गुरुवार, 15 सितंबर 2016

पंचकुला का कैक्टस पार्क

आज कैक्टस लोकप्रियता में सिर्फ गुलाब और ऑर्किड के पौधों से ही पीछे है। आज इस को देखने के लिए दक्षिणी अमेरिका जाने वालों की संख्या में दिन प्रति दिन इजाफा हो रहा है। हालांकि हमारे  पंचकुला के  कैक्टस पार्क में प्राकृतिक रूप से पनपे पौधे नहीं हैं पर फिर भी दुर्लभ प्रजातियों को देखने के लिए लोग यहां जरूर आना चाहेंगे 

अभी पिछले दिनों चंडीगढ़ के उपनगर हरियाणा के पंचकुला शहर जाने का मौका मिला तो वहां स्थित नागफनी बाग़ यानी कैक्टस पार्क को देखने का भी अवसर प्राप्त हो गया। कांटेदार पौधे भी इतने सुंदर हो सकते हैं कि वे मन मोह लें, यहां आ कर ही जाना। करीब सात एकड़ में फैले इस सुव्यवस्थित, करीने से सजे बगीचे का अपना ही सम्मोहन है। 
















मेरे कानूनी भाई
तरह-तरह के रूप-रंग, आकार-प्रकार, देसी-विदेशी करीब ढाई हजार किस्मों के कांटेदार पौधे सहज ही किसी को भी थम कर उन्हें निहारने को मजबूर कर देते हैं। कोई इतना ऊँचा है कि सर की टोपी गिर जाए, कोई ऐसा है जो मुट्ठी में समा जाए, किसी में फूल भी लगे हैं तो कोई अपने काँटों से ही सम्मोहित कर लेता है। कोई गोल-मटोल है तो कोई सींकिया पहलवान। कोई गुच्छे में परिवार की तरह है तो कोई अकेला मस्त-मलंग। यहां मेक्सिको का पेड़ नुमा कैक्टस भी है तो साथ ही एरिजोना की वह किस्म भी है जिसकी ऊंचाई चालीस फिट तक पहुँच जाती है। दुनिया की दुर्लभ, लोकप्रिय, दर्शनीय, मशहूर प्रजातियों जैसे Opuntias, Ferocactus, Agaves, Echinocereus, Columnar और Mammillarias को भी यहां देखा जा सकता है। यहां की नर्सरी से अपने मनपसंद पौधे ख़रीदे भी जा सकते हैं।   













पंचकुला के सेक्टर पांच में डॉक्टर जे. एस. सरकारिया द्वारा, जो एक सर्जन, पेंटर, प्रकृति प्रेमी तथा 'नेशनल कैक्टस ऐंड सकुलेंट्स प्लांट्स' के संस्थापक यानी बहुमुखी प्रतिभा संपन्न इंसान थे, 1987 में इसकी नींव रखी गयी थी। उनकी अथक मेहनत, लगन और पौधों के प्रति प्यार ने इस बाग़ को शहर का "लैंड मार्क" तो बनाया ही अपने प्रकार का एशिया का सबसे बड़ा पार्क भी बना दिया जिसने पंचकुला को भी विश्व में एक पहचान दिला दी। इसीलिए इस पार्क को सरकारिया कैक्टस पार्क के नाम से भी जाना जाता है। इसमें तीन सरोवर और करीब पच्चीस टीले नुमा निर्माण किए गए हैं जो बरबस दर्शकों का मन मोह लेते हैं। टाइलों लगा घुमावदार मार्ग पर्यटकों को पूरे बाग़ को देखने में सहायक सिद्ध होता है।  













कुछ साल पहले तक इसके कांटेदार होने की वजह से हमारे यहाँ इसे घरों में लगाना शुभ तथा निरापद नहीं माना जाता था पर समय के साथ-साथ इसको भी लोग पसंद करने लगे हैं और आज कैक्टस लोकप्रियता में सिर्फ गुलाब और ऑर्किड के पौधों से ही पीछे है। इस को देखने के लिए आज दक्षिणी अमेरिका जाने वालों की संख्या में दिन प्रति दिन इजाफा हो रहा है। हालांकि हमारे पंचकुला के कैक्टस पार्क में प्राकृतिक रूप से पनपे पौधे नहीं हैं पर फिर भी दुर्लभ प्रजातियों को देखने के लिए लोग यहां जरूर आना चाहेंगे जो पंचकुला शहर के लिए शुभ संकेत ही है। पर इसके लिए व्यवस्थापकों और सरकारी महकमे को इस पर ज्यादा ध्यान देने की जरुरत है। अभी वहां जाने पर सिर्फ एक सज्जन को खड़े पाया जो गेट किपरी के साथ ही अनमने भाव से टिकट भी दे रहा था। 







अपने को #कैक्टस पार्क का #हेड माली बताने वाले #जागर नामक इस शख्स के पास हमें बताने के लिए एक वाक्य तक नहीं था। उल्टे बात करने का लहजा ऐसा था जैसे हम अवांछनीय तत्व हों। करीब पांच बजे शाम का समय था। देश के हर शहर-कस्बे में उग आई कैक्टसी बिमारी यहां भी पार्क के सुनसान, निर्जन, पथ-मार्ग से दूर कोनों में मौजूद थी। जिसे शायद गेट-कीपर महोदय का संरक्षण प्राप्त था। हमें आता देख एक-दो जोड़े तो ऐसे भागे जैसे इंसान को देख खरगोश झाड़ियों से भागता है। इसलिए जरूरी है कि इस बिमारी के चलते लोग यहां आने से झिझकें उसके पहले ही सुरक्षा गारद की उचित व्यवस्था कर दी जाए। नहीं तो यह सुंदर, अनुपम, अनोखी जगह सिर्फ मनचलों की ऐशगाह बन कर रह जाएगी।     







