे। अच्छे खासे प्रतिशत ने अपने परिवार का अनुसरण किया था। कईयों ने ऐसे ही "नाटो" को आजमाया था तो कईयों ने बिना सोचे समझे मौज-मस्ती में पहली बार मिली इस जिम्मेदारी को खिलवाड़ समझ दो-तीन बटन दबा दिए थे बिना परिणाम की चिंता किए।  

अभी-अभी संपन्न हुए चुनावों में लाखों युवाओं को, जो एक आंकड़े नुमी उम्र को पार कर गए थे, शिरकत करने का सिर्फ उस आंकड़े को पार करते ही अवसर मिल गया। आज नहीं तो कल उन्हें इस प्रक्रिया में आना ही था। पर सवाल यह उठता है कि क्या उस आंकड़े को छू जाने से ही बालक से युवा हुआ व्यक्ति क्या इतना परिपक्व हो जाता है कि वह अपनी बुद्धि से अच्छे-बुरे, हानि- लाभ की पहचान बिना किसी बाहरी प्रभाव के कर सके ? बालपन में अपनी ही दुनिया में रहने वाले को अचानक बड्डपन का भार दे क्या उससे यह आशा की जा सकती है कि वह देश की भलाई के लिए देश पर शासन करने वालों का चुनाव कर देश का भविष्य निर्धारित कर सके ? कहने का मतलब यह नहीं है कि यह उम्र अभी कम है या सारे युवा परिपक्व नहीं होते। कभी न कभी तो उन्हें यह भार अपने कंधों पर लेना ही है पर अधिकाँश ऐसे नए मतदाता पेशोपेश में रहते हैं. अपनी समझ, अपनी बुद्धी या अपनी सोच पर दृढ नहीं होते। ज्यादातर अपने परिवार के बड़ों का अनुसरण करते हैं।  कुछेक अपने साथियों के कहने पर चलते हैं, कुछेक के लिए यह छुट्टी की मौज-मस्ती का एक मनोरंजक पहलू होता है।  

यह सत्य मेरे सामने तब आया जब मैंने पहली बार मतदाता बने अपने भतीजे से पूछा कि उसने किसे वोट दिया। उसका जवाब बड़ा अप्रत्याशित था, उसने कहा कि वह सब को खुश रखने के लिए हर बार अलग-अलग दलों को वोट देगा। इस बार "इस" को दिया है अगली बार "उस" को और फिर किसी तीसरे को।  मैंने पूछा ऐसा क्यों ? तो बोला हमारे ग्रुप ने ऐसा ही फैसला किया है। हो सकता है कि अगले एक दो साल में उसे मतदान का महत्व समझ में आ जाए पर उसके पीछे आने वाली पीढ़ी भी क्या ऐसा ही करेगी? 
   
यह सुन मेरे में एक जिज्ञासा जगी कि कुछ ऐसे ही बच्चों से बात की जाए। यह कोई "सर्वे" नही था नहीं किसी नतीजे पर पहुँचने का मार्ग, सिर्फ एक जिज्ञासा को शांत करने का जरिया था। मैंने अलग-अलग जगहों के 100  बच्चों का लक्ष्य रखा था पर समयाभाव के कारण  63 से ही बात कर सका, जिनके जवाब गरीब तो नहीं अजीब जरूर थे।  इनमें इक्का-दुक्का ही ऐसे थे जिन्होंने परिपक्वता का कुछ आभास देते हुए शहर के विकास को मद्देनज़र रख अपना मत दिया था। कुछ का मापदंड सायकिल और लैपटॉप रहे। अच्छे खासे प्रतिशत ने अपने परिवार का अनुसरण किया था। कईयों ने ऐसे ही "नाटो" को आजमाया था तो कईयों ने बिना सोचे समझे मौज-मस्ती में पहली बार मिली इस जिम्मेदारी को खिलवाड़ समझ दो-तीन बटन दबा दिए थे बिना परिणाम की चिंता किए।  
अब सवाल यह उठता है कि क्या हमारी या शिक्षण संस्थानों की जवाबदेही नहीं बनती कि इतनी बड़ी जिम्मेदारी देने के पहले उस पौध को उसकी गंभीरता से अवगत करवा दिया जाए? उसे बताया और समझाया जाए कि इस जिम्मेदारी की  देश के भविष्य को तय करने में कितनी अहम् भूमिका है।  उनकी नासमझी कितने गलत हाथों को सक्षम बनाने की उत्तरदायी हो सकती है।  

