शनिवार, 16 जनवरी 2010

यह कैसे ज्योतिषी हैं

15 जनवरी, सूर्य ग्रहण का दिन। स्टार प्लस ने अपने सारे भविष्य वक्ताओं को इकट्ठा किया हुआ था। वैसे इस चैनल पर अवतरित होने वाले ऐसे पुरुष या महिलाओं के लटके-झटकों को देख आपको भविष्य नहीं फिल्म जगत की याद आने लगती है।
पता नहीं क्या सोच कर वहीं ज्योतिष की सार्थकता को सिद्ध करने का खेल शुरु हो गया। इस चैनल के एक प्रिय ज्योतिषी हैं, जिनको अपनी नुमाइश का बहुत शौक है। वह पर्दे पर किसी को राह दिखाने की बजाय अपनी असहनीय मुद्राओं और हाव भाव को प्रदर्शित करने में ही अपना सारा ध्यान लगाये रहते हैं। उन्होंने उनके सामने पेश किये गये पात्र के बारे में अपना लेखा जोखा पेश कर दिया। सच्चाई जानने के लिये पात्र की पत्नि को फोन द्वारा बात कर जब महाराज के "प्रिडिक्शन" के बारे में बता उनका जवाब जानना चाहा गया तो उस महिला ने सब कुछ सिरे से नकार दिया। हालांकि ज्योतिषि महाराज ने अपनी तरफ से काफी कोशिश की, महिला का उत्तर बदलवाने की पर उसका जवाब नकारात्मक ही रहा। महाराज का चेहरा अपनी हार कबूल ना कर पा रहा था। कुछ देर बाद शायद उन्हें कुछ सूझा और भारतीय नारी, संस्कृति और संस्कारों का सहारा ले बोले कि कोई भी महिला सरेआम अपने पति के साथ अपने अच्छे-बुरे रिश्तों का खूलासा नहीं करना चाहेगी इसीलिये वह मेरी बातों को गलत बता रहीं हैं, वैसे मेरी सारी बातें सही हैं। पर उनका चेहरा कुछ और ही ब्यान कर रहा था।
इसी बीच एक अन्य ज्योतिषि महाराज उस पात्र को उसके अगले महिने होने वाले हाथ, पैर आंखों, लीवर इत्यादि पर आने वाले खतरों का ब्यौरा देने में जुट गये, जैसे ड़रा धमका कर अपनी बात मनवाना चाहते हों।
फिर उसी चैनल की एक चहेती महिला भविष्य वक्ता उठीं और पात्र के अन्य स्त्री से संबंधों का विवरण देने लगीं।
कुल मिला कर ऐसी नौटंकी देख कर मन दुखी होता रहा जहां एक विद्या को सरे आम अपने अहम का विषय बना कर उसका मजाक बनाया जा रहा था। मुझे तो यह सब सोची समझी साजिश का हिस्सा नजर आता है।स्टार जैसे चैनल कहने को ही भारतीय हैं पर इनकी हिंदी भाषा, वह भी कैसी है बतलाने की आवश्यकता नहीं है, को छोड़ कुछ भी ऐसा नहीं है जो हमारी संस्कृति या हमारी परम्पराओं के अनुरूप कुछ कर रहा हो। उल्टे उनका मजाक बनाना या उन्हें गलत सिद्ध करना ही इनका मुख्य उद्देश्य लगता है। जिसका उदाहरण समय-समय पर मिलता व दिखता रहता है।

सोमवार, 11 जनवरी 2010

माँ

माँ संवेदना है, भावना है, अहसास है।
माँ जीवन के फूलों में खुशबू का वास है।

माँ रोते हुए बच्चे का खुशनुमा पलना है,
माँ सहारा में नदी या मीठे पानी का झरना है।