यदि आपका कभी भी चंडीगढ़ जाना हो तो वहाँ के सुखना झील, रॉक-गार्डेन इत्यादि दर्शनीय स्थलों की सैर के साथ ही चंडीगढ़ की कार्बन कॉपी पंचकुला के इस मनोहारी, अजूबे से पार्क को देखने का समय जरूर निकालें।सिर्फ दस रुपये में यहां गुजारा गया समय आपको निराश नहीं करेगा।    

गुरुवार, 8 सितंबर 2016

हजार सावन झेल चुकी, गणेश प्रतिमा

इस क्षेत्र में एक कैलाश गुफा भी है, मान्यता है कि परशूरामजी तथा गणेशजी का युद्ध इसी जगह हुआ था, लगता है उसी प्रसंग को स्थाई करने के लिए इस प्रतिमा की रचना की गयी होगी। पहाड़ी के नीचे के गांव का नाम फरसपाल होना भी इस मान्यता की पुष्टि करता है

हमारा देश इतनी विविधताओं से भरा पड़ा है कि उनको देखने समझने में वर्षों लग जाएं। इसका प्रमाण हैं वे लाखों पर्यटक जो विदेशों में हमारे बारे में किए जाते दुष्प्रचारों या फैली हुई भ्रांतियों के बावजूद भारत आने का लोभ संवरण नहीं कर सकते।  हजारों ऐसी अनजानी-अनदेखी विरासतें, धरोहरें, सम्पदाएँ बिखरी पड़ी हैं जिनकी खोज और जानकारी पाना अभी भी बाकी है। 

ऐसा ही एक स्थान है, छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के दंतेवाड़ा से करीब  25-30 की. मी. की दूरी पर ढोलकल नामक जगह पर, घने जंगलों में करीब तीन हजार फीट ऊँची एक पहाड़ी के सिरे पर स्थापित, छह फिट की ग्रेनाइट पत्थर से तराशी गयी भगवान् गणेश की मूर्ति। ऐसी मान्यता है कि दसवीं शताब्दी में छिंदक नागवंशी राजाओं द्वारा इस  कलात्मक प्रतिमा की स्थापना की गयी थी। ऐसा इसलिए भी लगता है क्योंकि मूर्ति में गणेश जी के उदर पर नाग चिन्ह उकेरा गया है।  



तकरीबन हजार साल पुरानी इस प्रतिमा में भगवान गणेश के ऊपरी दाएं हाथ में फरसा तथा बाएं हाथ में टूटा हुआ एक दांत दर्शाया गया है और निचला दायां हाथ अभय मुद्रा में उठा हुआ है तथा बाएं हाथ में मोदक धारण किए हुए है। बाएं हाथ में टूटा हुआ दांत गणेश जी तथा भगवान परशुराम युद्ध का स्मरण करवाता है। जिसमें परशुराम जी के फरसे से गणेश जी का दांत कट गया था। इस क्षेत्र में एक कैलाश गुफा भी है, मान्यता है कि वह युद्ध इसी जगह हुआ था, लगता है उसी प्रसंग को स्थाई करने के लिए इस प्रतिमा की रचना की गयी होगी। पहाड़ी के नीचे के गांव का नाम फरसपाल होना भी इस मान्यता की पुष्टि करता है।

तीन हजार फीट की उंचाई पर, जहां पहुँचना आज भी बेहद जोखिम भरा काम है, स्थित यह विशाल, भारी-भरकम, कलात्मक प्रतिमा आश्चर्य के साथ-साथ जिज्ञासा भी उत्पन्न करती है कि सदियों पहले इतने दुर्गम इलाके में इतनी ऊंचाई पर, जहां कुछ समय व्यतीत करना ही मुश्किल हो, किन लोगों ने, किस प्रकार, कैसी परिस्थितियों में इस प्रतिमा को गढ़ा होगा ? इस जगह को देख कर सिर्फ अंदाज ही लगाया जा सकता है कि उस समय यह कार्य कितना मुश्‍किल तथा जोखिम भरा रहा होगा। उन कलाकारों ने एक तपस्या की तरह अपनी भूख-प्यास, सुख-चैन, आराम-थकान सब भूल कर इस अप्रतिम, आश्चर्यजनक कला की रचना की होगी। 
ऐसा माना जाता है कि कारण कुछ भी हो बस्तर की सही तस्वीर पर्यटकों के सामने नहीं आ पायी है। प्रकृति के अनमोल खजाने से भरपूर इस इलाके में अभी भी सैंकड़ों मूर्तियां, मंदिर तथा जगहें ऐसी हैं जिनका पता लगना या लगाया जाना बाकि है। इसमें आने वाली अड़चनों में इसका दुर्गम तथा नक्सल प्रभावित होना है। फिर भी कभी संयोगवश या किसी पर्यटक के भाग्यवश कोई ना कोई ना कोई विचित्रता दुनिया के सामने आती रही है। जैसे यह अद्भुत प्रतिमा जिसका पता सबसे पहले एक अंग्रेज भूशास्त्री क्रुकशैंक ने 1934 में बैलाडीला की खदानों का सर्वेक्षण करते समय लगाया था।