यह तो शहर के पढने-लिखने वाले स्कूली शिक्षा पाने वाले बच्चों का हाल है. सोच कर ही मन घबड़ाता है कि दूर-दराज के ज्यादातर उचित शिक्षा विहीन उम्र के इस आंकड़े को प्राप्त करने वाले युवा कैसे-कैसे प्रलोभनों से और किस-किस से प्रभावित हो कैसे-कैसे लोगों को अधिकार सौंप देते होंगे।    

                 

शनिवार, 7 दिसंबर 2013

"ऐसी वाणी बोलिए सब का आपा खोए, औरन को विचलित करे आपहूं विचलित होए।"

जब पहली बार विपक्षी गुटों ने अपनी सरकार बनाई थी तो जनता या देश के हित में कुछ करने के बजाए सारे अंत्री-मंत्री श्रीमती इंदरा गांधी की बुराईयों, उनकी नीतियों के पीछे हाथ धो कर पड़ गए पर इंदिरा जी खुद तो शालीन बनी ही रहीं इसके अलावा अपने साथियों को भी कुछ कहने नहीं दिया था।  

समय ने भी क्या करवट बदली, कि हर शै बदली-बदली नज़र आने लगी है।  आदमी के रहन-सहन से लेकर कथो-किताबत पर असर साफ दिखाई पड़ रहा है।  पहले कहा जाता था "ऎसी वाणी बोलिए, मन का आपा खोए, औरन को शीतल करे, आपहू शीतल होए।" पर आज अन्य मान्यताओं के साथ इसको भी बदल कर कुछ ऐसा कर दिया गया है "ऐसी वाणी बोलिए सब का आपा खोए, औरन को विचलित करे आपहूं विचलित होए।" 

इसका प्रत्यक्ष प्रमाण अभी के चुनावों में भाषण वीरों के संवादों ने सब को दिया है। यह जानते हुए भी कि जुबान की चोट का घाव सब घावों से गहरा होता है और इसके अनगिनत प्रमाण हमारे इतिहास, कथा-कहानियों में बिखरे पड़े हैं. इसके बावजूद खुशफहमियों में सांस भरते कुछ लोगों ने अपने आकाओं को खुश करने के लिए अपनी बेलगाम, निरंकुश, अमर्यादित वाणी का ऐसा अंधड़ उड़ाया जिसमें उन्हीं के दल के द्वारा किए गए जनपयोगी कार्यों पर भी पर्दा पड़ गया।  उनके विष बुझे तीरों से लैस अनर्गल प्रलाप रूपी हाथियों ने अपने ही लोगों में हलचल मचा दी। 

आदि काल से हमारे देश में जनता ने कभी भी कटु भाषियों का साथ नहीं दिया है. कटु बोलने वाला सदा अपना ही अहित करता रहा है।  ज्यादा पीछे जाने की आवश्यकता नहीं है, जब पहली बार विपक्षी गुटों ने अपनी सरकार बनाई थी तो जनता या देश के हित में कुछ करने के बजाए सारे अंत्री-मंत्री श्रीमती इंदरा गांधी की बुराईयों, उनकी नीतियों के पीछे हाथ धो कर पड़ गए पर इंदिरा जी खुद तो शालीन बनी ही रहीं इसके अलावा अपने साथियों को भी कुछ कहने नहीं दिया। जनता ने नए लोगों से जो आशाएं बांधी थी वे चकनाचूर हो गयीं। जनता को जन हित में कुछ होता न दिखने पर उसके जेहन में उनके द्वारा उठाए गए लौह कदमों की याद फिर ताजा हो गयी, परिणाम क्या रहा, लोगों ने उनके द्वारा लगाए आपात काल को भी भुला कर उन्हें फिर प्रचंड मतों के साथ सत्ता सौंप दी। 
इससे सबक न लेते हुए विश्व प्रताप सिंह ने भी वही गलती दोहराई, अपना सारा जोर शालीन राजीव गांधी की छवि बिगाड़ने, उन्हें नीचा दिखाने का एकमंत्र अपनाया जिसके फलस्वरूप जनता ने उन्हें ऎसी पटकनी दी कि कोई पूछने वाला भी नहीं रहा। उलटे राजीव जी और लोक-प्रिय बन कर उभरे।  