माँ लोरी है, गीत है, प्यारी सी थाप है,
माँ पूजा की थाली है, मंत्रों का जाप है।

माँ आखों का सिसकता हुआ किनारा है,
माँ गालों पर दुलार, ममता की धारा है।

माँ गर्मी के झकोलों में कोयल की बोली है,
माँ मेंहदी है, कुमकुम है, सिंदुर है, रोली है।

माँ त्याग है, तपस्या है, सेवा है,
माँ प्यार से फूंक कर ठंड़ा किया हुआ कलेवा है।

माँ कलम है, दवात है, स्याही है,
माँ परमात्मा की साक्षात गवाही है।

माँ अनुष्ठान है, साधना है, हवन है,
माँ जीवन के नगर में आत्मा का भवन है।

माँ चूड़ीवाले हाथों के मजबूत बंधन का नाम है,
माँ ही काशी है, काबा है, चारों धाम है।

माँ चिंता है, याद है, हिचकी है,
माँ बच्चे की चोट पर निकली सिसकी है।

माँ चूल्हा, रोटी और हाथों का छाला है,
माँ जीवन की कड़वाहट में अमृत का प्याला है।

माँ धरा है, जगत है, धूरी है,
माँ के बिना यह सृष्टि अधूरी है।

माँ के बिना इस दुनिया में कुछ हो नहीं सकता,
माँ जैसा भी दुनिया में कुछ हो नहीं सकता।

यह सारा कुछ माँ के ही नाम है,
दुनिया की सारी माताओं को प्रणाम है।

@ स्व.ओंम व्यासजी की एक अद्भुत रचना.

रविवार, 3 जनवरी 2010

दादा से बेटा बनते अमिताभ

आज यह ई-मेल मिला जिसे पढ़ कर आप् जान जायेंगे कि क्यों अमिताभ, अमिताभ हैं।
साथ की फोटुओं के साथ पोस्ट बहुत लम्बीईईईईई हो रही थी सो ...............
-
The most Herculean task about the latest release PAA was transforming a 67-year old Amitabh Bachchan into 13-year old child Auro, suffering from a rare disorder called progeria. So come let's take a short run-through over how Amitabh became Auro. The prosthetic makeup, as we know, has been done by Hollywood's Christien Tinsley (THE PASSION OF THE CHRIST, CATWOMAN) and Dominie Till (THE LORD OF THE RINGS TRILOGY).

According to the reports Bachchan's make-up cost 10 per cent of the total budget.

It is learnt that it used to take four to five hours daily for Amitabh Bachchan's makeup to be done for his film PAA.

Not only this, if it used to take four hours to put on the make-up then two hours to remove it.

There are eight different layers of clay which has been put in his make up in the film.

While applying the make up he cannot eat, drink and talk for four hours.

Most of the performance comes out because of the make up.

Big B wore specially designed dentures so as to effortlessly replicate the voice of a 13-year old child.

He gets a lisp and his speech pattern gets altered because of the extra teeth.

He wore the dentures throughout the film's shooting and also had them on while dubbing.

Infact he has also sung a song in his voice wearing these dentures, which sounds like a child.

But Big B never ever showed a sign of panic, on the contrary he was always co-operative, patient, cool and full of enthusiasm.

शनिवार, 2 जनवरी 2010

इनाम और सम्मान बिना मांगे मिले तभी उनकी अहमियत होती है.

इनाम और सम्मान बिना मांगे मिलें तभी उनकी अहमियत होती है। पर कुछ लोग इन्हें किसी भी तरह पाने के लिये कुछ भी करने को तैयार रहते हैं। चाहे उनकी ऐसी हरकतों से वे उपहास का पात्र ही क्यों ना बन जायें। ऐसी ही घटना कुछ दिनों पहले घटी।