स्थानीय निवासियों के अनुसार ढोल की बनावट के कारण इस पहाड़ी का नाम ढोलकल पड़ा है। पहाड़ी के शिखर पर स्थित प्रतिमा तक पहुंचने के लिए दंतेवाड़ा होते हुए फरसपाल जाना पड़ता है। यहां से कोतवाल पारा होकर जामपारा तक पहुंच मार्ग है। जामपारा पहाड़ के नीचे है। यहां से पैदल संकरी पहाड़ी पगडंडियों से होकर ऊपर पहुंचना पड़ता है। घने जंगल, दुर्गम मार्ग तथा और कई विषमताओं के बावजूद यहां श्रदालुओं, पर्यटकों और जिज्ञासुओं का आना बदस्तूर जारी है इसीलिए धीरे-धीरे ही सही इस जगह के बारे में लोगों की जानकारी बढ़ ही रही है।  

सोमवार, 5 सितंबर 2016

सिर्फ अंदर न जाने देने से ही शिवजी ने बालक का वध नहीं किया होगा

पांच साल पहले मन को मथती एक सोच को पोस्ट का रूप दिया था। उसी को एक बार फिर पोस्ट कर साथी-मित्रों की राय अपेक्षित है। शिवजी पर गहरी आस्था के कारण यह सोच उपजी है। किसी की धारणा को ठेस पहुंचाने की कतई मंशा नहीं है इसलिए इसे अन्यथा ना लें।       

शिवजी मेरे इष्ट हैं, उनमें मेरी पूरी आस्था है। दुनिया जानती और मानती है कि वे देवों के देव हैं, महादेव हैं। भूत-वर्तमान-भविष्य सब उनकी मर्जी से घटित होता है। वे त्रिकालदर्शी हैं। भोले-भंडारी हैं। योगी हैं। दया का सागर हैं। आशुतोष हैं। असुरों, मनुष्यों यहां तक कि बड़े-बड़े पापियों तक को उन्होंने क्षमा-दान दिया है। उनके हर कार्य में, इच्छा में परमार्थ ही रहता है। इसीलिए लगता नहीं है कि सिर्फ अंदर ना जाने देने की हठधर्मिता के कारण उन्होंने एक बालक का वध किया होगा। जरूर कोई दूसरी वजह इस घटना का कारण रही होगी। उन्होँने जो भी किया वह सब सोच-समझ कर जगत की भलाई के लिए ही किया होगा। 


घटना श्री गणेशजी के जन्म से संबंधित है, तथा कमोबेश अधिकाँश लोगों को मालुम भी है कि
कैसे अपने स्नान के वक्त माता पार्वती ने अपने उबटन से एक आकृति बना उसमें जीवन का संचार कर द्वार की रक्षा करने हेतु कहा और शिवजी ने गृह-प्रवेश ना करने देने के कारण उसका मस्तक काट दिया। फिर माता के कहने पर पुन: ढेर सारे वरदानों के साथ जीवन दान दिया। पर माँ गौरी इतने से ही संतुष्ट नहीं हुईं, उन्होंने शिवजी से अनुरोध किया
 कि वे उनके द्वारा रचित बालक को देव लोक में उचित सम्मान भी दिलवाएं। शिवजी पेशोपेश में पड़ गये। उन्होंने उस छोटे से बालक के यंत्रवत व्यवहार में इतना गुस्सा, दुराग्रह और हठधर्मिता देखी थी जिसकी वजह से उन्हें उसके भविष्य के स्वरूप को ले चिंता हो गयी थी। उन्हें लग रहा था कि ऐसा बालक बड़ा हो कर देवलोक और पृथ्वी लोक के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। पर पार्वतीजी का अनुरोध भी वे टाल नहीं पा रहे थे इसलिए उन्होंने उस बालक के पूरे व्यक्तित्व को ही बदल देने का निर्णय किया। 


भगवान शिव तो वैद्यनाथ हैं। उन्होंने बालक के मस्तक यानि दिमाग में ही आमूल-चूल परिवर्तन कर ड़ाला। एक उग्र, यंत्रवत, विवेकहीन मस्तिष्क की जगह  एक धैर्यवान,  विवेकशील, शांत,
विचारशील, तीव्रबुद्धी, न्यायप्रिय, प्रत्युत्पन्न, ज्ञानवान, बुद्धिमान, संयमित मेधा का प्रत्यारोपण कर उस बालक को एक अलग पहचान दे दी। उनके साथ-साथ अन्य देवताओं ने भी अपनी-अपनी शक्तियां  प्रदान कीं। जिससे हर विधा व गुणों ने उसे इतना सक्षम कर दिया कि महऋषि वेद व्यास को भी अपने महान, वृहद तथा जटिल महाकाव्य की रचना के वक्त उसी बालक की सहायता लेनी पड़ी।


इन्हीं गुणों, सरल ह्रदय, तुरंत प्रसन्न हो जाने, सदा अपने भक्तों के साथ रह उनके विघ्नों का नाश करने के कारण ही आज श्री गणेश अबाल-वृद्ध, अमीर-गरीब, छोटे-बड़े सब के दिलों में समान रूप से विराजते हैं।     इतनी लोक प्रियता किसी और देवता को शायद ही  प्राप्त हुई हो। आज वे फिर अपने भक्तों को सुख प्रदान करने तथा उनके दुखों को हरने पृथ्वी पर अवतरित हुए हैं। इस शुभ अवसर पर सभी   इष्ट-मित्रों, बन्धु-बांधवों, सगे-संबंधियों को हार्दिक मंगलकामनाएं।    

