जहां और जैसे मेरे फोन के तार जोड़े गए हैं वहाँ कोई जोर से छींक भी देता है तो मेरा फोन बेचारा किसी अनिष्ट की आशंका से अपने खोल में सिमट जाता है। अब जब फोन बंद हो जाता है तो इन भले लोगों की शर्त है कि खराबी की शिकायत भी BSNL के फोन से ही होनी चाहिए। अब इस कंपनी का फोन तो चिराग लेकर ढूंढने से ही मिलता है, और उसकी खराबी का पता लगाने में इन्हें हफ़्तों लग जाते हैं ! तंग आ कर आखिरी नमस्ते करने में भी मुझे तीन घंटे और उनके दफ्तर के चार चक्कर लगाने पड़े। यह तो सबको पता है कि लंच टाइम में तो सरकारी आदमी अपनी भी नहीं सुनता..........!
#हिन्दी_ब्लागिंग
इधर कुछ लोग सरकारी कंपनियों को निजी हाथों में देने के विरोध में रोज ही कुछ ना कुछ बयान दर्ज करवाते रहते हैं। ऐसा लगता है कि वे सरकार के हर काम का विरोध करने को निर्देशित हैं सिर्फ इसीलिए ऐसा किया जा रहा है। क्या कभी उन्होंने उस कंपनी की सेवा का जायजा लिया है ? क्या वे उसकी कार्यप्रणाली से वाकिफ है ? क्या कभी उसके उपभोक्ताओं से उसके बारे में राय जानी है ? बाकियों की बात फिर कभी आज BSNL के बारे में अपना अनुभव बांटना चाहता हूँ !
![]() |
| जर्जर अवस्था वाले एक बांस में खुली तारों के सहारे मेरा फोन क्योंकि उस घने इलाके में भी उनकी सेवा लेने वाला सिर्फ मैं ही अकेला था ! |
शुरू से हमारी यही धारणा रही है कि स्वदेशी और सरकारी संस्थाओं, उपक्रमों का ही उपयोग करना चाहिए ! इसी सोच के तहत ही सरकारी फोन सेवा की शरण ली थी। पर शुरुआत से ही उसकी तारें तरह-तरह के झटके देती रहीं !
आखिर #BSNL के भूमि-पकड़, अचल फोन को नमस्ते भेज दी है। हाथ जोड़ने का कारण जानने के लिए उन्होंने जो फॉर्म दिया उसमे वही सारे कारण थे जिनसे उपभोक्ता हलकान रहता है। आश्चर्य होता है और हंसी भी आती है कि अंदाजे के बावजूद सब कुछ वैसे ही बदस्तूर चला आ रहा है, सुधार की कोई कोशिश ही नहीं होती
विभिन्न समयों में तंगाए हुए दिमाग के कुछ अंश ! छोटे-मोटे दो-तीन दिनों के अवरोध या इंटरनेट की चाल-ढाल-रुकावट का तो जिक्र ही नहीं है.......!
17-08-2009
..........................ऐसा ही कुछ पिछले एक पखवाड़े से मेरे साथ हो रहा था, #दीपिका_पादुकोंण_को_खम-खा-कर #BSNL का प्रचार करते देख। उसके अनुसार #BSNL पूरे "इंडिया" को लाइटिनिंग युग में ले जायेगा। हर चीज विद्युत की तेजी से सम्पन्न हो जाया करेगी। अब बताईये जिसका फोन पिछले 14 दिनों से कोमा में पड़ा हो, जिसका चोंगा घर का हर सदस्य दिन में दर्जनों बार धड़कन वापस आने की उम्मीद से उठाता हो, जिसकी मधुर ध्वनी सुनने के लिये सब के कान चौबीसों घंटे उसकी ओर लगे हों उनके दिल पर क्या बीतती होगी यह सब देख-सुन कर। जी हां पूरे चौदह दिनों से मेरा फोन कोमा में है। इसके डाक्टरों को पूछ-पूछ कर हार गया कि ऐसा कौन सा फ्लू इसे हो गया है जो इसकी बोलती बंद है। पर आज तक किसी डाक्टर ने सही जवाब दिया है जो यह बताते। रोज कल-कल करते कितने कल निकल गये यह सच साबित करते हुए कि क्या कभी कल भी आया है।
15-10-2014
...............जहां और जैसे मेरे फोन के तार जोड़े गए हैं वहाँ कोई जोर से छींक भी देता है तो मेरा फोन बेचारा किसी अनिष्ट की आशंका से अपने खोल में सिमट जाता है। अब जब फोन बंद हो जाता है तो इन भले लोगों की शर्त है कि खराबी की शिकायत भी BSNL के फोन से ही होनी चाहिए। अब इस कंपनी का फोन तो चिराग लेकर ढूंढने से ही मिलता है। और उसकी खराबी का पता लगातने में इन्हें हफ़्तों लग जाते हैं ! पता नहीं सरकारी काम, नियम, कानून ऐसे क्यों होते है ?
आज पूरे इक्कीस दिन हो गए फोन को बंद हुए ! कभी-कभी दो जने आते हैं ! एक छाया में बैठ बीड़ी पिने लगता है दुसरा इधर-उधर कुछ टटोल नाकामी में सर हला देता है ! आज के समय में उच्च तकनीकी उपकरणों की सहायता से जहां इनके प्रतिद्वंदी एक दो दिन में उपकरणों में जान डाल देते हैं वहीं सरकारी सहायता आने में हफ़्तों लग जाते हैं। यही हाल इनके मोबाइल कनेक्शन का है। जो सबके सामने खुले में ही बात करवाता है, घर के अंदर से बात करवाने में शर्माता है। जिन्होंने इसे छोड़ा है वे पूछने पर बतलाते है कि भाई उससे तो टावर के नीचे खड़े हो तो भी बात नहीं होती थी। अब ऐसा क्यों है कि प्रायवेट कंपनियां दिन-दूनी रात चौगुनी तरक्की कर रही हैं, लोग उनसे जुड़ते जाते हैं और इस महावीर को अपनी ताकत ही पता नहीं चलती
![]() |
| ऐसे कनेक्शन देती रही है BSNL 36 गढ़ की राजधानी रायपुर में |