मेरे एक मित्र एक यात्रा से एक अनूठी जानकारी ले लौटे, जिसे उन्होंने एक पत्रिका में भेजने के लिये उसके ब्यौरे का प्रिंट आउट निकाल कर अपनी मेज पर रखा हुआ था। तभी उनके एक सहयोगी उस कमरे में आये, उस समय वहां कोई नहीं था, उन्होंने उस कागज को पढा और चुपचाप उसकी फोटोकापी कर अपने कक्ष में चले गये। पर उनकी बदकिस्मती से उनको ऐसा करते एक चपरासी ने देख लिया था पर उस समय वह कुछ समझ नहीं पाया था। लंच के समय जब सब इकट्ठा हुए तो उस यात्रा की बात चली, उसके अनूठेपन के कारण सभी को ज्यादा जानने की उत्सुकता थी। अभी मेरे मित्र ने विस्तार से अपनी बात कहनी शुरु की ही थी कि वही सज्जन वहां आ पहुंचे और बीच बीच में ऐसे बोलने लगे जैसे उन्हें उस जगह की सारी जानकारी हो। पर जब किसी ने पलट कर उस बारे में और कोई सवाल पूछ लिया तो उनकी नीम हकीमी काम ना आयी और वह फिर अपने कमरे की ओर लौट गये पर जल्दि ही अपना पेपर वर्क पूरा कर फिर वापस आ गये और फिर अपना ज्ञान बघारने लगे। पर अब तक उस चपरासी ने सब देख सुन समझ उनकी फोटो कापी की बात सब को बता दी थी। वैसे भी उनकी DEPTH भी सभी को पता थी तो सब मन ही मन मुस्कुराते हुए उन्हें तरह-तरह से कुरेदते रहे जिस पर उनकी नीम हकीमी भी उन्हें धोखा दे उपहास का पात्र बनाती रही।

लोग ऐसा क्यों करते हैं? शायद मन ही मन ऐसे लोग हीन ग्रंथियों से पीड़ित होते हैं और उन्हें लगता रहता है कि लोग उन्हें तरजीह नहीं देते। फिर यदि ये ऊपर वाले की मेहरबानी से किसी ठीक-ठाक सी कुर्सी को हथियाने में कामयाब हो जाते हैं तो रोज अपने लिये ही मुश्किलें पैदा करते रहते हैं। कभी कोई इन्हें देखे बगैर निकल जाये तो इनका मुंह फूल जाता है, कभी कोई इन्हें "विश" ना करे तो इनका रक्त चाप बढ जाता है। पर ऐसे लोग कभी आगे बढ कर दूसरों की इज्जत करने में अपनी हेठी समझते हैं भले ही मालिक इनकी रोज सब के सामने ऐसी की तैसी करते रहें। इनको शायद पता ही नहीं होता कि इज्जत-मान बाजार से खरीदने की वस्तुएं नहीं हैं, उन्हें अपने व्यवहार, अपने कर्म और अपनी लियाकत से अर्जित किया जाता है।

आपके आस-पास भी तो ऐसे लोग होंगे ही?

भगवान ऐसे लोगों को सदबुद्धि दे या अन्य लोगों को इनसे बचाये।

शुक्रवार, 1 जनवरी 2010

साल भर में ही वृद्धावस्था को प्राप्त बच्चा जाते समय तो हमें दुआ दे !

वर्षों से परंपरा रही है हर साल के अंतिम दिन, आने वाले साल को बच्चे के रूप में तथा जाते हुए साल को वृद्ध के रूप में दिखाने की। हर बार इसे देख मन में यह बात उठती रही है कि कोई बच्चा एक साल में ही गज भर की दाढी और झुकी कमर वाला वृद्ध कैसे हो जाता है। हर बार बात आयी-गयी हो जाते थी।