मंगलवार, 30 अगस्त 2016

जब हनुमान जी को राम जी के विरुद्ध खड़ा होना पड़ा

जब गुरु विशिष्ट को यह घटना मालुम पड़ी तो उन्होंने ऋषि विश्वामित्र को समझाया कि आपके क्रोध से पता नहीं आज कैसा अनर्थ हो जाता। आपने तो भक्त और भगवान् को ही आमने-सामने खड़ा करवा दिया था। विश्वामित्र जी को भी अपनी भूल का एहसास हुआ उन्होंने विशिष्ट जी से क्षमा  मांगते हुए  राम जी से अपना वचन वापस ले लिया

हमारे ग्रन्थों-पुराणों में जो कथा-कहानियां कही-बताई गयीं हैं, उनमें भगवान् की लीलाओं का वर्णन है जो किसी ना किसी प्रयोजनवश रचाई गयी होती हैं और अपने-आप में गूढार्थ समेटे रहती हैं। नहीं तो कोई सोच तो क्या कल्पना भी नहीं कर सकता कि हनुमान जी जैसे भक्त-शिरोमणि, खुद राम के ह्रदय समान, विनयशील, पूर्णतया समर्पित भक्त को भी अपने आराध्य, अपने इष्ट के सामने खड़ा होना पड़ा था !  
कथा इस प्रकार वर्णित है कि एक बार राजा शकुंतन शिकार के बाद लौट रहे थे। उनके मार्ग में पड़ने वाले एक आश्रम में गुरु वशिष्ठ, ऋषि विश्वामित्र और अत्रि मुनि यज्ञ कर रहे थे। बाहर से सिर्फ गुरु वशिष्ठ ही नज़र आ रहे थे। राजा को लगा कि मैं शिकार से लौट रहा हूँ, खून-पसीने से  अपवित्र शरीर के साथ यज्ञ में शामिल होना उचित नहीं होगा। यह सोच उसने वहीँ से गुरु वशिष्ठ को प्रणाम किया और आगे बढ़ गया। यह बात नारद जी ने विश्वामित्र जी को बताई कि शकुंतन ने सिर्फ वशिष्ठ जी को प्रणाम किया आपको नहीं। इतना सुनते ही ऋषि विश्वामित्र अत्यंत क्रोधित हो गए और क्रोधवश उन्होंने राम  पास जा अपने अपमान की बात कही और उनसे कहा की सूर्यास्त होने से पहले शकुंतन का कटा हुआ सर मेरे समक्ष होना चाहिए अन्यथा तुम्हे मेरे श्राप का सामना करना पड़ेगा।  
उधर नारद जी ने विश्वामित्र जी के क्रोध की बात शकुंतन को भी बताई और उसे अपनी रक्षा के लिए हनुमान जी की शरण में जाने को कहा क्योंकि उनके अलावा किसी में भी इतना सामर्थ्य नहीं था कि उसकी राम जी से रक्षा कर सके। परन्तु नारद जी को यह भी पता था कि अगर वह सीधे हनुमान जी के पास जाकर राम से अपनी प्राणो की रक्षा के लिए कहेगा तो हनुमान जी उसकी मदद नही करेंगे। इसलिए उन्होंने राजा को पहले हनुमान जी की माता अंजनी के पास जा उनसे बिना पूरी बात बताए अपने प्राण रक्षा का आशिर्वाद लेने को कहा।  शकुंतन ने ऐसा ही किया। जब हनुमान जी को पूरी बात का पता चला तो वे धर्मसंकट में पड़ गए। एक तरफ उनके सब कुछ प्रभू राम थे तो दूसरी तरफ माँ का वचन और उनकी आज्ञा ! पर हनुमान जी से बड़ा
विद्वान और नीतिवान भी कौन था, उन्हें एक युक्ति सूझि, उन्होंने राजा को सरयू नदी के तट पर बैठ राम का नाम जपने को कहा और खुद उसके पीछे छोटा कद बना कर बैठ गए। श्री राम जब शकुंतन को ढूंढते हुए वहां पहुंचे तो उसे अपना ही नाम जपते पाया, श्री राम भी दुविधा में पड़ गए कि अपने भक्त का वध कैसे करें ! ऐसे समय में उन्हें हनुमान जी याद आ रहे थे परन्तु उनका भी कहीं पता नहीं था। हार कर अपने वचनों की रक्षा के लिए राम ने अपने बाणों से शकुंतन पर वार किया पर राम नाम के जप के प्रभाव से उनका कोई असर न होते देख उन्होंने दिव्यास्त्रों का प्रयोग करने की सोची। हनुमान जी ने स्थिति की नाजुकता समझ राजा को सिया-राम उच्चारण करने को कहा। भयभीत राजा ने डर के मारे इस उच्चारण के साथ हनुमान जी का नाम भी जपना शुरू कर दिया। इससे श्री राम के सारे दिव्यास्त्र उन्हीं के नाम के प्रभाव से बेअसर हो गए। राम भी कुछ-कुछ स्थिति को समझ गए थे, उन्होंने बाण चलाना रोक दिया क्योंकि उन्हें वहां हनुमान जी की उपस्थिति का आभास हो गया था सो उन्होंने हनुमान जी को पुकारा, सब कुछ ठीक होता देख हनुमान जी अपने रूप में हाथ जोड़ प्रभू के सामने आ खड़े हुए और सारी बात बताई। राम जी ने प्रसन्न हो उन्हें  अपने गले लगा लिया और कहा कि तुमने आज फिर सिद्ध कर दिया कि स्वयं भगवान से भी बढ़कर ताकत उनके सच्चे भक्त में होती है। 