पता नहीं अपने ही परिवार, अपनी ही पार्टी में हुई ऐसी बातों से कोई सीख आज के देश के सबसे पुराने, संगठित और देश के हर हिस्से में अपनी उपस्थिति का अहसास करवाने वाले दल ने क्यों नहीं ली। यह और बात है कि दल के शिखर पर बैठे लोगों ने संयम बरता पर अपने कार्यकर्ताओं और प्रवक्ताओं पर नकेल नहीं कसी। जिससे कुछ ऐसी छवि उभर कर आई कि लोगों को लगने लगा कि यह सारी ब्यान बाजी ऊपर के इशारे पर हो रही है, जिसमे कुछ सच्चाई तो थी ही, साथ ही यह भी एहसास होने लगा कि खुद हर मोर्चे पर नाकाम रहने वाले अब दूसरों को भी काम नहीं करने देना चाहते। इसके विपरीत यदि यदि मुंहफट लोगों द्वारा दूसरों को इतिहास सिखाने की बजाए अपना इतिहास ही याद रहता और उनके बयानों पर लगाम कस उन्हें अपने द्वारा किए गए कार्यों और उनसे हुए फायदों की जनता को याद दिलाते रहने को कहा जाता तो दो फायदे होते एक तो जन-जन के बीच इनकी सभ्य और शालीन छवि बनती साथ ही जनता की अल्पकालीन स्मृति से किए गए अच्छे कामों का भी असर बरकरार रहता।  और फिर यदि विपक्ष के आग उगलाऊ भाषणों पर संयम बरता जाता तो भी जनता में भी दल के सुसंस्कृत होने का संदेश जाता। पर धनुष से निकला तीर तो शायद वापस आ भी जाए पर दल के तथाकथित हितैषियों ने वह कर डाला है जो सारा विपक्ष मिल कर भी नहीं कर पाता।          

गुरुवार, 28 नवंबर 2013

कोलकाता का नेहरु बाल संग्रहालय

पहले पूरे देश की, अब पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता को महलों का शहर भी कहा जाता है।  वैसे तो यहाँ अनगिनत दर्शनीय स्थल हैं, जिनमें छोटे-बड़े करीब सात संग्रहालय भी शामिल हैं। उन्हीं संग्रहालयों में से एक है पूरी तरह बच्चों को समर्पित जवाहर लाल नेहरु बाल संग्रहालय। मेट्रो रेल का नजदीकी स्टेशन जो कोलकाता के दिल धर्मतल्ला से भवानीपुर की तरफ, 94/1 जवाहर लाल मार्ग पर, विख्यात विक्टोरिया मेमोरियल से कुछ ही दूर मुख्य मार्ग पर ही स्थित है। यहाँ  के लिए देश की पहली मेट्रो रेल का स्टेशन "रविन्द्र सदन" है।  मुख्य मार्ग पर होने की वजह से यहाँ पहुँचने के लिए हर तरह के  आवागमन की सुविधा उपलब्ध है.  
  