पर इधर फिल्मों ने नयी-नयी बिमारियों को आम आदमी से परिचित करवाया तो अपने भी ज्ञान चक्षु खुले। गहन शोध के बाद यह बात सामने आयी कि यह बिमारी तो "पा" की बिमारी से भी खतरनाक है। "पा" वाली तो फिर भी अपने रोगी को कुछेक साल दे देती है और उससे ग्रसित एक दूसरे के बारे में देख सुन धीरज धरने वाले दस-पांच रोगी मिल भी जाते हैं। पर यह साल दर साल लगने वाली बिमारी एक बार में एक ही को लगती है और उसको समय भी देती है तो कुछ महिनों का। खोज से यह बात भी सामने आयी है कि इस रोग को बढाने में आस-पास के माहौल का भी बहुत बड़ा हाथ होता है। प्रदुषित वातावरण का प्रभाव इस पर जहर का असर करता है।

अब ऐसे माहौल में जहां इंसान ने भगवान को ही बेच खाया है, जहां बेटियां अपने बाप के आश्रय में ही सुरक्षित नहीं हैं, देश की तो दूर रही जहां औलादें अपने मां-बाप को नोच-खसोट कर सड़क पर धकेल देती हों, जहां किसी की भी बहु-बेटी की आबरू पर लोग गिद्ध दृष्टि लगाये रखते हों, जहां चोर, उच्चके, कातिल ही भगवान बनते, बनाये जाते हों, जहां इंसान की करतूतों के आगे शैतान भी पानी भरता हो उस वातावरण में उस माहौल में वह देवतुल्य अच्छा भला निर्दोष बच्चा कैसे साल भर गुजारता होगा वही जानता है। साल भर में ही अपनी ऐसी की तैसी करवा यहां से निजात पा वह भी सुख की सांस लेता होगा।

कुछ किया भी नहीं जा पा रहा है। अब तो यही कामना है कि आज आये इस शिशु को कम से कम पीड़ा का बोध हो। इस नामुराद बिमारी से तो निजात नहीं पा सकता। पर जाते-जाते इसके मुंह पर संतोष की छाया रहे। हमारे प्रति कृतज्ञ रहे कि इसको जितना भी समय मिला उसे हमने शांति और चैन से गुजारने दिया।

गुरुवार, 31 दिसंबर 2009

जब सारे जाने कह रहे हैं कि कल नया साल है, तो जरूर होगा

सभी "अनदेखे अपने" भाई-बहनों के लिए कल और हर आने वाला हर दिन खुशी समृद्धी तथा स्वास्थ्य लेकर आये।

दुनिया के साथ ही हम सब हैं। जब सारे जने कह रहे हैं कि कल नया साल है तो जरूर होगा। सब एक दूजे को बधाईयां दे ले रहे हैं, अच्छी बात है। जिस किसी भी कारण से आपसी वैमनस्य दूर हो वह ठीक होता है। चाहे उसके लिये विदेशी अंकों का ही सहारा लेना पड़े। अब इस युग में अपनी ढपली अलग बजाने का कोई मतलब नहीं रह जाता है। वे कहते हैं कि दूसरा दिन आधी रात को शुरु होता है तो चलो मान लेते हैं क्या जाता है। सदियों से सूर्य को साक्षात भगवान मान कर दिन की शुरुआत करते रहे तो भी कौन सा जग में सब से ज्यादा निरोग, शक्तिमान, ओजस्वी आदि-आदि रह पाये। कौन सी गरीबी घट गयी कौन सी दरिद्रता दूर हो गयी।
हर बार की तरह कल फिर एक नयी सुबह आयेगी अपने साथ कुछ नये अंक धारण किये हुए। साल भर पहले भी ऐसा ही हुआ था। होता रहा है साल दर साल। आगे भी ऐसा ही होता रहेगा। जो सक्षम हैं उन्हें एक और मौका मिल जाता है, अपने वैभव के प्रदर्शन का, अपनी जिंदगी की खुशियां बांटने, दिखाने का, पैसे को खर्च करने का। जो अक्षम हैं उनके लिये क्या नया और क्या पुराना। कल सुरज उगते ही वही चिंता, काम मिलेगा कि नहीं, चुल्हा जल भी पायेगा कि नहीं, बच्चों का तन इस ठंड में ढक भी पायेगा कि नहीं। उसको तो यह भी नहीं पता कि जश्न होता क्या है।
कुछेक की चिंता है कि इतने पैसे को खर्च कैसे करें और कुछ की कि इतने से पैसे को क्या खर्च करें। इन दिनों जो खाई दोनों वर्गों में फैली है उसका ओर-छोर नहीं है।
वैसे देखें तो क्या बदला है या क्या बदल जायेगा। कुछ कैसे भी जोड़-तोड़ लगा, साम, दाम ,दंड़, भेद की नीति लगा, किसी को भी कैसी भी जगह बैठा अपनी पीढी को तारने का जुगाड़ बैठाते रहेंगे। कुछ भेड़ों की गिनती करवा खुद को खुदा बनवाते रहेंगे। कुछ सदा की तरह न्याय की आंखों पर बंधी पट्टी का फायदा उठाते-उठवाते रहेंगे, और कुछ सदा की तरह कुछ ना कर पा कर कुढते-कुढते खर्च हो जायेंगे।
इस सब को अन्यथा ना लें। किसे दुर्भावना या पूर्वाग्रह से ग्रस्त भी नहीं है यह पोस्ट। अपनी तो यही कामना है कि कल आने वाला ही क्यों हर दिन अपने देश और देशवासियों के साथ-साथ इस धरा पर रहने वाले हर प्राणी के लिये खुशहाली, सुख, स्मृद्धी के साथ-साथ सुरक्षा की भावना भी अपने साथ लाये।