उधर जब गुरु विशिष्ट को यह घटना मालुम पड़ी तो उन्होंने ऋषि विश्वामित्र को समझाया कि आपके क्रोध से पता नहीं आज कैसा अनर्थ हो जाता। आपने तो भक्त और भगवान् को ही आमने-सामने खड़ा करवा दिया था। विश्वामित्र जी को भी अपनी भूल का एहसास हुआ उन्होंने विशिष्ट जी से क्षमा  मांगते हुए  राम जी से अपना वचन वापस ले लिया और राजा को भी अभय प्रदान कर भय-मुक्त कर दिया।  

सोमवार, 29 अगस्त 2016

श्री कृष्ण-अर्जुन युद्ध

यदि स्वामिभक्ति और सखा प्रेम की बात की जाए तो इनमें सर्वोच्च स्थान राम-हनुमान और श्री कृष्ण-अर्जुन को प्राप्त है। हनुमान जी जैसी निष्ठा और अर्जुन जैसे समर्पण से बढ़ कर और कोई उदाहरण नहीं मिलता। भक्ति और दोस्ती का चरमोत्कर्ष है। पर आश्चर्य की बात है कि पौराणिक कथाओं में इन को भी अपने वचन और धर्म की रक्षार्थ एक दूसरे के विरुद्ध अस्त्र उठाते बताया गया है

हमारे ग्रन्थ, पुराण, काव्य, महाकाव्य सब विभिन्न तरह की रोचक, उपदेशात्मक, मार्गदर्शक, नीतिवान, ज्ञानवर्धक कथाओं से भरे पड़े हैं। पर कहीं-कहीं कुछ ऐसी कथाएं भी मिलती हैं जो रोचक होने के साथ-साथ विस्मयकारी भी होती हैं। ऐसी ही दो कथाएं हैं जिनमें अपने वचन और धर्म को निभाने के लिए भक्त को अपने इष्ट के विरुद्ध, या यूँ कहिए कि आम आदमी को सर्वोच्च सत्ता के सामने खड़ा होने की प्रेणना देती हैं। आज यदि स्वामिभक्ति और सखा प्रेम की बात की जाए तो इनमें सर्वोच्च स्थान राम-हनुमान और श्री कृष्ण-अर्जुन को प्राप्त है। हनुमान जी जैसी निष्ठा और अर्जुन जैसे समर्पण से बढ़ कर और कोई उदाहरण नहीं मिलता। भक्ति और दोस्ती का चरमोत्कर्ष है। पर आश्चर्य की बात है कि पौराणिक कथाओं में इन को भी अपने वचन और धर्म की रक्षार्थ एक दूसरे के विरुद्ध अस्त्र उठाते बताया गया है। आज पहले वह कथा जिसमें अर्जुन को अपने सबसे प्रिय सखा, संरक्षक, मार्गदर्शक, जीवन रक्षक श्री कृष्ण के सामने युद्ध के लिए खड़ा होना पड़ा था।       
एक बार महर्षि गालव जब प्रात: सूर्यार्घ्य दे रहे थे तभी उनकी अंजलि में आकाश मार्ग से जाते हुए चित्रसेन नामक गंधर्व की थूकी हुई पीक गिर गई। इससे मुनि को क्रोध आ गया। वे उसे शाप देना चाहते थे पर अपनी साधना की हानि होने के भय से उन्होंने जाकर भगवान श्रीकृष्ण से सारी बात बता चित्रसेन को दंड देने को कहा। श्री कृष्ण ने भी गंधर्व की धृष्टता को देखते हुए चौबीस घण्टे के भीतर  उसका वध कर देने की शपथ ले ली। कुछ ही देर बाद वहां देवर्षि नारद पहुंच गए और प्रभू को चिंतित देख उसका कारण पूछने पर श्री कृष्ण ने गालव जी के प्रसंग और अपनी प्रतिज्ञा बता दी। अब नारद मुनि ठहरे नारद मुनि उन्होंने यह बात जा कर चित्रसेन को बता अपनी रक्षा का उपाय करने को कहा। उसने हर जगह जा अपनी रक्षा की गुहार लगाईं पर श्री कृष्ण से कौन दुश्मनी मोल लेता।  हार कर वह फिर नारद की ही शरण में आया जिन्होंने उसे सुभद्रा के पास जा, पहले अपनी रक्षा की प्रतिज्ञा करवा तब पूरी बात बताने को कहा। सारी बात जान सुभद्रा धर्मसंकट में पड़ गयी फिर भी उसने  अर्जुन को सारी बात बता दी। भाग्यवश चित्रसेन अर्जुन का भी मित्र था फिर सुभद्रा का वचन पूरा करना था, अर्जुन पेशोपेश में था फिर भी उसने गंधर्व को  बचाना ही धर्मयुक्त समझा। यह बात जान नारद मुनि ने द्वारका जा श्री कृष्ण को सारी वस्तुस्थिति से अवगत करवा दिया। प्रभू ने नारद को फिर एक बार अर्जुन को समझाने के लिए भेजा पर अर्जुन ने सब सुनकर कहा कि मैं हर समय श्रीकृष्ण की ही शरण में हूं, मेरे पास उन्हीं का बल है, पर उनके दिए हुए क्षात्र धर्म के उपदेश के कारण मैं अपनी बात से विमुख नहीं हो सकता। मैं उनके बल पर ही अपनी प्रतिज्ञा की रक्षा करूंगा। हाँ, प्रभू समर्थ हैं, वे चाहें तो अपनी प्रतिज्ञा छोड़ सकते हैं। देवर्षि ने आ कर फिर सारी बात प्रभू को बताई ! अब क्या था, तुमुल युद्ध छिड़ गया। बड़ी घमासान लड़ाई हुई। पर कोई जीत नहीं सका। अंत में श्रीकृष्ण ने क्रोधित हो सुदर्शन चक्र छोड़ा, इधर अर्जुन ने पाशुपातस्त्र छोड़ दिया। पर प्रलय के लक्षण देखकर अर्जुन को अपनी भूल का एहसास 
 हुआ और उसने भगवान शंकर को स्मरण कर भूल निवारण करने की प्रार्थना की। शिव जी ने दोनों शस्त्रों को रोका और  फिर वे भक्तवत्सल भगवान श्रीकृष्ण के पास पहुंचे और बोले, भक्तों की बात के आगे अपनी प्रतिज्ञा को भूल जाना तो आपका सहज स्वभाव है, ऐसा कई बार  हुआ है। अब इस लीला को यहीं समाप्त कीजिए। प्रभु युद्ध से विरत हो गए। अर्जुन को गले लगाकर उसके घावों को दूर किया तथा चित्रसेन को भी अभय-दान दिया। 