मुख्य भवन 
इस म्यूजियम को 1972 में नेहरु जी के जन्म दिवस 14 नवम्बर को पूरी तरह बच्चों को समर्पित किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों को अपनी संस्कृति से परिचित और अवगत कराना। बच्चों के साथ-साथ बड़ों को भी अभिभूत करने वाले इस मनोरंजक स्थल को चार विभागों में बांटा गया है। खिलौनों का खंड, जिसमें देश-विदेश के तरह-तरह के खिलौनों को प्रदर्शित किया गया है। 
खिलौनों की दुनिया 

 दूसरे हिस्से में है गुड़ियों का अद्भुत संसार, जहां तकरीबन 90 देशों की गुड़ियाँ दर्शकों को मोह लेने के लिए सजी खडी हैं। हर देश की गुड़िया अपने देश के सुसज्जित लिबास में नजर आती है।
गुड़ियों का संसार 

फिर आता है सबसे अहम् तीसरा और चौथा भाग, जहां छोटी-छोटी पर बिलकुल सजीव लगती मिट्टी की पुतलियों से पूरी रामायण और महाभारत की कथा को दर्शाया गया है। दोनों महाकाव्यों की प्रमुख घटनाओं को सिद्धहस्त कलाकारों द्वारा अति दक्षता से दर्शाया गया है. ये दोनों भाग किसी को भी सम्मोहित करने का जादू रखते हैं।
रामायण 
महाभारत 

अब तक करोंड़ों देसी-विदेशी लोगों द्वारा देखा और सहारा गया यह संग्रहालय विख्यात समाजसेवी जुगल श्रीमाल जी, जिनका मानना था कि बच्चों को खेल-खेल में या उनकी पसंददीदा अभिरुचि से किसी विषय को ज्यादा अच्छी तरह समझाया जा सकता है बनिस्पत कक्षा में किताबों द्वारा पढ़ाने या समझाने के। यह म्यूजियम उन्हीं की कल्पना का मूर्तिमान रूप है। उन्हीं की प्रेणना से प्रेरित हो कर यह संस्थान देश के पिछड़े इलाकों में कार्यशालाएं लगा कर बच्चों की शिक्षा में भी हाथ बंटाता रहता है। अक्षम पर मेधावी बच्चों को आर्थिक सहायता का भी प्रावधान रखा गया है।

अब जब भी कोलकाता जाना हो तो अन्य दर्शनीय स्थानों के साथ इसे भी देखना ना भूलें। यह सोमवार को छोड़ सप्ताह के बाक़ी दिनों सुबह से शाम तक खुला रहता है। यह दावा है कि आप यहाँ जा "वाह" बोले बिना नहीं रह पाएंगे।       
  

गुरुवार, 21 नवंबर 2013

स्वंयप्रभा, रामायण का एक उपेक्षित पात्र

थके-हारे, निश्चित समय में सीता माता को ना खोज पाने के भय से व्याकुल, वानर समूह को उचित मार्गदर्शन दे, लंका का पता बताने वाली सिद्ध तपस्विनी "स्वयंप्रभा" को वाल्मीकि रामायण के बाद कोई विशेष महत्व नहीं मिल पाया। हो सकता है, श्री राम से इस पात्र का सीधा संबंध ना होना इस बात का कारण हो।