सोमवार, 28 दिसंबर 2009

वृद्धा ने शिवाजी को दी शिक्षा

शिवाजी महाराज ने मुगल सल्तनत के खिलाफ जंग शुरु कर दी थी। उनकी छापामार युद्ध नीति से औरंगजेब की नाक में दम आ गया था।
ऐसे ही एक बार शिवाजी ने एक गांव मे पड़ाव डाला। इनके खाने का इंतजाम एक वृद्धा के घर मे था। वह शिवाजी महाराज को तो जानती थी पर उनके चेहरे से अनभिज्ञ थी। वह यही समझ रही थी कि वह महाराज के सैंनिकों को भोजन करा रही है। कुछ ही देर मे उसने गरम-गरम चावल-दाल परोस दिया और मनुहार कर खिलाने लगी। शिवाजी जल्दी मे थे उन्होंने थाली सामने आते ही खाना शुरु किया ही था कि भोजन की गर्मी के कारण उन्हें हाथ खींच लेना पड़ा। यह देखते ही वृद्धा बोली, तू भी अपने महाराज की तरह बावला है। वह भी सीधे राजधानी पर हमला कर नुक्सान उठाता है और तू भी भोजन को बीच मे से खाना शुरु कर हाथ जलवाता है। अरे पगले, अपने महाराज को चाहिये कि वे पहले छोटी-छोटी जगहों पर विजय प्राप्त करें जिससे पीछे से हमला होने का ड़र खत्म हो जाये फिर सारी ताकत लगा राजधानी पर टूट पड़ें। उसी तरह तू भी खाना किनारे से शुरु कर, इससे खाना ठंड़ा भी हो जायेगा और तू आराम से खा भी पायेगा।
शिवाजी महाराज अपने इस नये गुरु का मुंह देखते रह गये। खाना खत्म कर उन्होंने वृद्धा के चरण स्पर्श किये और आगे बढ़ गये।

इतिहास गवाह है कि इसके बाद युद्ध में फिर कभी उन्हें पीछे मुड़ कर नहीं देखना पड़ा।

विशिष्ट पोस्ट

जिसने सबसे ज्यादा विभिन्न रोगग्रस्त पात्रों का किरदार निभाया

अनेकों बार  Autism, Dyslexia, Progeria, Paraplegia, Alzheimer, Amnesia, Schizophrenia जैसी अनेक  बीमारियों पर, जिनका नाम भी आम लोगों ने सुना...