पर गालव ऋषि को यह बात अच्छी नहीं लगी। उनके अपमान का परिमार्जन नहीं हुआ था।  उन्होंने क्रोध में आकर कहा कि मैं अपनी शक्ति प्रकट कर कृष्ण, अर्जुन, सुभद्रा समेत चित्रसेन को भस्म कर दूँगा ! ऋषि के क्रोध से सभी सकते में  आ गए, पर उन्होंने ज्यों ही जल हाथ में लिया, सुभद्रा बोल उठी, मैं यदि कृष्ण की भक्त होऊं और अर्जुन के प्रति मेरा पातिव्रत्य पूर्ण हो तो यह जल ऋषि के हाथ से पृथ्वी पर न गिरे। ऐसा ही हुआ। तब तक गालव ऋषि को भी अपनी भूल समझ में आ गयी थी। उन्होंने प्रभु को नमस्कार कर क्षमा मांगी और अपने स्थान पर लौट गए। 

कल, क्यों हनुमान जी को राम जी के सम्मुख खड़ा होना पड़ा 

शुक्रवार, 26 अगस्त 2016

प्लास्टिक को पहचानें उस पर दिए गए कोड से

आज प्लास्टिक से बनी वस्तुओं को  बिलकुल नकार दिया जाना भी सम्भव नहीं है। पर इनका उपयोग खूब सोच-समझ कर ही करना चाहिए। इन्हें कभी भी गर्म नहीं करना चाहिए। ज़रा सी टूट-फूट होने के बाद इनका उपयोग नहीं करना चाहिए।इसकी श्रेणियों में 1, 2, 4, 5  को उपयोग के लिए सुरक्षित और 3, 6, 7, खासकर 7 को हानिकारक मान कर उनसे बचना या कम उपयोग करना चाहिए ....... 

एक ज़माना था जब हर तरफ कांच का बोलबाला था। हालांकि टीन के डिब्बों-कनस्तरों का भी चलन था पर दूध, पानी, जूस, ठंडे पेय, खाद्य पदार्थ से लेकर दवाऐं, कास्मेटिक आदि का सामान कांच की बोतलों, बर्नियों, शीशियों में ही अधिकतर पाया जाता था। घरों में रसोई या स्नानागारों में काम आने वाले बड़े कंटेनर भी धातुओं के ही हुआ करते थे। फिर समय बदला। लोगों के आम जीवन में प्लास्टिक ने पदार्पण किया और देखते ही देखते उसने समाज के हर हिस्से पर अपना वर्चस्व कायम कर लिया। इसका सबसे बड़ा कारण इसका मजबूत होने के बावजूद हल्का, लचीला, टिकाऊ, कम टूट-फूट वाला, जंग-मोर्चे से दूर, नमी तथा केमीकल रोधक,  साफ़ करने में आसान और सबसे बड़ी बात सस्ता होना था। आज इसे अपने आस-पास, घर-दफ्तर सभी जगह देखा-पाया जा सकता है। फिर चाहे हमारे खाने-पीने का सामान हो, पहनने-सोने का सामान हो, काम में आने वाला सामान हो, खिलौने, कंप्यूटर, फोन, चम्मच-प्लेट, हमारे दांत, चश्मा तथा उसके लेंस यहां तक कि हमारे शरीर के अंदर धड़कने वाला दिल भी इसी से बनने लगा है। 

पर इसके अनगिनत फायदों के साथ ही इसके कुछ नुक्सान भी हैं। जैसे इसके नष्ट न होने के गुण के कारण यह पर्यावरण के लिए खतरनाक साबित होता है। घटिया प्लास्टिक का उपयोग विभिन्न रोगों और बीमारियों को बुलावा देना है। खासकर यह बच्चों के लिए बहुत हानिकारक होता है। इन्हीं बातों को ध्यान में रख सोसायटी आफ ऑफ द प्लास्टिक इंडस्ट्रीज ने इस वस्तु की ग्रेडिंग कर इसे ग्रेड के अनुसार चिन्हित कर दिया है। इन चिन्हों में घडी की दिशा में मुड़े तीन तीरों से बने त्रिभुज के बीच लिखे गए अंकों से उसके स्तर का पता चल जाता है, जिससे जाना जा सकता है कि इस्तेमाल किया जाने वाला आइटम कितना सुरक्षित है। इन्हें 1 से 7 तक के नम्बर दिए गए हैं जिनसे प्लास्टिक के स्तर के साथ-साथ निम्नलिखित बातों की जानकारी भी मिलती है -