हारा-थका, हताश वानर यूथ  
शबरी की तरह ही स्वयंप्रभा भी श्री राम की प्रतीक्षा, एकांत और प्रशांत वातावरण में संयत जीवन जीते हुए कर रही थी। परन्तु ये शबरी से ज्यादा सुलझी और पहुंची हुई तपस्विनी थीं। इनका उल्लेख किष्किंधा कांड के अंत में तब आता है, जब हनुमान, अंगद, जामवंत आदि सीताजी की खोज में निकलते हैं। काफी भटकने के बाद भी सीताजी का कोई सुराग नहीं मिल पाता है। सुग्रीव द्वारा दिया गया समय भी स्माप्ति पर आ जाता है। थके-हारे दल की भूख प्यास के कारण बुरी हालत होती है। सारे जने एक जगह निढ़ाल हो बैठ जाते हैं। तभी हनुमानजी को एक अंधेरी गुफा में से भीगे पंखों वाले पक्षी बाहर आते दिखते हैं। जिससे हनुमानजी समझ जाते हैं कि गुफा के अंदर कोई जलाशय है। गुफा बिल्कुल अंधेरी और बहुत ही डरावनी थी। सारे जने एक दूसरे का हाथ पकड़ कर अंदर प्रविष्ट होते हैं। वहां हाथ को हाथ नहीं सूझता था। बहुत दूर चलने पर अचानक प्रकाश दिखाई पड़ता है। वे सब अपने आप को एक बहुत रमणीय, बिल्कुल स्वर्ग जैसी जगह में पाते हैं। पूरा समूह आश्चर्य चकित सा खड़ा रह जाता है। चारों ओर फैली हरियाली, फलों से लदे वृक्ष, ठंडे पानी के सोते, हल्की ब्यार सब की थकान दूर कर देती है। इतने में सामने से प्रकाश में लिपटी, एक धीर-गंभीर साध्वी, आती दिखाई पड़ती है। जो वल्कल, जटा आदि धारण करने के बावजूद आध्यात्मिक आभा से आप्लावित लगती है। हनुमानजी आगे बढ़ कर प्रणाम कर अपने आने का अभिप्राय बतलाते हैं, और उस रहस्य-लोक के बारे में जानने की अपनी जिज्ञासा भी नहीं छिपा पाते हैं। साध्वी, जो की स्वयंप्रभा हैं, करुणा से मंजुल स्वर में सबका स्वागत करती हैं तथा वहां उपलब्ध सामग्री से अपनी भूख-प्यास शांत करने को कहती हैं। उसके बाद शांत चित्त से बैठा कर वह सारी बात बताती हैं।

यह सारा उपवन देवताओं के अभियंता मय ने बनाया था। इसके पूर्ण होने पर मय ने इसे देवराज इंद्र को समर्पित कर दिया। उनके कहने पर, इसके बदले कुछ लेने के लिए जब मय ने अपनी प्रेयसी हेमा से विवाह की बात कही तो देवराज क्रुद्ध हो गये, क्योंकि हेमा एक देवकन्या थी और मय एक दानव। इंद्र ने मय को निष्कासित कर दिया, पर उपवन की देख-भाल का भार हेमा को सौंप दिया। हेमा के बाद इसकी जिम्मेदारी स्वयंप्रभा पर आ गयी।

इतना बताने के बाद, उनके वानर समूह के जंगलों में भटकने का कारण पूछने पर हनुमानजी उन्हें सारी राम कथा सुनाने के साथ-साथ समय अवधी की बात भी बताते हैं कि यदि एक माह स्माप्त होने के पहले सीता माता का पता नहीं मिला तो हम सब की मृत्यु निश्चित है। स्वयंप्रभा उन्हें कहती हैं कि घबड़ायें नहीं, आप सब अपने गंतव्य तक पहुंच गये हैं। इतना कह कर वे सबको अपनी आंखें बंद करने को कहती हैं। अगले पल ही सब अपने-आप को सागर तट पर पाते हैं। स्वयंप्रभा सीताजी के लंका में होने की बात बता वापस अपनी गुफा में चली जाती हैं। आगे की कथा तो जगजाहिर है।

यह सारा प्रसंग अपने-आप में रोचक तो है ही, साथ ही साथ कहानी का महत्वपूर्ण मोड़ भी साबित होता है। पर पता नहीं स्वयंप्रभा जैसा इतना महत्वपूर्ण पात्र महाग्रंथ में उपेक्षित क्यूं रह गया. 