1.  Plastic-recyc-01.svgइस चिन्ह वाला प्लास्टिक शीतल पेय, पानी और द्रव्य रखने की बोतलें, मक्खन और जैम के जार इत्यादि के बनाने में काम में लाया जाता है। यह एक बार में काम में लाने के लिए बेहतर होता है। इसे गर्म नहीं करना चाहिए। काफी समय से काम में ना लाई गयी बोतल या डिब्बा भी खतरनाक हो सकता है। इसको रीसायकल कर फिर अन्य सामान बनाया जा सकता है।  यह पारदर्शी, मजबूत, कठोर, तथा तथा गैस और नमी अवरोधक होता है। इसे पॉलीएथाइलीनटेरेफ्थालेट (Polyethylene terephthalate) PET या PETE के नाम से जाना जाता है। 
2.  Plastic-recyc-02.svgयह ज्यादातर पानी के पाइप, छल्ले, खिलौने,  दूध, जूस और पानी की बोतलें, शैम्पू, प्रसाधन  की बोतलें इत्यादि को बनाने के काम आता है। इसे भी रीसायकल किया जा सकता है। यह अपनी मजबूती, कठोरता, नमी प्रतिरोधक, गैस के आवागमन के लिए सुरक्षित होने के कारण काम में लाया जाता है। इसे हाई-डेन्सिटी पॉलीएथाइलीन, HDPE के नाम से जाना जाता है। 

3. Plastic-recyc-03.svg यह जूस की बोतलें,  फिल्में; पीवीसी पाइप, फ्लोरिंग, साइडिंग, टेबल कवर, इत्यादि  बनाने के काम आता है। यह बहुउद्देशीय, पारदर्शी, आसानी से मिश्रित होने वाला, मज़बूत, तथा कठोर होता है।  इसे  पॉलीविनाइल क्लोराइड PVC के  जाना जाता है। इससे बचाव करना चाहिए। इसको बनाते समय कई हानिकारक पदार्थ भी बन जाते हैं। यह आसानी से रिसायकल भी नहीं होता। 

4.  Plastic-recyc-04.svgयह प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों के बैग, लचीली बोतलों, फिल्मों, डिब्बों या जारों के ढक्कन, ट्यूब आदि के बनाने के काम में लिया जाता है। यह अपनी  मजबूती, कठोरता, लचीलापन, सील करने में आसान, नमी अवरोधकता तथा अपनी आसानी से होने वाली प्रोसेसिंग के लिए जाना जाता है। इसे लो-डेन्सिटी पॉलीएथाइलीन, LDPE के नाम से जानते हैं। यह सुरक्षित पदार्थ है। इसकी रिसाइकिलिंग से थैले वगैरह बनाए जाते हैं। 
5.  Plastic-recyc-05.svg इससे रीसायकल योग्य बर्तन, रसोई में तथा माइक्रोवेव में पकाने योग्य डिस्पोजेबल डिब्बे, बर्तन, खाद्य पदार्थों को रखने के डिब्बे, टब, ऑटो पार्ट्स, इंडस्ट्रीयल काम, डिस्पोजेबल कप, प्लेटें इत्यादि बनाए हैं। यह मजबूती, कठोरता, ऊष्मा, रसायन, ग्रीस, तेल, नमी अवरोधक, बहुउद्देशीय पदार्थ के रूप में जाना जाता है। इसे पॉलीप्रोपाइलीन, PP के नाम से जानते हैं। यह सुरक्षित तो है पर इसको रीसायकल कर लेना चाहिए।  
6.  Plastic-recyc-06.svgइसका प्रयोग अंडों को रखने वाले डिब्बे, सूखे मेवों, मूंगफली इत्यादि की पैकिंग, डिस्पोजेबल कप, ग्लास, प्लेटें, ट्रे, कटलरी, डिब्बे, फर्नीचर को पैक करने के फोम इत्यादि बनाने में होता है। विभिन्न कामों में उपयोग में आने वाला यह पारदर्शी आसानी से गठित हो जाने वाला पदार्थ है।  इसे पॉलीस्टाइरीन, PS के नाम से जाना जाता है। इसे सँभाल कर उपयोग में लाना चाहिए यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है। 
7. Plastic-recyc-07.svgइसे ज्यादातर एक्रेलिक, नायलोन और इलेक्ट्रॉनिक आवरण बनाने के काम में लाया जाता है। इसे पॉलिमर के संयोजन से बनाया जाता है। यह सबसे ज्यादा हानिकारक पदार्थ है। इससे बड़े-बड़े पानी के कन्टेनर, केन्स, तेल की टंकियो, डीवीडी, कंप्यूटर केस, आईपैड इत्यादि बनाए जाते हैं। इसे अक्सर पॉलीकार्बोनेट के बदले काम में लिया जाता है। 

आज हर तरफ प्लास्टिक का बोल-बाला है। इन्हें बिलकुल नकार दिया जाना भी सम्भव नहीं है।  इनमें से कुछ पर्यावरण के तथा इंसान के लिए हानिरहित भी हैं। पर अधिकतर हमारे लिए और पर्यावरण के लिए हानिकारक ही हैं। इन्हें कभी भी गर्म नहीं करना चाहिए, जब तक उस पर ऐसा करना हानिरहित न लिखा हो। ज़रा सी टूट-फूट होने के बाद इनका उपयोग नहीं करना चाहिए।  इनका उपयोग भी खूब सोच-समझ कर ही करना चाहिए। इसकी श्रेणियों में 1, 2, 4, 5  को उपयोग के लिए सुरक्षित और 3, 6, 7, खासकर 7 को हानिकारक मान कर उनका कम  उपयोग करना चाहिए। यदि किसी प्लास्टिक की वस्तु पर कोई कोड ना लिखा हो तो उसे ना खरीदना ही बेहतर है।  

संदर्भ अंतरजाल  

सोमवार, 22 अगस्त 2016

खेलों को निष्णात, समर्पित लोगों की जरुरत है !.....ना कि

इस बार के ओलिम्पिक को लेकर खेल संस्थानों ने भी बड़े-बड़े दावे पेश कर हमारी उम्मीदें बढ़ाई हुई थीं। पर कारण कुछ भी हो नतीजों का आशानुरूप ना होना सबको मायूस कर गया। यही मायूसी कुंठा बन कइयों की भड़ास बन गयी। जो कि होना नहीं चाहिए था। पर जब तक खेल से जुड़े, निष्पक्ष, समर्पित लोगों और खिलाड़ियों का जुड़ाव, सलाह या संरक्षण खेलों को प्राप्त नहीं होगा तब तक अपने यहां किसी फेल्प्स, किसी बोल्ट, किसी रिसाको या रूथ का पनपना या उसकी कल्पना करना ही बेमानी होगा....

खेलों का महाकुंभ इतिहास में दर्ज हो गया। पिछले, यानी 2012 के लंदन में हुए ओलिम्पिक में अपनी उपलब्धियों को देखते हुए इस बार सारा देश बहुत ही उत्साहित था। हर कोई पिछली बार से और ज्यादा पदकों की आशा लगाए बैठा था। खेल संस्थानों ने भी बड़े-बड़े दावे पेश कर हमारी उम्मीदें बढ़ाई हुई थीं। पर कारण कुछ भी हो नतीजों का आशानुरूप ना होना सबको मायूस कर गया। यही मायूसी कुंठा बन कइयों की भड़ास बन गयी। जो कि होना नहीं चाहिए था। किसी को भी भूलना नहीं चाहिए कि इतने बड़ी प्रतिस्पर्धा में भाग लेने वाले पर, अपनी कला में पारंगत होने के बावजूद, कितना बड़ा मानसिक दवाब रहता है, जो उनके प्रदर्शन पर प्रभाव डालता है। वह तो कोई-कोई  बिरला खिलाड़ी ही होता है जो अपनी अदम्य इच्छाशक्ति और लौह समान हौसलों से हर विषम परिस्थिति को धत्ता बता अपना लक्ष्य हासिल करने का माद्दा रखता है।   

ऐसे समय जब प्रत्येक भारतवासी के मन में टीस सी है, तो कुछ लोग ऐसे भी हैं जिन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता खेल के नतीजों से या लोगों की निराशा से। इन्हें नाहीं खिलाड़ियों पर भड़ास निकालने वाले जानते हैं नाहीं देश के लोगों को उनका नाम मालुम है। ये वे लोग हैं जो येन-केन-प्रकारेण अपने सरपरस्तों, आकाओं या रसूखदार रिश्तेदारों की वजह से सुयोग हथिया वहां का हिस्सा  बन बैठते हैं पर वहां भी अपनी जिम्मेदारियों से बाज आते ही दिखते हैं, नहीं तो क्या कारण था कि ओलिंम्पिक मैराथॉन जैसी कठिनतम स्पर्धा में भाग लेने वाली 'जैशा' को दौड़ के दौरान पानी तक उपलब्ध करवाने के लिए कोई उपस्थित नहीं था ! विषम परिस्थियों और तेज गर्मी में उसने कैसे दौड़ पूरी की होगी वही जानती है ! जबकि इक्के-दुक्के खेल में मिली सफलता में अपनी उपस्थिति दर्शाने को बेताब ऐसे लोगों को नियमों की अवहेलना करने के कारण शर्मिंदा होना पड़ा था। ऐसे ही लोगों की उपस्थिति खिलाड़ियों का मनोबल कमजोर करने में भी कोई कसर नहीं छोडती। पर इनके दब-दबे से आतंकित-आशंकित ना तो मिडिया ही ज्यादा कुछ बोलता है ना हीं खिलाड़ियों को "साफ्ट टार्गेट" मान उन पर तंज कसने वाले लोग ! पर समय के अनुसार अब धीमी-धीमी, कहीं-कहीं, कभी-कभी ही सही आवाज उठने लगी है कि राजनीति और राजनेताओं को खेलों से दूर ही रखा जाए। पर सोने की मुर्गी को कोई भी छोडना नहीं चाहता ! क्रिकेट का उदाहरण हमारे सामने है। जबकि देश भर के सरकारी संस्थानों या सरकारी संरक्षता में चल रहे किसी भी उद्यम का हाल किसी से छिपा नहीं है। इसलिए जब तक खेलों को निष्णात, निष्पक्ष, समर्पित लोगों और खिलाड़ियों का जुड़ाव, सलाह या संरक्षण प्राप्त नहीं होगा तब तक अपने यहां किसी फेल्प्स, किसी बोल्ट, किसी रिसाको या रूथ का पनपना या उसकी कल्पना करना ही बेमानी होगा।   

विशिष्ट पोस्ट

जिसने सबसे ज्यादा विभिन्न रोगग्रस्त पात्रों का किरदार निभाया

अनेकों बार  Autism, Dyslexia, Progeria, Paraplegia, Alzheimer, Amnesia, Schizophrenia जैसी अनेक  बीमारियों पर, जिनका नाम भी आम लोगों ने सुना...