शुक्रवार, 8 नवंबर 2013

दिल्ली के कनाट प्लेस में एक कुंआ, अग्रसेन की बावडी

देश का दिल दिल्ली और दिल्ली का दिल कनाट प्लेस। हर अधुनातन चीज का केंद्र।  पर इस आधुनिकता में भी कुछ ऐसा समेटे जो हमें अपने समृद्ध विगत की याद दिलाता रहता है। चाहे वह मुगल कालीन हनुमान मंदिर हो, बंगला साहब  गुरद्वारा हो, जंतर-मंतर हो या फिर अग्रसेन की बावडी  हो। 


जी हां बावडी। एक गहरा कुआं जिसके तल तक जाने के लिए चौडी सीढियां बनी होती हैं। पुराने जमाने में पानी संरक्षित करने और रखने का  एक नायाब तरीका था।  राजस्थान  और    गुजरात के कुछ इलाकों में, जहां पानी अनमोल होता है वहां तो  इन्हें  मंदिर का स्थान मिला हुआ है। ऐसी ही एक 60 मीटर लम्बी और 15 मीटर चौडी, एक विशाल पर खंडहर होती बावडी, कनाट प्लेस से कुछ ही दूरी पर स्थित है।   जिसे आजकल पुरातत्व विभाग का संरक्षण तो प्राप्त है पर   स्थिति सोचनीय है।   इसके तल  तक   जाने के लिए 106 सीढियां उतरनी पड़ती हैं। किसी समय  इनमें से  कुछ सदा  पानी में  डूबी रहती थीं पर  अब समय की  मार,  बढती  आबादी,   आस - पास की आकाश  छूती इमारतों के कारण लोगों की आँखों के साथ-साथ यहाँ का पानी भी सूख कर अपना अतीत याद कर रो भी नहीं पाता।   


बावड़ी की जानकारी का तो यह हाल है कि यहाँ  पहुँचने के लिए आप कनाट प्लेस में खड़े होकर भी पूछेंगे तो भी आशंका यही है कि दस में से नौ लोग अनभिज्ञता जाहिर कर दें। वैसे कनाट प्लेस से बाराखम्बा मार्ग पर चलते हुए पहली लाल बत्ती से टालस्टाय मार्ग पर दाहिने मुड़ने पर करीब 20-25 मीटर दूर एक छोटी सड़क, हैली लेन, बाएं हाथ की तरफ पड़ती है उस पर करीब 35-40 मीटर चलने पर दाएं हाथ की तरफ फिर एक गली मिलती है जो अपने साथ-साथ आपको करीब 150-200 मीटर चलवा कर, धोबी घाट होते हुए, बावड़ी तक पहुंचा देती है।    




                                                                                                 धोबी घाट

                                                                          पहुँच मार्ग, बांई ओर बावड़ी की दिवार

                                                                                                      मुख्य द्वार

                                                                                                 प्रवेश द्वार


                                                                                         अंदर का खुला दालान


      
                                                                        सीढ़ियों के साथ की दीवारों पर बनी मेहराबें

                                                              दुर्दशाग्रस्त सीढ़ियां

                                                                                 बदहाली का आलम

                                                                                        तल और निकासी द्वार

                                                                                        कुँए का अंदरूनी तल

                                                                                              कुँए की दीवारें

तल से दिखता ऊपर का छिद्र 
                                                                                बाहर निकलने से पहले

पर दुखद आश्चर्य है कि वर्षों से पानी के अक्षय स्रोत और लोगों को असहय गर्मी से निजात दिलाने वाला यह एतिहासिक महत्व का स्थान दिल्ली के बीचोबीच स्थित होने और आवागमन की हर सुविधा की उपलब्धि के बावजूद, जहां अभी तक कोई प्रवेश शुल्क भी नहीं है, अनजान और उपेक्षित सा पडा है। कभी कभार किसी स्कूल के बच्चों की शिक्षण यात्रा या आस-पास के दफ्तर के कुछ लोगों का गर्मी से राहत पाने के लिए यहां आ बैठने या एकांत खोजते जोड़ों की चुहल  से यहां कुछ हलचल हो तो हो नहीं तो यहां पसरे सन्नाटे में कोई खलल नहीं पडता। अलबत्ता तो लोगों को इसके अस्तित्व की जानकारी ही नहीं है जिन्हें है भी वे भी इसे विस्मृत करते जा रहे हैं।















रविवार, 3 नवंबर 2013

"अनदेखे अपनों" को सपरिवार दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं

इस विधा यानि ब्लागिंग के माध्यम से जितना स्नेह, अपनापन तथा हौसला आप सब की तरफ से मुझे मिला है उससे अभिभूत हूँ। कितनी अजीब सी बात है कि एक-दो दिनों में जब तक सबके नाम दिख न जाएं तो खाली-खाली सा महसूस होता है। यदि खुदा न खास्ता किसी की उपस्थिति चार-पांच दिनों तक न दिखे तो मन बरबस उसकी ओर खींचा सा रहता है। इस "अनदेखे अपनों" से हुए लगाव को क्या नाम देंगे? जबकि इन कुछ सालों में सिर्फ अपनी कूपमंडूकता के कारण बहुत कम लोगों से आमने-सामने मुलाक़ात हो पाई है। चाह कर, मौका रहते हुए भी वैसा नहीं हो पाया। पर ऐसा ही स्नेह सब से बना रहे यही कामना है।

इस दीपोत्सव के पावन पर्व पर मेरी ओर से आप सब को सपरिवार हार्दिक शुभ कामनाएं।

आने वाले समय में सभी सुखी, स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें।

प्रभू से यही प्रार्थना है।

शुक्रवार, 1 नवंबर 2013

धन के संरक्षक होने के बावजूद कुबेर की कहीं पूजा नहीं होती

कुबेर को धन का संरक्षक माना जाता है। पूराने मंदिरों में उनकी मुर्तियां दरवाजे पर स्थापित मिलती हैं। परंतु उन मुर्तियों में उन्हें कुरूप, मोटा और बेड़ौल ही दिखाया गया है। दिग्पाल के रूप में या यक्ष के रूप में उनका विवरण मिलता है। पर उन्हें कभी दूसरी श्रेणी के देवता से ज्यादा सम्मान नहीं दिया गया। नाहीं कहीं उनकी पूजा का विधान है। उनके पिता ऋषि विश्रवा थे, जो लंकापति रावण के भी जनक थे। हो सकता है कि रावण के कुल गोत्र का होने से उनकी उपेक्षा होती गयी हो।

धन के संरक्षक होने के बावजूद उन्हें कभी भी लक्ष्मीजी के समकक्ष नहीं माना गया। क्योंकि लक्ष्मीजी के साथ परोपकारी भावना जुड़ी हुई है। कल्याणी होने की वजह से वे सदा गतिशील रहती हैं। वे धन को एक जगह ठहरने नहीं देतीं। पर कुबेर के साथ ठीक उल्टा है। इनके बारे में धारणा है कि इनका धन स्थिर रहता है। इनमें संचय की प्रवृति रहती है (शायद इसीलिये अपने रिजर्व बैंक आफ इंड़िया के बाहर इनकी प्रतिमा स्थापित की गयी है)। उनसे परोपकार की भावना की अपेक्षा नही की जाती।

वैसे भी कुबेर के बारे में जितनी कथायें मिलती हैं उनमें इन्हें पूर्व जन्म में चोर, लुटेरा यहां तक की राक्षस भी निरुपित किया गया है। यह भी एक कारण हो सकता है कि इनकी मुर्तियों में वह सौम्यता और सुंदरता नहीं नजर आती जो देवताओं की प्रतिमाओं में नज़र आती है।

इनकी कल्पना धन का घड़ा लिये हुए की गयी है तथा निवास सुनसान जगहों में वट वृक्ष पर बताया गया है। लगता है कि इनको जो भी सम्मान मिला है वह इनके धन के कारण ही मिला है श्रद्धा के कारण नहीं। क्योंकी वह धन भी सद्प्रयासों द्वारा नहीं जुटाया गया था। इसीलिये इनकी कहीं पूजा नहीं होती।

विशिष्ट पोस्ट

रीयल आइस मैन ऑफ इंडिया

भीड़ में जिस शख्स का कद सबसे बड़ा था, पता चला वह शख्स किसी और के कांधे पर खड़ा था 😡 लद्दाख ! जहां लोगों की मुख्य आजीविका खेती है, वहां पानी...